रविवार, 9 दिसंबर 2012

बैठे ठाले - ३

नई गाड़ी चलाने का रोमांच कुछ और ही होता है. मैं अपने १९ वर्ष पुरानी मारुती ८०० को एक एक्सचेंज ऑफर के तहत बदल कर, नई नैनो सी एक्स लेकर, घर आया तो देखा घर के गेट पर एक नौजवान भिखारी जिसकी उम्र लगभग २०-२२ वर्ष रही होगी, अपनी ढोलक पर थाप देता हुआ सुरीली आवाज में कुछ गा रहा था. वह बिलकुल देसी ठाठ में था. कुर्ता, काली वास्कट, धोती, गले में गेरुए रंग का दुपट्टा और सर पर साफ़ सुथरी सफ़ेद गांधी टोपी. माथे पर चन्दन तथा गले मे कंठीमाला. मैंने देखा कि ढोलक की तनियों में उसने दस दस रुपयों के बहुत सारे नोट फंसा रखे थे जिसका सन्देश यह था कि वह दस रुपयों का नोट ही स्वीकार करता था या लोग इससे कम उसे दिया ही नहीं करते हैं.

कोई लूला-लंगड़ा हो, अपाहिज हो, तो संस्कारवश कुछ न कुछ उसके दानपात्र में डालने में मन को खुशी होती है, लेकिन एक हृष्ट-पुष्ट जवान भीख मांगे तो बहुत बुरा लगता है, चाहे वह किसी भी वेश में हो. मैं अक्सर ऐसे भिखारियों को डांट-डपट कर भगा दिया करता हूँ. इसी क्रम में मैंने उससे भिड़ते ही कहा, “तुम सब प्रकार से सक्षम और तंदरुस्त हो, तुम्हें भीख माँगते हुए शर्म नहीं आती?”

उसने दीनता से कहा, “साहब, मैं तो बचपन से यों ही भजन गाकर माँगता हूँ. मैं जोगी जाति से हूँ, माँगकर खाना हमारा पेशा है.”

इतने में मेरी श्रीमती अन्दर से पाँच रुपयों का सिक्का लेकर उसे देने के लिए आई तो मैंने उससे कहा, “मत दो इसे, इसकी आदत देने वालों ने ही खराब कर रखी है. इसलिये ये कोई काम नहीं करता है.”

“अरे, जाने भी दो, अब दरवाजे पर आस लेकर आया है,” कहते हुए उसको रूपये देने लगी तो माँगने वाले ने अपना स्वाभिमान दिखाते हुए तेवर बदल लिए और बोला, “मुझे नहीं चाहिए तुम्हारे रुपये.” इतना कह कर वह बिना पीछे मुड़े चल दिया और अगले घर के आगे ढोलक के साथ भजन गाने लगा. यद्यपि मैंने अपनी श्रीमती के सामने यह दर्शाने की मुद्रा बनाई कि उस भिखारी को भगाने का मुझे कोई अफसोस नहीं था, लेकिन मन ही मन मुझे बहुत ग्लानि हो रही थी कि दर पर आया भिक्षुक अस्वीकृति के साथ चला गया था.

मुझे संत कबीर का वह दोहा स्मरण हो आया, जिसमें उन्होंने लिखा है, “साईं इतना दीजिए जा में कुटुंब समाय, मैं भी भूखा ना रहूँ साधु न भूखा जाय."

यह सनातनी व्यवस्था है जिसमें भिक्षाकर्म को भी एक सीमा तक मान्यता दी गयी है. साधु-संत, फ़कीर या जोगी सभी साधिकार आज भी गाँव-घरों में भिक्षा के लिए आते हैं और समर्थ लोग इसे भी धर्म की व्यवस्था मान कर दान देते हैं. (यहाँ मैं उन साधु-मठाधीशों की बात नहीं कर रहा हूँ, जो दिखावा कुछ करते हैं, और पांच-सितारा सुविधाएँ भोगा करते हैं.)

