कवितायेँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कवितायेँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 29 अगस्त 2021

वे सुनहरे दिन

 साठ साल पहले की बात है, मैं लाखेरी में नवांगुतक था , मुझे एसीसी कालोनी में L - १६ क्वाटर  आवंटित था, अविवाहित दिनों में मैंने अपने ही जैसे कुंवारे लोगों से जल्दी ही दोस्ती कर ली थी. इनमें स्व विष्णु बिहारी दीक्षित भी थे जो कि तब उदयपुर से MSW करके एसीसी में जॉब की तलाश में थे, उनके साथ ही एक लड़का शर्मा (नाम मुझे याद नहीं रहा) जिनके पिता उन दिनों लाखेरी स्थित  सेंट्रल एक्साइज के डिपुटी सुपरिंटेंडेंट हुआ करते थे भी उदयपुर स्कूल आफ सोसियल वर्क से ही  MSW कर के आये थे, इनके अलावा सेंट्रल एक्साइज के दो सब इंस्पेक्टर्स  सरदार गुरनामसिंह और प्रकाशचंद्र श्रीवास्तव तथा जीवन बीमा के फील्ड आफीसर वोहरा भी चौकड़ी के सदस्य बन गए थे. मेरा क्वाटर बैठक का अड्डा हो गया था और दोस्ताना गतविधियां चला करती थी. कभी कभी विशेष पकवान / खाना बनाने के लिए एक मि. खन्ना को भी बुलाया जाता था वे नौशेरवाँ टाकीज के सिनेमा के एजेण्ट होते थे , ता हम लोग फ्री में सिनेमा देखने का बी मजा लेते थे हालांकि फर्स्ट क्लास का टिकट मात्र सवा रुपया ही हुआ करता था.

ये सब केवल एक ही साल चला उसके बाद सब अच्छ गच्छ गच्छामि हो गया. मैं भी शादी शुदा लोगों की लिस्ट में जुड़ गया था.

                                         ****

सोमवार, 21 मार्च 2016

बुरा ना मानो होली में

कुछ ना बचा है कहने को
     इस बार रंगीली होली में,
सब कुछ तो कह दिया था
     पिछली बार की होली में.

दुल्हन जानकार लाये जिसको
     नाच-नाच कर डोली में,     
किन्नर निकला वह नखरेला
     पकड़ा गया है बोली में.

सीमा पार की झूठी यारी
     जहर बुझे हैं गोली में,
फिर भी ‘मुबारकबाद’ कहेंगे
    ‘नाजिम’ अपनी होली में.

है आग लगी महंगाई की
     टोटे पड़ गए झोली में,
लफ्फाजी से पेट भरेंगे
     निगाहें वोटर की चोली में.

 आरक्षण की फिर ज्वाला होगी
     आग लगेगी घर-खोली में,
कुछ तो बोलो, कुछ तो बोलो
     मुंह खोलो तुम इस होली में.

कहकहा मार हंस रहे बेशरम
     कमा रहे घटतौली में,
जुमले बहुत हैं रंगों के
     फिर उछालेंगे रोली में.

रंगों का त्यौहार हमारा
      आओ गले मिलेंगे होली में,
थोड़े में ही बहुत कहा है
     बुरा ना मानो होली में.

              ***

मंगलवार, 11 अगस्त 2015

पैगाम - ३

हम इस देश के चौकीदार हैं, जन जन को बता दो;
‘न खाऊँ न खाने दूं’ के जुमले को अब धता बता दो.

     हमने महंगाई के आंकड़े को माइनस में दिखा दिया है,
     हमने सोने को चांदी के भाव बिकवा दिया है,
     हमने स्विस बैंक खंगाल लिए, काला कहीं नहीं मिला है,
     अब गंग-जमन में भी कहीं कोई गंदा नाला नहीं मिला है,
     फिर भी कहीं कोई गन्दगी मिलती है तो,
     जरूर बचे-खुचे कांग्रेसियों की करामात होगी.
इनको संसद के बाहर का रास्ता बता दो!
हम देश के चौकीदार हैं, जन जन को बता दो!

     हमने चीन, जापान और कुसतुन्तुनिया में झंडे गाड़ दिए हैं,
     ये दीगर बात है की हमारे कश्मीरियों ने तिरंगे फाड़ दिए हैं.
     हमारे छप्पन इंच के सीने को देखकर-
     दुनिया विश्वगुरू मानने को तैयार बैठी है,
     सीमा पर रोज मारे जा रहे हैं जवान-
     क्या करें? नाराज होकर तोपें खामोश बैठी हैं.
‘एक के बदले बीस’ ये जुमला था, सैनिकों को बता दो!
हम इस देश के चौकीदार हैं, जन जन को बता दो!

