सोमवार, 27 नवंबर 2017

अटलांटिक के उस पार - ४

अमेरिका में ‘बरसाना- राधा माधव मंदिर’
भारत में विख्यात संत स्व. कृपालु जी महाराज (१९२२-२०१३ ) को सनातन धर्म उपदेशक, राधा-गोविन्द उपासक और वेदान्ती विद्वान् के रूप में पहचाना जाता है. उनको चैतन्य महाप्रभु का अवतार भी कहा जाता है. विलक्षण मेधास्मृति के धनी कृपालु महाराज को काशी विद्वत परिषद् द्वारा महज ३४ वर्ष की उम्र में ‘जगद्गुरु’ की उपाधि से सन १९५७ में विभूषित किया गया था. वे वेद-वेदान्त व भक्तियोग के प्रकाण्ड विद्वान् व प्रवचनकर्ता थे. उन्होंने अपनी आराध्या देवी राधा की असीम भक्ति में आसक्त होकर मथुरा के निकट बरसाना में एक सौ करोड़ रुपयों की लागत से एक भव्य मंदिर बनवाया जो की राधा-कृष्ण की उपासना व आस्था का अनोखा केंद्र है. मंदिर की वास्तुकला द्वारा भी आराध्य के दिव्य प्रेम को साकार किया गया है.

उन्होंने ‘जगद्गुरु कृपालु परिषद्' नाम से वैश्विक संगठन की स्थापना की; उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं. इस समय विश्व में पांच मुख्य आश्रम हैं. जिनका सचालन एक ट्रस्ट द्वारा किया जाता है. ट्रस्ट द्वारा अस्पताल व गुरुकुल भी सचालित किये जाते हैं. विदेश में मुख्य आध्यात्मिक केंद्र ‘द हार्वड प्लूरिश प्रोजेक्ट’ अमेरिका में है. टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन से लगभग २४ किलोमीटर दूर पश्चिम की पहाड़ियों के बीच ‘राधा-माधव धाम’ स्थापित है.

यह ‘बरसाना धाम’ कई एकड़ जमीन पर बसाया गया है. यह एक दर्शनीय दिव्य परिसर है, जिसमें राधा कृष्ण का एक विशाल मंदिर है जिसकी देखरेख एक ट्रस्ट द्वारा की जाती है. परिसर में रासलीलाओं के भित्त चित्र व जीवंत मूर्तियों से सजाया गया है. कालिंदी (यमुना), प्रेम सरोवर (कुण्ड) और महारास का मंडप सभी सजीव परिकल्पनाएँ भक्तों/ पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करती हैं. मंदिर परिसर में ही सुन्दर आवासीय व दिव्य भोजनालय की व्यवस्था है. मंदिर में व उसके परिसर में कृपालु महाराज की अनेक मुद्राओं में बड़ी बड़ी फोटो लगी हैं, और उनके बारे में वीडियो चलायमान रहते हैं. सुबह शाम पूजा-पाठ और भजन कीर्तन होते हैं कर्मचारियों में अधिकाँश अमरीकी हैं, कुछ भारतीय चेहरे भी हैं, जो हरे रामा हरे कृष्णा की तर्ज पर नाचते गाते हैं. मंदिर परिसर में एक दर्जन से ज्यादा भारतीय मोर और मोरनियां घूमते मिलते हैं जो बरसाना की शोभा बढ़ाते हैं. कुल मिलाकर इस साफ़ सुथरे पवित्र स्थल पर विचरण करने वालों को आत्मिक शान्ति मिलती है.

परिसर में हिन्दू विधि-विधान से विवाह, उपनयन, षष्टि पूजा आदि धार्मिक अनुष्ठानों /समारोहों के लिए उचित  शुल्क देकर आयोजन करने की व्यवस्था भी की जाती है.