मुसलमानों में भी ईद के पहले या बाद में जकात (दान) देने का प्रावधान है. वहाँ तो बकायदा आमदनी का दस प्रतिशत तय है, चाहे लोग उसका सही तरीके से पालन करें या नहीं, पर नियम प्रतिपादित है.

मूल बात, मैंने अपनी नई नवेली नैनो को गैरेज में डाल कर, घर में खुशियों की चाबियाँ लेकर प्रवेश किया और अपने लैपटाप पर अपनी डाक देखने की प्रक्रिया शुरू की तो फेसबुक पर अपने एक सुह्रद मित्र श्री राकेश सारस्वत द्वारा डाली गयी एक दिल को छूने वाली छोटी सी रचना पढ़ कर अभिभूत हो गया. मैंने राकेश जी को बहुत साधुवाद दिया कि बड़ी प्यारी व यथार्थ को बांचती हुई पन्क्तियाँ उन्होंने प्रेषित की हैं. रचना का आशय इस प्रकार है:
"जब घर में विलासिता के नाम पर सिर्फ एक टेबलफैन था, माँ जब रोटिया बनाती थी, तो पहली रोटी गाय की, और फिर घर के सदस्यों के लिए, तथा अंत में कुतिया के नाम की रोटी बनाती थी. अन्न में चींटियों, चिड़ियों, गिलहरियों का भी हिस्सा होता था. काली कुतिया के ब्याने पर तेल-गुड़ का हलवा खिलाया जाता था, पर आज घर में गाड़ी है, ए.सी. है, फ्रिज-टीवी-कंप्यूटर व तमाम आधुनिक फर्नीचर है, लेकिन यदि कोई भिक्षुक गुहार लगाये तो उसे केवल दुत्कार मिलती है. खिड़की से मात्र कर्कश आवाज बाहर निकलती है."
भावार्थ यह है कि पहले जब कुछ नहीं था तो सब कुछ था, और अब सब कुछ होते हुए भी कुछ नहीं है.

इस रचना को पढ़कर मैं अपनी "खुशियों की चाबी" पर गंभीरता पूर्वक सोचने लगता हूँ कि यह वैचारिक  युगान्तकारी परिवर्तन हमें कहाँ ले जा रहे हैं और हमारे अंत:करण को अंत में  कितनी खुशी दे पायेंगे.
***

शुक्रवार, 7 दिसंबर 2012

आनुली आमा

आज से पचास/पछ्पन वर्ष पहले जब पण्डित हरीशचंद्र लोहनी का ब्याह रीति रिवाजों के अनुसार आनंदी उर्फ आनुली देवी के साथ हुआ और वे बारात के साथ दुल्हन की डोली लेकर अपने घर लौटे तो बहिनों, भाभियों तथा कौतुकी महिलाओं को वह बिलकुल पसंद नहीं आई. वे सभी मुँह बिचकाते हुए नई दुल्हन को जैसे अस्वीकार कर रही थी. कारण यह था कि बेचारी आनुली पैदाइशी मंदबुद्धि थी. जैसा कि आमतौर पर देखा जाता है, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण मानसिक बीमारी होती है, जिसके चेहरे पर भी लक्षण दिखते हैं, जैसे आँखें बड़ी बड़ी बाहर को उभरी दीखती हैं, माथा असामान्य रूप से बड़ा हो जाता है और सुनने समझने की क्षमता भी अनियमित रहती है.

इसमें आनुली का तो कोई कसूर नहीं था, पर घर परिवार वालों ने उसकी डोर तेज-तर्रार हरीशचंद्र से बाँध दी. शादी कराने वाले बिचौलिए पुरोहित जी को तो अपनी दक्षिणा से मतलब होता है. जन्म लग्न-चिन्ह कुंडली का मिलान किया और २८/३६ गुण मिला दिये. लड़का-लड़की की पसंद/नापसंद पूछने का तब चलन भी नहीं था और पंडितों में केवल खानदान की कुलीनता पर विचार किया जाता था.