     नापाक पाक की ये हिमाकत कि लौटा दिए हमारे आम और मिठाई,
     खून का रिश्ता है, कैसे तोड़ दें एकाएक, मेरे भाई,
     ये बात इन दहशतगर्दों को बता दो,
     सजा तो अदालत देगी बीस साल बाद,
     हम अब भी खिलाएंगे बिरयानी नावेद को,
     ये उसके अब्बू और नवाज शरीफ को बता दो,
खता ये कि हमारी लोकशाही है बता दो!
हम इस देश के चौकीदार हैं जन जन को बता दो!

     हमने संसद में हुल्लड़ का नया ललित गेट खुलवा दिया,           
    हमने मध्यप्रदेश के ‘व्यापम’ को व्यापक बना दिया,
     फिर भी अगर कोई नौजवान नौकरी को रोता है तो-
     उसे पच्चीस साल बाद का कोई ‘अच्छा दिन’ बता दो.
उससे पहले कोई चमत्कार भी हो सकता है, उसे बता दो!
हम इस देश के चौकीदार हैं जन जन को बता दो!

     लोग खुशी खुशी सब्सिडी छोड़ रहे हैं
     हाँ, सांसद अभी भी गरीबी झेल रहे हैं
     डीजल-पेट्रोल आधे दाम पर बिक रहे हैं
     किसान अब खुश हैं कि जमीन अध्यादेश से ली जायेगी
     ये आत्महत्याएं जो इश्क की बदौलत हो रही हैं,
     उनका मातम मनाना अब  बंद करा दो.
मरने के बाद पेंशन पक्की है, ये बात किसानों को बता दो!
हम इस देश के चौकीदार हैं  जन जन को बता दो!

                    ***

शुक्रवार, 17 मई 2013

जीवन-प्रवाह

तब फूलों के
कलियों के
सपने आते थे,
झरने बहते थे,
हवा मे अठखेलियाँ हुआ करती थी,
मन का पंछी-
बिना गुदगुदाए मुस्काता था,
हंसता रहता था.
दूर क्षितिज के उस पार-
किसी  से तार जुड़े थे
अपनेपन के रिश्ते;
जिनकी मुझे प्रतीक्षा रहती थी .

फिर उजास, स्वर्णिम आभा में
तृण-बेल-लता-बृक्ष
रसीले, मधुर फलोच्छादित
कल्लोल करते चराचर और मैं,
अचानक पटाक्षेप .

अब सपनों में
पीला रेगिस्तान खुला है,
कैक्टसों की छाया है,
तपन है,
आँधी सी है,
जो कश्ती को बिना प्रयास खींचे जाती है
बड़े अगाध सागर की लहरों में –
लयबद्ध हिचकोले हैं,
ऐसा लगता है
दूर क्षितिज के उस पार-
एक ‘बड़ी रोशनी’ से तार जुड़े हैं
जो मेरी प्रतीक्षा में है.

यही है जीवन का सच
एक कहानी अनवरत,
पूरा पहिया घूम रहा है
उस ‘नेति’ शक्ति के इर्द.
          ***

गुरुवार, 25 अप्रैल 2013

चित्तवृति

पाप-पुण्य से परे
 अप्रभाषित-
  और अपरिमित,
   विकारी भी है
    ये चित्तवृति  है.

अदृश्य अनाहत सी
 अठखेलियां करती है
  किसी को सन्मार्ग –
   किसी को भटकाती है
    ये चित्तवृति है.

ये मन की चितवन है
 बहुत चँचल है
  कोई भूल नहीं-
   चाहे लगे नहीं अनुकूल कभी,
    ये चित्तवृति है.

जीवन को गति मिलती है
 तन-मन में स्पंदन से
  चाहे-अनचाहे भी
   स्पंदन देती है
    ये चित्तवृति है.

ये तो सुरताल-
 बिना बजाये जो बजती है
  ये राग नि:शब्द-
   यदाकदा जो छा जाती है.
    ये चित्तवृति है.
           ***

रविवार, 7 अप्रैल 2013

शुचि कामना

चँचल चित्त पिपीलिका गतिमान
 विशाल पीपल वृक्ष पर उर्ध्व
  किसी आराध्य की अन्वेषक सी,
    अनवरत दौड़ी चली जाती है.