सनातन धर्म के बारे में लिखा गया है कि ये एक जीवन पद्धति है जो अपने अन्दर अनेक उपासना पद्धतियों, पंथ, मत, सम्प्रदाय व दर्शन को समेटे हुए है. इसमें सभी प्राकृतिक देवी देवताओं को अलग अलग नामों से पूजा अवश्य जाता है, पर वास्तव में ये एकेश्वरवादी धर्म है. इसके साक्षात अनुभव यहाँ आकर होता है.

अगले पायदान में आप पढेंगे ‘नेचुरल ब्रिज’ नामक गुफा तथा सैन ऐंटोनियो के सुन्दर ‘रिवर वॉक’ का वर्णन.
क्रमश:
***

रविवार, 26 नवंबर 2017

अटलांटिक के उस पार - ३

उत्तरी अमेरिका के दक्षिण-पश्चिम में स्थित टेक्सास राज्य है, और डैलस उसके मैदानी भाग में बसा हुआ एक बड़ा शहर है, जिसका केंद्र (डाउनटाउन) भी खूबसूरत गगनचुम्बी चमकीली इमारतों से भरा हुआ है. सडकों व बहुमार्गी जगहों पर ऊंचे-नीचे फ्लाईओवर्स के अनेक जाल हैं. शहर की बस्तियों में तथा सडकों के किनारों पर पेड़ों की कतारें हैं, पर यहाँ के पेड़ नाटे कद के लगते हैं. यहाँ पर अनेक विशाल सरोवर हैं, और जैसा की यहाँ का शुगल है, उन्हें चारों और से संवार कर दर्शनीय बनाया गया है. विद्युत् प्रकाश की भी अदभुत सजावट है, विशेषकर अब जब ईस्टर के बाद क्रिसमस की सजावट शुरू हो चुकी है. सर्वत्र सुन्दरता बिखरी हुई लगती है. चारों तरफ देखकर यूरोप की यह उक्ति याद आती है कि "Rome was not built in a day."

डलास के चारों और बसी बड़ी बड़ी बस्तियों को suburb कहा जाता है. ये अनेक cities में विभाजित हैं. हम अपने सुहृदों की जिस बस्ती में आये हैं, उसका नाम है Flower Mound, और कालोनी का नाम है Grand Park Estate. इस कालोनी में 90 घर हैं, और मुझे बताया गया है कि लगभग 55 घर भारतीय मूल के लोगों के हैं. जैसा कि परदेस में आम तौर पर होता है एक मुल्क के लोग किसी ना किसी बंधन (formal /informal bond) से आपस में जुड़े रहते हैं. यहाँ आने पर 11 नवम्बर को हम भारतीय समाज के एसोसिएशन द्वारा Marcus High School, Flower Mound के विशाल आडीटोरियम में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसमें अनुपम साज-सज्जा के साथ भारतीय नृत्य+संगीत में सरोबर पाकर अतीव आनंदित हुए. इसी कार्यक्रम में भाग लेने वालों के लिए भारतीय व्यंजन भी उपलब्ध थे. इस प्रकार के ‘मिनी हिन्दुस्तान पॉकेट्स’ बरबस अपने घर-गाँव की याद दिलाते हैं. ऐसा लगता है की ये भारतीय मूल के बच्चे जो यहीं पर पल-बढ़ रहे हैं,  अपनी जड़ों से कट जायेंगे, परन्तु आज के विश्वीकरण के युग में, ये बच्चे विश्वनागरिक बन जायेंगे. उन्हें यहाँ अपनी क्षमता के अनुसार पूर्ण विकास के और अपने सपने साकार करने के सभी अवसर मिलेंगे। आशा करता हूँ कि ये बच्चे, देश, काल, और परिस्थितियों के अनुसार अपने आप को ढाल कर मानवीय व तकनीकी विकास में अपना योगदान देंगे. 

मेरे देशाटन के अगले पायदान पर आप पढेंगे टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन के निकट स्व. कृपालु जी महाराज द्वारा बसाया गया एक और बरसाना.
क्रमश:
***

बुधवार, 22 नवंबर 2017

I Speak to the Nation (U.S.)

