गुरुवार, 8 अगस्त 2013

खुशी

(६ अगस्त को प्रकाशित कहानी दूरी से क्रमागत) 

मेरा नाम ‘खुशी’ मेरी दादी ने रखा था. अब तो मैं बड़ी हो गयी हूँ और मेरा पूरा नाम खुशी कांडपाल है. मैं सिद्धि एकेडेमी में दसवीं कक्षा में पढ़ती हूँ. मेरा छोटा भाई जय मुझसे दो साल छोटा है वह आठवीं में पढ़ता है. हमारी दादी बहुत प्यारी है. एकेडेमी के बच्चे उनको ‘बड़ी मैडम’ कहते हैं, पर पापा और मम्मी दोनों ही उनको माँ पुकारते हैं. दादी पहले टीचर थी और आज भी सबसे साफ़ सफाई और आनुशासन की ही बात करती रहती हैं. बच्चे उनसे डरते हैं. पर हम तो बिलकुल भी नहीं डरते क्योंकि जय और मैं तो दादी के लाड़ले हैं.

हमारे पापा इंजीनियर हैं और मम्मी प्रिंसिपल. ये दोनों हमेशा सुबह से शाम तक अपने कामों मे इतने व्यस्त रहते हैं कि केवल रविवार को ही हम साथ साथ रहते हैं. अन्यथा बाकी समय हम दादी के पल्लू से बंधे रहते हैं. गर्मियों की छुट्टियों में पापा और मम्मी हमको हर साल देशाटन कराते हैं. उस दौरान हम दादी से जब दूर रहते हैं तो उनकी बहुत याद आती है. जय तो कहता रहता है कि “हमारी दादी दुनिया की सब से अच्छी दादी है."

मेरे साथ की लड़कियां अपने ननिहाल और नानी की अकसर बातें किया करती हैं, पर मैं कभी भी अपने ननिहाल नहीं गयी. हमारे घर में ननिहाल के बारे में कोई चर्चा भी नहीं होती है. जब कोई नजदीकी रिश्तेदार हमारे घर आते हैं तो मम्मी को मैंने कई बार दबी जुबान से नानी के बारे में बातें करते हुए सुना है. ऐसा लगता है कि वह मुझसे इस बारे में कुछ छुपाना चाहती हैं. मैं समझती हूँ कि मम्मी ने जरूर वहां झगड़ा किया होगा क्योंकि वह अपनी आदत के अनुसार गुस्सैल है. वैसे मेरी मम्मी कभी भी गलत बात पर नहीं अड़ती है. इसीलिये एकेडेमी का पूरा स्टाफ उनका इतना आदर करता है. लेकिन सब लोग उनको कड़क मिजाज मानते हैं. पर मैं तो शैशव से उनके साथ रही हूँ. वह एकदम ‘स्नेहसिक्त माँ’ हैं. मैंने यद्यपि मम्मी को कभी खिलखिला कर हँसते हुए नहीं देखा, लेकिन उनकी आँखों में आंसू भी कभी नहीं देखे थे.

आज जब हम दोनों भाई-बहन घर आकर अपना अपना होमवर्क करने बैठे तो पापा ने अचानक आकर कहा, “चलो आज तुमको तुम्हारी नानी से मिलाकर लाते हैं.” ये सुन कर जय तो चहक उठा और मेरे मन में तो बहुत से प्रश्न पैदा हो गए. मैंने पापा से पूछा, “क्यों पापा, क्या बात हो गयी, आज तक तो आपने कभी हमसे नानी के बारे में कोई बात नहीं बताई है?”

पापा बोले, “बेटा, तुम्हारी नानी किसी पुरानी बात पर हमसे नाराज है. अभी बीमार पडी हैं, तो हमने सोचा है कि बीमारी का हालचाल पूछने के बहाने उनकी नाराजी दूर कर दी जाये. तुम लोग जल्दी से तैयार हो जाओ.”