कष्टमय साधना क्यों करती वह
 अगर मधु संकलन ही करना था
  बिखरे पड़े हैं सर्वत्र मधुमय फल-
   विकसित-गंधित-सर्वस्व समर्पित.

भावना छुपी है इस प्रयास में उसके
 गहन प्रकृति का अनुबंध सा है ये
  उसको केवल मधु कामना नहीं है
   चाहना विशेष है विशुद्धि की भी.

                   ***

बुधवार, 27 मार्च 2013

आज होली में

चलो खेलें, नया खेल आज होली में
बदल डालें सारे बेमेल आज होली में.

बन्द कर दो ये समाचार-मीडिया जो दिल तोड़ते हैं
हड़ताल- हुल्लड़, अनशन, या जो माइक बोलते हैं
मुँह पर चिपका दो टेप उनके जो जहर घोलते हैं.
कह दो खुले में ना करो बकवास आज होली में.

             चलो खेलें, नया खेल आज होली में.
             बदल डालें सारे बेमेल आज होली में.

कलमकारों तुम कलम में विष-बीज मत डालो
लिखो कुछ ऐसा तुम समय की धार बदल डालो
रंगों-गुलालों में मुहब्बत हो, मन चाहे लगा डालो
दिलों का भेद मिट जाये, यही तमन्ना आज होली में

             चलो खेलें, नया खेल आज होली में
             बदल डालें सारे बेमेल आज होली में

सर्वे भवन्तु सुखिन: यह बात दिल में समाती है
सुख-समृद्धि रहे सर्वत्र, सभी को जो सुहाती है
भरे पिचकारी, उडेले प्यार, उसी में नहाती है
अनुपम है ये शक्तिरूपा अपनी, आज होली में.

             चलो खेलें, नया खेल आज होली में
             बदल डालें सारे बेमेल आज होली में.

न मंदिर, न मस्जिद, न कुर्सी का लफड़ा
न मोदी, न नीतिश, या राहुल का झगड़ा
छोड़ सभी मनभेद, नाचो-गाओ करो भंगडा
बच्चों को दे दो देश की कमान आज होली में.

        चलो खेले, नया खेल आज होली में
        बदल डालें सारे बेमेल आज होली में.
                              ***

गुरुवार, 14 मार्च 2013

शादी की बधाइयाँ

                          (१)
रामदीन के अँगना, कामधेनु सी गाय,
ये दुनिया की रीति है खूंटा देत बधाय.
खूंटा देत बधाय, फिर मित्र बधाई देते
कहे पाण्डे कविराय, करो खुशियों की बातें
बन्ना-बन्नी की बनी रहें लम्बी चांदनी रातें.

                           (२)
जोड़ी जुग जुग बनी रहे, फूलो - फलो प्यारे
सब दिन हों सौभाग्य के, हर हाल रहो वारे न्यारे
हर हाल रहो वारे न्यारे, तुम खूब मौज मनाना
कहे पाण्डे कविराय जीवन को आदर्श बनाना
हर्षित मात्-पिता को लेकिन तुम भुला ना देना.

                           (३)
वंशबेल बढ़ती रहे, लगे दो या तीन पर ब्रेक
मित्रों को लड्डू बंटे, अवसर पर हर एक
अवसर पर हर एक, यों सब मंगल गावें
कहे पाण्डे कविराय ऋतुराज सा जीवन होवे
खिलते रहें पुष्प, मधुमय तुम्हारा जीवन होवे

                           (४)
सुखिया या सँसार में भांति भांति के लोग
शादी करना है बला, फिर भी करते लोग
फिर भी करते लोग ना हमसे सीखें
कहे पाण्डे कविराय फिर गलती मत करना
तीन-चार होने की जल्दी मत करना.
                           ***

रविवार, 24 फ़रवरी 2013

दस्तूर पुरातन

मैं श्वेत कमल सा पुष्प अफीम का
दम्भी, गन्धी और नशीला,
तुम मेढ़ के उस पार, पीली सरसों,
नेह-स्नेह और शर्मीली सी.