I Speak to the Nation (U.S.)   

(Hindi version)
महान राष्ट्र अमेरिका के बाशिंदों !
सर्व प्रथम मैं आपको अपने दिल की गहराईयों से धन्यवाद देता हूँ कि आपने मुझे अपने ‘प्रेसीडेंट’ के रूप में इस प्रेसिडेंटिअल पोडियम से भाषण देने का सुअवसर प्रदान किया है.

इस देश के गौरवपूर्ण इतिहास व उपलब्धियों पर केवल आपको ही नहीं, बल्कि विश्व के अन्य भागों के प्रबुद्ध शक्तिपुन्जों को भी अभिभूत किया है. यद्यपि, मैं एशिया के एक अन्य महान देश भारत में जन्मा और वहां की सनातन संस्कृति में पला-बढ़ा हूँ, मैं इस देश की सम्पन्नता व आदर्शों से अतिरेक प्रभावित हुआ हूँ. यह विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, सबसे बड़ी सैनिक शक्ति और अनेकानेक धार्मिक आस्थाओं का पोषक बन गया है. कला, साहित्य, और व्यक्तिगत अनुशासन के उच्च प्रतिमानों का स्तर इसी तरह निरंतर आगे बढ़ाते रहना चाहिए.

मैं, महामानव राम, कृष्ण, गौतम बुद्ध, महावीर आदि द्वारा स्थापित सामाजिक मर्यादाओं तथा क्राइस्ट द्वारा प्रेम, करुणा व समभाव की प्रेरणा को एवं अन्य धर्मों के आविर्भावक प्रोफेट्स के उपदेशों को एकाकार करके वर्तमान युग की वैज्ञानिक क्रान्ति को मानवता के लिए सम्पूर्ण छत्र बना देना चाहता हूँ, जिसके नीचे कोई कलह, द्वेष, अथवा हिंसाभाव ना हो ताकि समस्त चराचर अपरिमित आनंद का भोग करें.

विश्व में आज तमाम रोग और शोक के लिए जिम्मेदार जो हिंसक-पाशविक दुष्ट शक्तियां पनप रहीं हैं, उनका स्वाभाविक अंत करना मेरा लक्ष्य है. ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का स्तोत्र मेरा मन्त्र है, और मैं इस बड़े कुटुंब का अध्यक्ष होकर सबका हितैषी बना रहूँ, यही मेरी कामना है.

आज की विषम अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों में आपको लगता होगा कि यह सब मेरी कल्पना मात्र है, पर सच यह है कि मैंने अमेरिका की धरती पर अपने रक्तबीज (जींस) बो दिए हैं, जो कालान्तर में निश्चित रूप से मेरे सपने को साकार करेंगे.

अंत में मैं मैडम तुसाद को धन्यवाद देता हूँ, जिसने अपने ‘वैक्स म्यूजियम’ में अमेरिका के सभी पूर्व व वर्तमान राष्ट्रपतियों के प्रतिरूपों को एक साथ व अन्य सभी क्षेत्रों की महान विभूतियों को भी मेरे सन्मुख कतार में खडा किया है. इनमें कला, साहित्य, विधिविधान, राजनैतिक महामनीषियों के अलावा पोप जॉन पॉल II, मार्टिन लूथर किंग, महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, बेंजामिन फ्रेक्लिन, मार्क ट्वेन, वाल्ट ह्विट्मैन आदि महानुभावों के प्रतिरूप भी मेरे श्रोताओं में उपस्थित हैं.

मैं स्वयं बहुत गर्वित और भावुक हो रहा हूँ. मेरा दिल यह सब देखकर भर आ रहा है कि मैं ‘प्रेसीडेंट आफ यूनाईटेड स्टेट्स’ के गरिमामय स्टेज से संबोधन कर रहा हूँ.