पापा खुद गाड़ी ड्राइव करके ले गए. रास्ते में हम तो पिछली सीट पर बैठे थे. आगे पापा और मम्मी आपस में दबे स्वर में बतियाते रहे. मैं परी कहानियों की किसी बूढ़ी नानी की कल्पना करती हुई ना जाने क्या क्या सोचती रही थी. जय गुमसुम, लेकिन उत्कंठित होकर बैठा रहा.

लीलावती  कालोनी में नानी का अच्छा बड़ा घर है. हम लोग गाड़ी से उतर कर सीधे अन्दर चले गए. मेरे लिए तो ये पूरी तरह अनजानी जगह थी. दो तीन स्त्री-पुरुष इधर उधर आ जा रहे थे. घर में एक अजीब सी खामोशी थी. पापा और मम्मी भी सहमे सहमे से लग रहे थे. मम्मी ने एक महिला को अपना परिचय दिया. वह अन्दर गयी और थोड़ी देर मे लौट कर आई बोली, “आप लोग अन्दर चले जाओ.”

नानी अपने बड़े से बेडरूम में पलंग पर लेटी थी. उसके पास एक नर्स और एक तीमारदार मौजूद थे. एक तरफ दवाओं की बड़ी ट्रे रखी हुई थी. कमरे में दवाओं की गन्ध भी फ़ैली थी. नानी बहुत बूढ़ी हो चली थी. उसके सफ़ेद बाल, आँखें धँसी हुई, और चेहरे पर झुर्रियों की लकीरें साफ़ दिखाई दे रही थी. उसने लेटे लेटे ही अपना चश्मा पहना और देर तक हम सबको एकटक देखती रही. फिर जब मम्मी ने उनके पाँव छुए तो वह एकाएक उठ बैठी. उनको मानो हमारी उपस्थिति पर विश्वास ही नहीं हो रहा था. उन्होंने मम्मी को अपने आगोश में ले लिया और सजल नेत्रों से अपनी खुशी व्यक्त करती रही. उनके बोल नहीं निकल रहे थे. पापा ने उनको प्रणाम किया और हमको भी प्रणाम करने को कहा .

नानी ने मेरा व जय का हाथ अपनी ओर खींच लिया और पलंग पर अपने बगल में ही बैठने को कहा. इस बीच पापा मम्मी के लिए कुर्सियाँ आ गयी थी. पापा कुर्सी पर बैठ गए पर मम्मी तो नानी पास पलंग पर बैठ कर सिसकने लगी. मैंने मम्मी को इस तरह रोते हुए पहली बार देखा. काफी देर बाद वातावरण सामान्य हो सका. नानी रुँधे गले से बोली, “मैं कब से इन्तजार कर रही थी कि मेरे बच्चे आकर मुझसे मिलें, अच्छा किया तुम लोग आ गए मैं समधन जी से भी क्षमा चाहूंगी.”

नानी ने अपनी दोनों हथेलियाँ पहले जय के माथे व चेहरे पर फिरायी, और फिर मेरे माथे-चेहरे पर हथेली लाकर मुझसे मेरा नाम पूछा. मैंने उत्तर दिया, “खुशी.”

इस मिलन में मैंने जो खुशी देखी, मैं शब्दों में उनका वर्णन नहीं कर पा रही हूँ.
*** .

मंगलवार, 6 अगस्त 2013

दूरी

मैं अपनी माँ से केवल ३ किलोमीटर की दूरी पर रहती हूँ, पर ये दूरी इतनी लम्बी हो गयी कि मैं पिछले २२ वर्षों से उससे नहीं मिल सकी हूँ.