नई नवेली के बारे में जब सब तरफ से बदसूरती की बातें सुनाई पड़ी तो हरीश के दिल को बहुत आधात लगा. अगले ही दिन वह ‘दुर्कूण पलटाने’ (मायके की देहरी का दूसरी बार फेरा लगाने की रस्म) के लिए पत्नी आनुली को उसके मायके ले गया. रास्ते के पहाड़ी पगडंडियों पर पैदल चलते हुए हरीश के मन में बार बार तूफ़ान सा उठ रहा था. वह पत्नी से दूरी बना कर चलता रहा. आनुली की मन:स्थिति क्या रही होगी, कहा नहीं जा सकता. अगली सुबह वह उसे मायके में ही छोड़कर बिना सास-ससुर से विदाई लिए चुपके से अपने गाँव लौट आया.

सब तरफ चर्चा रही कि हरीश ने दुल्हन ‘छोड़ दी’ यानि त्याग दी. “धोखा हुआ है” हरीश के माता-पिता का ये कहना कुछ हद तक सही था. सुन्दर होनहार लड़के का जीवन उस अधपगली के साथ कैसे निभता. लड़की वालों को तो आनुली की असलियत मालूम थी. उन्होंने कन्यादान की रस्म पूरी करके अपना धर्म पूरा कर लिया और अपने परलोक के लिए पाप की गठरी नहीं रखी, पर अब ब्याहता आनुली जब मायके में ही रह गयी तो कहने लगे कि ‘इसके भाग्य में विधाता ने ऐसा ही लिखा होगा’ लेकिन आनुली तो अपनी नासमझी में भी खुद को सधवा-सुहागिन समझती रही और यों ही दिन काटती रही. मन में शिकवा शिकायत रही भी होगी तो उसने कभी प्रकट नहीं किया. भतीजियाँ, भाभियाँ या उनकी बहुवें जब कभी हरीश का नाम लेकर उसे छेडती थीं तो वह नादान बालिकाओं की तरह शरमा जरूर जाती थी यानि उसके मन में कहीं ना कहीं अपने निर्मोही पति की मूरत बसी जरूर थी.

इधर अगले वर्ष हरीशचंद्र की दूसरी शादी कर दी गयी. उसकी गृहस्थी की गाड़ी चल पडी. कालान्तर में उसके दो बेटे और दो बेटियाँ हुई. आनुली को पूरी तरह भुला दिया गया. वह अपने भाइयों के परिवार के साथ लावारिस पलती रही. उसको कोई गम भी नहीं था वह उम्र के तमाम पड़ाव पार करती रही. दोनों पक्षों के बुजुर्ग अपनी उम्र के अनुसार संसार से विदा होते रहे. एक दिन ७५ साल की उम्र में पण्डित हरिश्चन्द्र लोहनी भी स्वर्गवासी हो गए.

आनुली को इस सूतक में हरीश के लड़कों के पास लाया गया. उसने भी पत्नीधर्म के अनुसार अपनी चूड़ी-चरेऊ तोड़ी और मृत पति को तिलांजलि दी तथा श्राद्ध कर्मों में पानी-पुष्प चढ़ाया.

हरीश चन्द्र की दूसरी पत्नी व बेटों ने आनुली के बारे में केवल सुना ही था, कभी मिले नहीं थे. अब इस अवसर पर जब वह साथ रही तो वे सभी उसकी मासूमियत और निश्छलता पर इतने द्रवित हुए कि उसको क्रियाकर्म के बाद भी अपने पास ही रोक लिया.