बयार बसंती छूकर आती तुमको
मधुप, कीट-पतंगे दे जाते संदेशे.
मैं मजबूर कि पहरे हैं भारी मुझपर
चीरा जाऊंगा इसी अपराध में इक दिन

मैंने अनजाने में क्यों यों चाहा तुमको,
तुम तो नारी हो कोमल-प्यारी-मनभावन
काटी-पीसी जाओगी, कोल्हू में होगा मर्दन.
कि तुमने भी तो सैन किये थे अल्हड़पन में.

मैं कोई सर, तुम कोई जलधार नहीं
जो मिल पायें जाकर आगे किसी डगर
ये तो ना कोई बात नई है दस्तूर पुरातन
चाहना की भावना की, है जग दुश्मन.
                    ***

बुधवार, 6 फ़रवरी 2013

बूढ़ा सेमल और बसंत

बागन में आम, जंगलन में नीम बौरायो है,
खेतन में धान्य, बेल-लतान में बसंत बगुरायो है,
भौरन-कीट-पतंगन को पराग-गंध अकुलायो है,
अरे, बूढ़े सेमल, हाय, तू काहे फगुनायो है?

कोयल पंछी कुहुक पड़े हैं, ज्यों नवसंदेसो आयो है,
निम्ब-जमीर नवांकुर लेकर नवचेतन हर्षायो है,
धरती सारी है इठलाती, यौवन खूब सजायो है,
अरे, बूढ़े सेमल ! हाय, तू काहे फगुनायो है?

बातन में मस्ती, खेलन में होरी को रंग बरसायो है,
कोई कहे राधा, कोई कहे कन्हैया आयो है,
रति-रंग तरंग चहुँ ओर चौपायों तक में छायो है,
अरे, बूढ़े सेमल, हाय, तू काहे फगुनायो है?

नहि कलरव- संगीत सगुन, ऐसो कैसो भायो है,
मन ही मन तू हर्षाय रह्यो, कौन मीत बनायो है?
पत्र-विहीनं, पलितं-मुंडम, जर्जर वेष बनायो है,
अरे, बूढ़े सेमल, हाय, तू काहे फगुनायो है?
                            ***

मंगलवार, 15 जनवरी 2013

राग वैराग

उन सपनों का क्या, जो कभी फलीभूत हुए नहीं,
उन अपनों का क्या, जो कभी अभिभूत हुए नहीं.

न कसमें न वादे, सिर्फ यादें हैं, पर यादों का क्या मोल?
किसी के लिए फिजूल हैं तो किसी के लिए अनमोल.

दुविधा सुविधा की बात नहीं अब तो कोई चाह नहीं.
चाहे- अनचाहे भी सोचें, आगे कोई राह नहीं.

भीड़ भरी दुनिया में जाजम पर कोई ठौर नहीं,
इधर भी मैं, उधर भी मैं, मेरे सिवा कोई और नहीं.

समय को रेशम में लपेट कर रखने का क्या फ़ायदा?
ताम्बूल को प्रेम से चबाकर निगलने का है कायदा.

अभी तो शुरू हुई थी, अब खतम पे है ये जिंदगी,
न गिला है, न शिकवा है, यही है असल बन्दगी.
                             ***

मंगलवार, 1 जनवरी 2013

दस्तूर

मुझे मालूम था –
 ‘हमेशा की तरह तुम
   इस बार भी
    ठीक आधी रात को
     मुझे मेरी शीतनिद्रा से जगाओगी.

मैं अर्धमूर्छित सा
 अलसाए बदन
  गतवर्ष के दु:स्वप्नों को भूलकर
   तुम्हारे छुवन से जागृत हो जाऊंगा.
    ज्यों पत्रविहीन आड़ू के पेड़ को-
     वसंत-वयार की छुवन हो.
      वैसे ही छोटे छोटे बैगनी रंग के पुष्प से-
       सारे बदन में उग आयेंगे’.

तुमने उसी पुराने अंदाज में कहा
 “नववर्ष शुभ हो.”
  मैं भी तो यही चाहता हूँ,
  "सब शुभ हो-
    प्यार ही प्यार हो,
     प्यार ही आधार हो,
     और खुशियाँ अपार हों."
                ***

मंगलवार, 11 दिसंबर 2012

गज़ल - ३

ज्यों चकवा देखा करता है
    हर शाम चांदनी की राहें,
ज्यों बेल-लता ढूंढा करती हैं
    ऊँचे दरख्तों की बाहें,

ऐसे ही हाँ, हम ऐसे ही
    पलकें बिछाये रहते हैं,
वो आयें हमारे पास कभी
    यों आस लगाते रहते हैं.