मैं अपने ही द्वारा स्थापित एक शैक्षिक एकेडेमी की प्रिंसिपल हूँ. जब छात्र या छात्राओं के साथ उनकी मांएं आती हैं, और अपने बच्चों पर मेरे सामने प्यार और दुलार करती हैं तो मुझे भी अपना बचपन याद आ जाता है. मेरी माँ ने हम दोनों बहनों को बड़े नाज नखरों से रखा था. बहुत महंगे स्कूलों में पढ़ने को भेजा. उसके बड़े बड़े सपने थे, लेकिन जब मुझे के.के. (मेरे पति) से प्यार हुआ तथा मैं उनकी दीवानी हो गयी तो वह मेरी दुश्मन हो गयी. ये उसका अहँकार था या कोई कुंठा, मैं कह नहीं सकती, मगर मेरे प्यार को उसने अपनी स्वीकृति नहीं दी.

मेरे पापा स्वर्गीय गोपाल कृष्ण बेलवाल एक नामी एडवोकेट थे. क्रिमिनल केसेज में वे माहिर वकील थे. अपने मात्र १५ वर्षों की वकालत में उन्होंने इतना कमाया कि आने वाली सात पुश्तों के लिए कम नहीं पडता. उनकी अकाल मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी. माँ का विश्वास था कि किसी ने जहर खिलाकर उनकी ह्त्या की थी. तब दीदी और मैं बहुत नासमझ बच्चे थे. माँ के दुःख से दु:खी रहते थे. माँ एकांत में बैठकर बहुत रोया करती थी. पर वह जल्दी ही संभल भी गयी. पापा के जूनियर्स को ऑफिस संभलाकर खुद उनके साथ बैठने लगी और प्रलेख लेखक यानि अर्जीनवीश का काम करने लगी. कुछ ही समय में अदालत परिक्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना ली. माँ बताती थी कि उस पुरुषप्रधान क्षेत्र में उसको बहुत बार अपमान और विषमताओं का सामना करना पड़ा था. विषम परिस्थितियों से जूझते हुए वह आगे जाकर कठोर व्यक्तित्व वाली महिला बन गयी. औरों के सामने वह कभी भी दया की पात्र बन कर नहीं रही. वह ग्रेज्युएट थी और अदालत की कानूनी प्रक्रियाओं से पूरे तरह भिज्ञ भी हो चली थी.

मेरी दीदी रिद्धि बहुत कमजोर मनोबल वाली थी. वह माँ से बहुत डरती थी. उसने माँ की खींची हुई लकीर से बाहर कभी भी पैर नहीं रखा. वह आज बहुत अपने परिवार के साथ जरूर खुशहाल होगी उसके पति भारत सरकार की विदेश सेवा में हैं. सुना है कि आजकल वे फिलीपीन्स की राजधानी मनीला में दक्षिण पूर्वी एशिया के दूतावास में कार्यरत हैं. माँ की मेरे प्रति नाराजी का असर वहाँ भी है. वे लोग मेरे संपर्क में नहीं रहते हैं.

मुझे के.के. से प्यार तब हुआ जब मैं नैनीताल में कुमाऊं यूनिवर्सिटी से बी.एससी. कर रही थी, और के.के. नैनीताल पॉलीटेक्निक में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे. मेरी सास श्रीमती पद्मावती कांडपाल तब एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में अध्यापिका थी. वह भी बहुत कम उम्र में विधवा हो गयी थी. वे बहुत सरल स्वभाव की धार्मिक प्रवृति की हैं. मैंने उनसे अपनी माँ से ज्यादा दुलार पाया है. वे पूरे परिवार के लिए एक समर्पित माँ हैं. उन्होंने अपने दोनों बेटों को रोजगारपरक शिक्षा दिलवाई. मेरे जेठ उत्तर रेलवे में सिग्नलिंग विभाग में इंजीनियर हैं. के.के. ने कहीं नौकरी नहीं की और अपना खुद का आर्किटेक्ट का काम शुरू किया और शहर मे बिल्डिंगें बनाने के ठेके लेते रहे हैं.