हरीश लोहनी के नाती-पोतों के लिए ‘आनुली आमा’ एक अजूबी तो थी, पर सभी ने उसे परिवार के सदस्य के रूप मे स्वीकार कर लिया. आनुली आमा को अब इहलोक से ज्यादा परलोक की फ़िक्र है. उसे दीन दुनिया की ज्यादा खबर तो नहीं है, पर वह संस्कारवश यह मानती है कि मरने के बाद ये बेटे ही उसको सदगति दिलाएंगे. वह बेटों से कहती भी है कि “जब मैं मर जाऊंगी तो मेरी अस्थियां-फूल चुन कर तुम हरिद्वार में अपने बाप की अस्थियों वाली जगह पर गंगा जी में डाल कर आना.” उसकी इस आस्था पर सबको दया आती है.
***

बुधवार, 5 दिसंबर 2012

पहाड़िन

प्रकृति ने स्त्री और पुरुष दोनों में किसी को भी विशेषाधिकार दिये बिना पैदा किया, पर हमारे पुरुषप्रधान समाज में कानूनों के परे यदि कोई पुरुष यौन अपराध करे तो उसे उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता है, जबकि स्त्री को छोटी सी गलती पर भी दण्डित होना पडता है. होना यह भी चाहिए कि सीता जैसी पत्नी की अपेक्षा करने वाले स्वयं भी राम के चरित्र वाले हों. इस विषय में समाज की विद्रूपताएं अनेक बार प्रकाश में आती हैं, और नहीं भी आ पाती हैं. एक दुर्भाग्य की मारी स्त्री के कहानी इस प्रकार है:

२३ वर्षीय गोविन्द वल्लभ जोशी नया नया पंचायत सेक्रेटरी बना और ट्रेनिंग पाकर सीधे अपनी नियुक्ति में नैनीताल जिले के तराई में बरेली जिले की सीमा के पास लोकाती गाँव पहुँचा. तब उत्तराखंड अलग राज्य नहीं बना था और ना ही उधमसिंह नगर नाम के अलग जिले का उद्भव हुआ था.

गोविन्द जोशी जब कुर्मी आदिवासियों के इस देहाती गाँव को तलाशते हुए वहाँ गया तो ग्रामीणों ने परिचय में उससे उसके बारे में पूछा, “कहाँ के रहने वाले हो? कौन जात हो? आदि." गोविन्द ने सभी सवालों के जवाब दिये. बताया कि "वह पहाड़ का रहने वाला है, जाति से ब्राह्मण है, अभी अविवाहित है." इसी वार्तालाप के दौरान एक नौजवान ने कहा कि “हमारे नन्हे चाचा की जोरू भी पहाड़िन है,” तो गोविन्द को उत्सुकता हुई और उसने कहा कि “चलो मुलाक़ात कराओ.”

पता नहीं लडकों में से कैसे और किसने सुर्रा छोड़ दिया कि "पहाड़िन चाची का भाई आया है," बस फिर क्या था, गोविन्द को बाइज्जत नन्हे के घर ले जाया गया. नन्हे लगभग ५० वर्ष का काला कलूटा, चेहरे पर चेचक के बहुत से गहरे दाग व बड़ी बड़ी मूछों वाला आदमी था. उसको सब लोग लम्बरदार भी कह रहे थे. बातचीत शुरू हुई तो लम्बरदार ने गोविन्द को प्यार से ‘साले साहब’ भी पुकारा. यद्यपि गोविन्द यह सुन कर कुछ असहज हुआ, पर अपनापन पाकर उसे अच्छा भी लगा.

बहुत देर बाद पहाड़िन यानि कलावती झेंपते हुए प्रकट हुई. वह लगभग ४० साल की सुन्दर, सुडौल व गोरी-चिट्टी औरत थी. गोविन्द ने सहजता से नमस्कार किया तो कलावती की आँखें भर आई. उस वक्त ज्यादा कुशल बात पूछने का अवसर नहीं था. लम्बरदार ने पंचायत कार्यालय के पास ही गोविन्द के रहने-ठहरने की व्यवस्था कर दी.