जब सावन आ के गाता है
    या आम कभी बौराते हों
हर बार दिवाली करते हम
    कि साजन शायद आतें हों.

जब मुंडेर पे कागा कह जाता
    कोई मेहमां आने वाला है
हमें और किसी का ख्याल कहाँ,
    कि दिलवर आने वाला है.

हर रात वो ख़्वाबों में आते हैं
    हर रात वो बातें करते हैं
हम शमा जलाये रहते हैं
    दिन को भी रातें करते हैं.

है ख्वाब में आने का ये आलम
    उनके खुद आने पे क्या होगा?
हम खुशी से मर जाएँगे अगर
    मेरे मेहमां का आलम क्या होगा?
                     ***

गुरुवार, 29 नवंबर 2012

मनभावनी

मोतिया कपोलन में लाली ये गुलाब सी,
नयना हैं सम्मोहनी-दिलनशीं शराब सी.

अबीर बन गया हूँ मैं, मुझको तुमसे प्यार है,
प्यार में बिखेर दो, जाँ तुम्हें निसार है.

छप रहूँ तुम्हारे तन, मोरडे का पँख बन,
पद्मिनी सी बाँध लो, छुप रहूँ तुम्हारे तन.

खिलखिला उड़ेल दो प्यार का अनूप रंग
सिलसिला बना रहे, भीजहूँ तुम्हारे संग.

                           ***

गुरुवार, 15 नवंबर 2012

तन्हा

                  (१)
डरता हूँ खेल तमाशों में जाने से,
मंदिर या महफ़िल में जाने से
भटके ना कहीं अनजाने में भी
मेरे महबूब की याद तन्हा.
                   (२)
दम-दिलासा देने वालों ने कहा मुझसे
लगा लो दिल जहाँ में और भी कुछ है.
सूझता है नहीं फकीरी में
कि दिल तो दे दिया कब का, बेचारा खो गया तन्हा.
                   (३)
दिन होता है तो रात ढूँढता हूँ
रात आती है तो नींद ढूँढता हूँ,
नींद मिल जाये तो ख्वाब ढूँढता हूँ,
ख्वाब आ जाये तो दिलबर को ढूँढता हूँ,
दिलबर मिल जाए तो फिर खुद को ढूँढता हूँ.
हाय! ये ढूँढने का मुसलसर रफत
जिंदगानी बन गयी है तन्हा.
                   (४)
गुलों से ये गुजारिश है, ना छेड़ें आज खुशबू से
खिजा तुमको भी ना बक्शेगी, हमारा हाल है तन्हा.
                   (५)
गंधी न दे इत्र मुझको
कि मुझे अब गन्ध नहीं सुहाती है
या पहले ला कर दे दवा मेरी
गन्ध मेरे दिलबर के तन की तन्हा.
                 ***

                

गुरुवार, 1 नवंबर 2012

वफ़ा

जिनकी मूरत दिल में बसी है,
        करीब मेरे है, खुद आ गयी है.
प्यार क्या है जमाने को समझाऊँ क्या?
        इक बदन में दो दो रूह आ गयी हैं.

मिली वो तो संध्या सुबह बन गयी है,
        अभी तक के सफर की थकां मिट गयी है,
खुशी क्या है जमाने को समझाऊँ क्या?
        इक भूले मुसाफिर को मंजिल मिल गयी है.

बेखुदी में मैं उससे घबरा रहा था,
        मिली वो तो वीरां, गुलिस्ताँ हो गया है
मिलन क्या है जमाने को समझाऊँ क्या?
        इक भँवरा कमलनी में कैद हो गया है.
     
जमाने ने उसको बख्शा नहीं है,
        उल्फत का जिसको शऊर आ गया हो,
नशा क्या है जमाने को समझाऊ क्या?
        बिन पिए ही ‘गरचे शरूर आ गया हो.

वफ़ा की शिकायत उनसे नहीं है,
        हीर औ’ शीरी की वो हमसफर हो गयी है,
वफा क्या है जमाने को समझाऊँ क्या?
         परवाने को बचाकर शमा जल रही है.