जब के.के. ने अपने व मेरे रिश्ते की बात अपनी माँ को बताई तो वह बहुत खुश हो गयी. कार्यक्रम बनाया कि हम दोनों की उपस्थिति में वह मेरी माँ से रिश्ते की बात करेंगी. जब निश्चित तिथि पर वह हमारे घर आई तो मेरी माँ उनका प्रस्ताव सुनकर अप्रत्याशित रूप से आगबबूला हो गयी. मैं छुपने को ही थी कि माँ ने मेरी सास को सबके सामने एक थप्पड़ जड़ दिया. वे लोग अपमानित होकर लौट गए. मेरी मनोदशा इतनी खराब थी कि मैं बयान नहीं कर सकती हूँ. माँ के व्यवहार से मैं शर्मिन्दा थी. गुस्से का उफान मेरे अन्दर भी उमड़ पड़ा. और यह कह कर बाहर आ गयी कि, “मैं आपका घर छोड़ कर जा रही हूँ.”

मैंने सुना माँ जोर जोर से कह रही थी, “जा जा, फिर लौट कर मत आना.”

मैं के.के. के घर आकर खूब रोई. उसकी माँ ने मुझे गले लगा कर कहा, “बेटी, ये सब जिंदगी में होता रहता है. अब ये बता कि आगे क्या इरादा है?”

मैंने दृढ़ता पूर्वक कहा, “अब मैं आपकी बहू बन कर रहना चाहती हूँ.”

घटनाक्रम को नया संचार मिला. जल्दी ही शुभ मुहूर्त निकाल कर हम दोनों का विवाह हो गया. शादी के बाद मैंने एम.एससी. पास की और बी.एड. की डिग्री हासिल की.

के.के. बहुत कर्मठ और उद्यमी हैं. मेरी शैक्षिक योग्यता को सार्थक बनाने के लिए उन्होंने एक नर्सरी स्कूल खोलने में भरपूर मदद की, और धीरे धीरे इस स्कूल को विस्तार देते रहे. इन पन्द्रह सालों में ये नन्हा सा पौधा अब बड़ा पेड़ बन गया है. मेरे नाम पर ही इसका नाम ‘सिद्धि एकेडेमी’ रखा गया. इसमें मेरी सासू माँ का मार्गदर्शन बहुत काम आया. वे सरकारी नौकरी में प्रधानाध्यापिका के पद से रिटायर हो चुकी हैं. के.के. एकेडेमी के सफल व्यवस्थापक हैं. दिन रात कुछ नया सोचते रहते हैं. इस वक्त कुल बच्चों की संख्या करीब आठ सौ तक पहुँच गयी है. पर्याप्त ट्रेंड स्टाफ कार्यरत है. बिल्डिंग हर साल बड़ी होती जा रही है. बच्चों के लिए प्लेग्राउंड, वाचनालय, जिम और प्रयोगशाला सब की यथोचित व्यवस्था है. मेरे अपने दोनों बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) यहीं हाईस्कूल कक्षाओं में पढ़ रहे हैं.

मैं अपने ऑफिस के बाहर बाल्कनी में खड़ी होकर भविष्य की अनंत संभावनाओं को देख रही हूँ.

आज एक स्थानीय अखबार में खबर छपी है कि "अर्जीनवीस पार्वती बेलवाल गंभीर रूप से बीमार है." पढ़कर मेरे तनमन पर एक अजीब सी झुरझुरी दौड़ पड़ी है. सोच रही हूँ कि मेरी रगों में उसी का खून दौड़ रहा है. मैं उसी का अंश हूँ, पर मैं मजबूर हूँ ‘वचनों’ से बंधी हुई हूँ. वहाँ नहीं जा सकती हूँ.

मुझे उदास व बेचैन देखकर मेरी सासू माँ मेरी मनोदशा को भांप गयी. और बोली, “अरे, माँ तो माँ होती है, ज्यादा से ज्यादा अपमान ही तो कर पायेगी. जा उनसे मिल आ. बच्चों और करन को भी साथ ले जा. अन्यथा मन में मलाल रह जाएगा.”