गोविन्द जोशी के मन में कई दिनों तक ‘पहाड़िन’ के बारे में जानने के लिए कौतुहल रहा कि पहाड़ी औरत इस कुर्मी-भुर्जी लोगों के गाँव तक कैसे  पहुँची होगी? नन्हे-कलावती की १२ वर्षीय बेटी भवानी और १० वर्षीय बेटा छोटू गोविन्द को ‘मामा’ संबोधन से पुकारने लगे थे, और माँ द्वारा भेजी गयी खाने पीने की चीजें उसको पहुंचाते थे. गोविन्द ने उनसे उनकी माँ के बारे में बहुत सी जानकारी ले ली, पर वे यह नहीं बता सके कि वह इस आदिवासी गाँव में कैसे आई?

एक दिन गोविन्द ने जब कलावती से जिज्ञासावश अकेले में पूछ ही लिया, “दीदी, तुम यहाँ कैसे पहुंची?” यह प्रश्न सुन कर कलावती बहुत उदास हो गयी और बोली, “भैय्या, ये सब भाग्य का चक्कर था. मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि अपने घर-परिवार, माँ-बाप, भाई-बहिनों से इस तरह दूर हो जाऊंगी. अब तुम भाई बन कर आये हो तो सच्चाई ये है कि मैं द्वाराहाट के सीलोन गाँव की ब्राह्मण परिवार की बहू थी. पति फ़ौज में थे, उनकी अनुपस्थिति में मुझ से एक भूल हो गयी. मैं एक पड़ोसी को अपना समझ बैठी. उसने मुझ से ऐसा धोखा किया कि मैं बदनाम हो गयी. बात इतनी बिगड़ गयी कि गाँव वालों ने मुझे गाँव से निकाल दिया. मैं बेसहारा, बदहवास होकर बस से हल्द्वानी आ गयी. वहाँ मेरी एक बुआ रहती है, पर उसके घर का पता मेरे पास नहीं था तभी मुझे एक आदमी मिला, जिसे मैंने अपना हमदर्द समझा लेकिन उसने सहारा देने के नाम पर मुझे इस लम्बरदार को बेच दिया. अब यही मेरा घर है, यही मेरा सँसार है.” यह बयान करते हुए उसके गालों में आंसू ढुलक पड़े.

गोविन्द जोशी बताते हैं कि “मैं जब तक उस गाँव में पंचायत सेक्रेटरी रहा उस परिवार को अपना समझता रहा और कलावती को अपनी बहिन के रूप में देखता रहा. दो वर्षों के बाद मैंने पंचायत सेक्रेटरी की नौकरी छोड़ कर पन्तनगर कृषि विश्वविद्यालय में बतौर अकाउंट्स क्लर्क नियुक्त हो गया. यह ३५ साल पुरानी दास्तान है.”

गोविन्द जोशी आगे बताते हैं, “मैं धीरे धीरे उस रिश्ते को भूलता गया क्योंकि अपनी शादी होने के बाद मैं अपनी गृहस्थी में व्यस्त हो गया. उसके लगभग १० वर्षों के बाद एक दिन नन्हे लम्बरदार और उसकी पत्नी कलावती मुझे ढूंढते हुए पन्तनगर आ पहुंचे. मुझे बहुत अच्छा लगा. मैं उनको आवासीय परिसर में अपने क्वार्टर पर ले गया. मेरी पत्नी ने उनका अपने रिश्तेदारों की तरह स्वागत-सत्कार किया.

कलावती दीदी ने बताया कि वह इन वर्षों में मुझे बहुत याद करती रही. उसने अपना दर्द इन शब्दों में बयान किया, “मुझे लगता है कि मैं कहीं लंका में जा बसी हूँ और जीवन में कभी भी अयोध्या नहीं लौट पाऊँगी.”