                          ***

शनिवार, 27 अक्टूबर 2012

यों रूठा ना करो

शिकवे कबूल लूंगा, तू मुझको बता तो दे,
या कह दे सारी बात, जो उसका पता तो दे.
गुल से पूछा, गुलशन से पूछा, भंवरों ने भी कह दिया- उनको नहीं पता,
शबनम कुछ कहने को थी, मगर मैंने उसको छू दिया- बस यही हुई खता,
                                                                              शिकवे कबूल लूंगा...
सितारे तोड़ दूंगा, तू पर्दा उठा तो दे,
जन्नत को लूट लूंगा, तू पलकें उठा तो दे.
हवाओं से पूछा, फिजाओं से पूछा, मौसम ने भी कह दिया- उनको नहीं पता,
बादल कुछ कहने को था मगर पहले ही रो दिया- कुछ भी नहीं सका बता,
                                                                                शिकवे कबूल लूंगा ...
ये जान अब है तेरी, गर्दन उठा तो दे,
दिल काट तुझको दूंगा, खंजर उठा तो दे. 
मैंने इनसे पूछा, मैंने उनसे पूछा, जमाना यों हँस दिया- उनको नहीं पता,
अरे, खुदा से पूछने को था मगर, मैंने तुझको पा लिया- और क्या बचा बता?
                                                                                शिकवे कबूल लूंगा ...

***

शनिवार, 13 अक्टूबर 2012

विछोह

प्रिय, कलियों ने सी लिए हैं होंठ, तेरे खो जाने पर

गंधहीन खीझे से लगते खिलखिलाते सुरभित प्रसून.

अस्वस्थ से, डरावने लगते मेघों के घटते–बढ़ते बिम्ब,

भयभीत सी, झंकारविहीन बहती है अस्त-व्यस्त बयार

रस–रसना, रस-काव्य, स्वर लहरी, सब हो गए हैं अग्राह्य

तुम लुप्त दिवाकर या बीती बहारों की छटा नहीं हो

तुम बिसरी साँझों की याद नहीं, जो फिर फिर उभरेगी

तुम प्रस्तर हो गयी बिन श्राप, बिन अधर्म, बिन बताए,

सपना सा आकर खोया अपनापन इससे मीठी व्यथा नहीं

प्रिय! सह सकता था मैं, यह सब प्रतीक्षा के होने पर.
                                        ***

शनिवार, 29 सितंबर 2012

चलो अपने गाँव चलें

मन अब भर चुका है
 डीजल और पेट्रोल के धुएं से
  खारा लगता है क्लोरीनी पानी
   ताजा पियेंगे अपने कुँए से
    चलो अपने गाँव चलें.

चाचा की भैंस ब्या गई है
 ऐसी चिट्ठी आई है
  मन करता है ‘खींच’ खाने को
   बेस्वाद लगता है ये पैकेट का दूध
    चलो अपने गाँव चलें.

नवरात्रियों में जागरण करेंगे
 जगरिये गायेंगे, डंगरिये नाचेंगे
  धान की मंडाई भी होनी है
   दीवाली नजदीक आई है.
    चलो अपने गाँव चलें.

कोल्हू अब लगने वाले हैं
 गन्नों की पिराई होगी
  प्यारी महक गुड़-राब की
   मन में कब से समाई है
    चलो अपने गाँव चलें.

यहाँ अब इंसानियत कहाँ रही?
 मिलावट ही मिलावट है
  रिश्तों में भी सियासत है
   वहाँ प्यार भरी सच्चाई है
    चलो अपने गाँव चलें.

सड़कें घर घर पहुँच गयी हैं
 नई हवा का दौर वहाँ है
  बचपन के सपने आते हैं
   आ लिपट मिलेंगे अनायास ही
    चलो अपने गाँव चलें.

            ***

मंगलवार, 18 सितंबर 2012

गीत - ६

फूल फूल पर उड़ती तितली
 कहाँ है तेरा बसेरा?
  तू नित्य लगाती फेरा
   मन मोहा करती मेरा.

कली कली से पूछ के जाती
 कान में भी कुछ कह जाती
  कौन है प्रियतम तेरा?
   कि कहाँ है उसका डेरा?

कुछ कह-सुन कर है इठलाती
 तरह तरह से छेड़ के जाती
  प्रिय, खेल अनोखा तेरा
   आ, प्यार लिए जा मेरा.

दूर क्षितिज के पार कहीं है
 मेरा भी इक मीत सलोना
  तू बस उसको याद दिला दे
   उपकार बड़ा होगा तेरा.

सुन, भोली-भाली नटखट आँखें
 वो, नाम कहेंगी खुद मेरा
  खुशबू उसकी चन्दन जैसी
   प्रिय, वही तो है प्रियतम मेरा.

            ***