सभी श्रोताओं व पाठकों को शुभ कामनाएं. फिर मिलेंगे, मिलते रहेंगे.

Thank you very much! God bless America and the rest of the humanity as well!
***

मंगलवार, 21 नवंबर 2017

अटलांटिक के उस पार - 2

31 अक्टूबर 2017 को जब मैं पत्नी व पुत्र प्रद्युम्न के साथ जब अमेरिका की धरती पर पदार्पित हुआ तो वे सारे अहसास फिर से ज़िंदा हुए जो मुझे 2011 में यहाँ आने पर हुए थे, और मैंने दिनांक 28 जुलाई 2011 को अपने ब्लॉग ‘जाले’ में संस्मरण के रूप में प्रकाशित किये थे.

साफ़-सुथरा, पूर्ण विक्सित, व सुन्दर सजाये गए परिदृश्य, हर बस्ती को चौड़ी-चौड़ी सडकों व बगल में पैदल यात्रियों के लिए पथ, हर मोड़ पर पुष्पित रंग-बिरंगे पौधे सब मनमोहक लगते हैं. पर इस बार बड़े पेड़ ‘फॉल’ (पतझड़) की वजह से सर्वत्र लाल अथवा पत्रविहीन मिले, बाकी सब कुछ वैसा ही लगा जैसा पहले था. इस कालखंड में मैं अलबत्ता कुछ बूढ़ा हो चला हूँ; सर पर बालों की सिर्फ सीमा रेखा बची है, और भोंहों पर भी चांदी चमकने लगी है.

इस बार आने का प्रमुख मकसद जॉर्जिया राज्य के अटलांटा शहर में प्रिय हिना के विवाहोत्सव में सम्मिलित होना था. इस विवाहोत्सव में भारतीय व अमरीकी मित्रों का उत्साह व उल्लास देखकर हम लोग आनंदित होते रहे. मेरे दामाद श्री भुवन जोशी व बेटी गिरिबाला का ये एक बढ़िया ढंग से नियोजित कार्यक्रम था. हिना ने भी इस अवसर को गरिमामय बनाने के लिए स्वयं एक मैरिज प्लानर की मदद ली थी. इसमें उसके मेडीकल स्टाफ, सहपाठी मित्रों ने चार चाँद लगा दिए. सारे आयोजन अनुपम थे. पंडित मजमूदार (गुजराती मूल के - पेशे से सर्जन) ने अपनी विद्वता व वाक् पटुता से दो संस्कृतियों का वैदिक मंत्रोचार के साथ कन्यादान - अग्नि को साक्षी रख कर सात फेरे करवाए. इस प्रकार एक अनुपम विवाह हुआ जिसे सबने देखा और सराहा. उल्लेखनीय बात यह थी की वर, चिरंजीव निकोलस (एक कंपनी में वाईस प्रेसिडेंट), व सभी वरपक्ष के लोग भारतीय परिधानों  में थे. तीन दिनों तक चले विवाहोत्सव को देखकर सभी लोगों ने हिना की पसंद और भाग्य की सराहना की. चूंकि भुवन जी नोकिया सीमेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी हैं, और पूर्व में कई वर्षों तक अटलांटा में नियुक्त रहे हैं, नोकिया परिवार के सभी भारतीय मूल के मित्रों ( विशेष रूप से महिला मंडल ) ने सभी आयोजनों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसा बना दिया.

मेरी श्रीमती, पुत्र प्रद्युम्न, व पौत्र सिद्धांत ( बोस्टन में अध्यनरत), भुवन जी के बड़े भाई डॉ. नित्यानंद जी, उनकी अर्धांगिनी सुधा, पुत्र नितिन का परिवार, तथा कनाडा से गिरिबाला की मौसेरी बहन कमला शर्मा+ उसके पुत्र एवं पुत्रवधू की उपस्थिति ने इस विवाहोत्सव को चिर अविस्मरणीय बना दिया है. गिरिबाला की एक सहेली न्यू जर्सी  से इस समारोह में शामिल होने आई थीं; वह गिरिबाला की खुद की शादी की साक्षी भी थी. हमारे इस पूरे समारोह पर पुरोहित जी कहना था की उन्होंने यहाँ अनेक शादियाँ करवाई हैं, पर इस शादी को ‘ना भूतो ना भविष्यति’ की संज्ञा दी.