उसका इस प्रकार सोचना स्वाभाविक है. कोमल नारी ह्रदय अपने बचपन, सगे सम्बन्धियों, रीति-रिवाज व संस्कारों से बिछुड़ने के बाद ऐसी त्रासदी झेलने को मजबूर था. एक भूल ने उसका सब कुछ बदल कर रख दिया था.
***

सोमवार, 3 दिसंबर 2012

झोलाछाप

झोलाछाप शब्द का प्रयोग उन चिकित्सकों के लिए प्रयोग किया जाता है, जो बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री/डिप्लोमा के ही कार्यरत हैं. अंग्रेजी में इनको ‘क्वैक्स’ कहा जाता है. इन चिकित्सकों को दो प्रकार से देखा जाता है: एक तो यह कि इनको शरीरक्रिया विज्ञान तथा द्रव्यगुण विज्ञान की कोई जानकारी नहीं होती है और ये उन लोगों के जीवन से खिलवाड़ करते हैं जिनको ये पता ही नहीं होता है वह चिकित्सक योग्य है या नहीं. क्योंकि आजादी के ६५ सालों के बाद भी हमारे देश में अशिक्षा और अज्ञानता चारों ओर फ़ैली पड़ी है.

दूसरा यह कि हमारा देश इतना विशाल है जिसकी जनसंख्या सवा अरब के पार जा चुकी है, जिसको सँभालने के लिए योग्यता प्राप्त डॉक्टरों/वैद्यों/हकीमों की संख्या बहुत कम है. अधिकांश योग्य चिकित्सक शहरों में ही अपना ठिकाना बना लेते हैं, वहीं नौकरी या प्राईवेट प्रेक्टिस करते हैं. सरकारों के लाख चाहने पर /आर्थिक प्रलोभन बढ़ाने पर भी वे गाँव-देहात में नहीं जाना चाहते है, जबकि तीन चौथाई आबादी गावों में ही बसती है तथा उन्हें स्वास्थ्य सम्बन्धी निगरानी की अधिक आवश्यकता होती है.

सच तो यह है कि ‘चिकित्सा’ अब कोई सेवा का मिशन नहीं रहा है. यह व्यवसाय बन गया है. व्यवसाय के रूप में भी लूट का जरिया बन गया है. बड़े बड़े डॉक्टरों ने अपनी दुकानें (अस्पताल) खोल ली हैं, जिनमें पहले कंसल्टेंसी के रूप में तगड़ी फीस ली जाती है और फिर स्वयं द्वारा नियोजित लैब/डाईग्नोसिस सेंटर्स में आवश्यक/अनावश्यक टेस्ट करवाकर मरीज को छील लिया जाता है.

देश में दवाओं का यह हाल है कि उनकी लागत व खुदरा कीमत में १००-२०० गुना का फर्क होता है. कई नामी कंपनियां अपने रिटेलर्स को २५ से ५० प्रतिशत तक का कमीशन दिया करती हैं. बिकने वाली दवाओं में भी लिखने वाले डॉक्टरों का कमीशन तय रहता है. इस सब के बावजूद तुर्रा यह है कि दवा असली है या नकली इसकी कोई गारंटी नहीं होती है. एक प्रबुद्ध कैमिस्ट का बयान है कि “दवाओं के असली या नकली होने की पहचान हम खुद ही नहीं कर पाते हैं.”
\
यह गंभीर चिंता का विषय है कि सरकारी अस्पतालों को उपलब्ध होने वाली दवाओं में गुणवत्ता और कीमत में कितना घोटाला हो रहा है? इसी सन्दर्भ में उत्तर प्रदेश के कई सी.एम.ओ. मारे गए हैं, अथवा लिप्त पाए गए हैं.
इस परिदृश्य में लाखों झोलाछाप डॉक्टर/वैद्य/हकीम, प्रतिबंधित/शेड्यूल्ड दवाओं-इंजेक्शनों का धड़ल्ले से प्रयोग कर रहे हैं और कमाई कर रहे हैं. इनसे ईलाज कराने में हर आम गरीब आदमी को लगता है कि कन्सल्टिंग फीस तथा डाईग्नोसिस सेंटर का खर्चा बच गया. स्वस्थ होने वाला मरीज बहुत सस्ते में निबटने पर राहत महसूस करता है.

जहाँ तक राहत महसूस करने की बात है एक अध्ययन से यह निष्कर्ष निकाला गया कि ९५% रोगी तो हवा-पानी और अपनी प्रतिरोधात्मक क्षमता से कुछ दिनों में स्वत: ठीक हो जाते हैं, पर लाक्षणिक चिकित्सा से उनको लगता है कि दवा से ठीक हुए हैं. शेष ५ प्रतिशत में से ३ प्रतिशत अवश्य दवाओं का लाभ पाते हैं, बाकी बचे हुए दो प्रतिशत ऐसे होते हैं, जिनको योग्य चिकित्सक व सही डाईग्नोसिस की जरूरत होती है. अगर ये उपलब्द्ध हो गए तो ठीक, अन्यथा मृत्यु तो एक शाश्वत सत्य है, चाहे वह गलत दवाओं के कारण अकाल ही आ गयी हो.

झोलाछाप चिकित्सकों की योग्यता पर सवाल उठाने तथा उनके विरुद्ध कार्यवाही करने की माँग करने वाले मुख्यत: वे योग्यता प्राप्त डॉक्टर या उनके संगठन होते हैं, जिनके आर्थिक हितों पर इनकी वजह से कमी आती है. केन्द्र/प्रदेश सरकारों ने चिकित्साधिकार देने वाली मेडीकल काउंसिलें बना रखी हैं, लेकिन उनकी निगरानी कितनी कारगर होती हैं, उस पर भी अनेक संदेह हैं. जो पंजीकृत कैमिस्ट या वैद्य कई साल पहले गुजर चुके हैं, उनके सर्टीफिकेट आज भी लाइसेंस के रूप में दुकानों पर टांगे हुए मिलेंगे. आदमी कहीं नौकरी कर रहा है और उसका सर्टीफिकेट किराए पर कैमिस्ट को दिया गया है. ड्रग इन्स्पेक्टर/हेल्थ ऑफिसर सबकी रंगदारी तय रहती है. यह हमारे भ्रष्ट तन्त्र की सच्चाई है.

इस पूरे विषय का दूसरा पहलू यह धारणा भी है कि सभी योग्यता प्राप्त या सर्टिफाइड डॉक्टर होशियार होते है. यह बिलकुल गलत है. ३३% अंक लेकर उतीर्ण होने वाले या मुन्ना भाईयों की तरकीब से जो डॉक्टर बने हैं, वे झोलाछाप डॉक्टरों से बदतर होते हैं. झोलाछाप में भी कई श्रेणियाँ हैं: कुछ ट्रेंड/अनट्रेंड कम्पाउन्डर, फार्मसिस्ट, नर्स, या अन्य अस्पताल कर्मी अपने दीर्घकालीन अनुभवों से जो ज्ञान प्राप्त किये रहते हैं, उससे उनके द्वारा किया गया चिकित्सकीय कार्य सस्ता टिकाऊ और सही होता है. ऐसे कई मामले सामने आते हैं, जिनमें आम लोगों का विश्वास बड़े डाक्टरों की अपेक्षा इन पर ज्यादा होता है. अनुभव ऐसी चीज है, जो मात्र पढ़ाई से प्राप्त नहीं किया जा सकता. इसका कोई छोटा रास्ता भी नहीं होता. इसी क्रम में खानदानी वैद्य व हकीम भी आते हैं, जो पीढ़ी दर पीढ़ी इसी विद्या से जुड़े रहते हैं. कुछ समय पहले तक ‘अनुभव के आधार पर’ चिकित्साधिकार के पंजीकरण होते रहे हैं. ऐसे चिकित्सक अपने नाम के आगे R.M.P. लिखने से गुरेज नहीं करते हैं.