आठ दिनों तक अटलांटा के एक घर में रहकर वर-वधु को विधिवत बिदाई देकर हम लोग भुवन जी व गिरिबाला के साथ उनके घर, डलास (टेक्सस राज्य) में आ गए हैं, जो अटलांटा से लगभग 1350 किलोमीटर दूर है.
क्रमश:
****          

गुरुवार, 5 अक्टूबर 2017

बैठे ठाले - 19

के.बी.सी के इसी सत्र में एक प्रश्न यह था, जिसमे वहां वर्णित चार विकल्पों में से कौन सा ‘दाल’ नहीं है: दाल चना, दाल मसूर, दाल अरहर, या दालचीनी? प्रतिस्पर्धी इसका उत्तर नहीं जानता था.

दालचीनी वास्तव में एक पेड़ की छाल होती है, जिसे मसाले के रूप में इस्तेमाल किया जाता है बहुत से लोगों को ये भी मालूम होगा कि तेजपत्ता के पेड़ की छाल ही दालचीनी कहलाती है. तेजपत्ता को अंगरेजी में ‘बे लीफ’ कहा जाता है. इंटरनेट खंगालने के बाद मालूम हुआ कि यह औषधीय वनस्पति केवल हिमालयी क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में पाया जाता है.

तेजपत्ता को उसकी प्यारी महक व मिन्ट स्वाद के लिए चाय, सब्जी, दाल, चावल या बिरयानी में पकाया जाता है. आयुर्वेद के प्राचीन ग्रन्थ ‘भाव प्रकाश’ में इसको अदरक, तुलसी, व हरड़ जैसी गुणकारी त्रिदोषनाशक वनस्पतियों की श्रेणी में रखा गया है. आधुनिक वैज्ञानिक शोधों के अनुसार, इसमें प्रचुर मात्रा में विभिन्न प्रकार के गुणकारी खनिज पाए जाते हैं, जो कि रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता व रोग निवारण में अति लाभदायी होते हैं.

मेरा बचपन बागेश्वर (उत्तराखंड) के ग्रामीण आँचल में बीता है. कुमाउनी बोली-भाषा में तेजपात को ‘किडकिडिया” नाम से जाना जाता है. यह एक जंगली पेड़ होता था, और हम स्वाद की विशिष्टता लिए हुए इसके लुआबदार हरे पत्तों को चबाया करते थे; वहाँ के लोगों को तब इसके व्यावसायिक उपयोग की कतई जानकारी नहीं होती थी. जंगल के इस प्रकार के कई औषधीय वनस्पतियों का बेदर्दी से दोहन तब शुरू हुआ जब आजादी के बाद मोटर मार्ग बनने लगे. लोग बताते हैं कि लालची लोगों ने पेड़ों की खाल-पत्ते बाजार में पहुंचा कर इस प्रजाति को बड़ा नुकसान पंहुचाया है.

अब से कुछ वर्ष पहले मुझे काठगोदाम की एक नर्सरी से तेजपात का एक छोटा सा पौधा मिला। (इस नर्सरी में बीजों से पौध उगाई जाती है) मैंने इस पौधे को अपने घर-आगन में लगाया है. मुझे आज ये कहते हुए खुशी हो रही है कि इन पांच वर्षों में ये करीब पंद्रह फुट ऊंचा छायादार वृक्ष होकर पल्लवित होता रहता है. मेरे मोहल्ले के गुणी जन भी इसके ताजे पत्तों के लिए लालायित रहते हैं.
***