ऐतराज की बात यही है कि आयुर्वेद पढ़ा हुआ चिकित्सक यदि एलोपैथिक दवाओं का प्रयोग कराये या एलोपैथिक/होम्योपैथिक वाला अपनी चिकित्सा पद्धति के बजाय दूसरी दवाएं लिखे तो पूरी प्रणाली पर प्रश्न उठने लगते हैं. स्थिति यह भी होती है कि लोग तुरन्त स्वास्थ्य लाभ चाहते हैं, चाहे उनकी दवा में ‘कार्टीज़ोन या स्टीरोइड’ मिला कर दी जा रही हो, जिसके दूरगामी परिणाम घातक होते हैं.

एक समय सरकार ने चीन देश की तर्ज पर गाँवों-कस्बों में इस प्रकार चिकित्सा कार्यव्यापार कर रहे लोगों की लिस्ट बनवाई थी और इरादा था कि सबको चिकित्सा के मूलभूत आधार-सिद्धांतों की ट्रेनिंग दी जाये, पर बाद में इस विषय पर चर्चा बन्द हो गयी है. हल्ला-गुल्ला तभी होता है जब ‘क्वैक्स’ के हाथों से अचानक कोई मर जाता है और समाचार की सुर्खियाँ बन जाता है.

स्वास्थ्य मंत्रालय को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
***

शनिवार, 1 दिसंबर 2012

चुहुल - ३८

(१)
ऑफिस में काम करने वाले एक सज्जन ने अपने साथी से कहा, “यार, अगर आज घर जाकर तुम्हारे साथ कोई घाटे की घटना पेश आये तो तुम अपने गम में मुझे भी शामिल समझना.”
“घाटे की घटना? मैं समझा नहीं?” साथी ने पूछा.
वह बोला “मेरी पत्नी ने कल १५,००० हजार रुपयों की एक साड़ी खरीदी है, जिसे पहन कर वह आज तुम्हारी बीवी से मिलने गयी है.”

(२)
एक आदमी ने अपनी पत्नी का बीमा कराया और पॉलिसी लेते वक्त एजेंट से पूछा, “अगर कल को मेरी पत्नी की मृत्यु हो गयी तो मुझे क्या मिलेगा?”
एजेंट बोला, “ज्यादा से ज्यादा मृत्युदंड.”

(३)
एक बदमिजाज औरत जासूसी उपन्यास पढ़ रही थी. पढ़ते पढ़ते अपने पति से बोली, “अगर कोई मुझे अगवा करके उठा ले जाये तो तुम क्या करोगे?”
पति बोला, “मैं उससे कहूँगा - ऐसे रिस्क लेने की क्या जरूरत है? आराम से ले जाओ.”

(४)
एक व्यक्ति अपने दस वर्षीय बेटे को चिड़ियाघर दिखाने के लिए गया. वहाँ पर शेर के पिंजड़े के पास खड़ा होकर लड़का गुमसुम हो गया और गहरे सोच में पड़ गया. बाप ने उससे पूछा, “क्या सोच रहे हो, बेटा?”
बेटा बोला, “मैं सोच रहा हूँ कि अगर पिंजड़े से निकल कर ये शेर आपको खा जाएगा तो मैं कितने नम्बर की बस से घर जाऊंगा?”

(५)
पोस्टमैन की नौकरी के लिए उम्मीदवारों का इन्टरव्यू हो रहा था. एक उम्मीदवार से प्रश्न पूछा गया, “बताओ, पृथ्वी से चंद्रमा के बीच कितनी दूरी है?”
उम्मीदवार चिंता में पड़ गया, बोला, “अगर आप लोग मुझे इतनी दूर डाक पहुंचाने का काम देना चाहते हैं तो ये नौकरी मुझे नहीं चाहिए,” और उठ कर चला गया.
***