के.के. सुन रहे थे, बोले, “मैं गाड़ी निकाल रहा हूँ”.
***

रविवार, 4 अगस्त 2013

बैठे ठाले - ६

मैं राजनीतिज्ञ नहीं हूँ और न वर्तमान में किसी राजनैतिक दल से किसी प्रकार सम्बंधित हूँ, पर जब हमारे टी.वी. चैनल्स और कुछ फेसबुक के मित्र नित्यप्रति अपनी राजनैतिक सोच को ठूँस ठूँस कर पिला रहे हैं तो मेरा मन भी वमन  करने को हो रहा है.

लोकसभा के चुनावों को अभी एक वर्ष शेष है, पर ‘कुर्सी पकड़’ की योजना में जो समीकरण बन रहे हैं, वे अभूतपूर्व हैं. कुछ मीडिया वालों ने अपने झूठे-सच्चे प्री-पोल रिजल्ट भी बता दिये हैं, जो सिर्फ एक व्यापारिक चातुर्य के अलावा कुछ नहीं हैं. ऐसे रिजल्ट तो उनसे ज्यादा अच्छी तरह हमारे भविष्यवक्ता ज्योतिषी लोग अंदाजा लगा कर पेलते रहते हैं.

मैंने भी अपने बचे-कुचे बाल यों ही धूप में सफेद नहीं किये हैं. कोई माने या ना माने,  देश की आजादी के समय से ही जो राजनैतिक खिचड़ियाँ समय समय पर पकती रही हैं मैं उनका चश्मदीद गवाह रहा हूँ इसलिए अपनी प्रतिक्रिया देकर मन हल्का कर लेना चाहता हूँ.

देश में व्यवस्था या सत्ता परिवर्तन एक शुभ लक्षण होता है. नए लोग कुछ नए ढंग से सोचते हैं, परन्तु हमारे यहाँ जो भीड़तन्त्र काम करता है उसके नतीजों का आँकलन इतना आसान नहीं होता है. सन १९७७ में मोरारजी भाई की जनता सरकार का जो हश्र हुआ था, वह कोई बहुत पुरानी बात नहीं है. उस समय भी कांग्रेस हटाओ का नारा था. उद्देश्य सत्ता झपटने का और सुशासन लाने का था.

गुजरात के वर्तमान मुख्यमन्त्री नरेंद्र भाई मोदी एक धूमकेतु की तरह भारतीय राजनैतिक आकाश पर उभरे हैं. ये ध्यान में रखने वाली बात है कि धूमकेतु अल्पायु होता है. यद्यपि उनके शीर्ष पर चढ़ने के संयोग बने हैं, लेकिन भाजपा के अन्दर की लड़ाई के चक्रव्यूह से वे निकल पायेंगे, इस पर अनेक संशय हैं. यदि वे चक्रव्यूह से बाहर निकल भी गए, तो २७२ का जादुई आंकड़ा छू पायेंगे? अभी के समीकरणों से संभव नहीं लग रहा है.

आम लोगों की अपनी अपनी राजनैतिक प्रतिबद्धता हमेशा रही है. जहाँ तक उत्तर भारत के मतदाताओं के विषय में आंकलन किया जाता है, उत्तर प्रदेश में १५ से २० प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं, जिन पर मुलायम सिंह जी की अच्छी पकड़ है. उनके प्रभाव क्षेत्र के बाहर नरेंद्र मोदी जी का नाम आने के बाद जो ध्रुवीकरण हो रहा है, वहाँ मुस्लिम मतदाता मोदी नाम के भूत से इतना सहमा हुआ है कि निश्चित रूप से विकल्प के रूप में फिर से कॉग्रेस से जुड़ने जा रहा है. देश भर में ये जो वोटों का स्विंग होगा, उससे राजनाथसिंह जी का हिंदूवादी कार्ड क्या परिणाम लाएगा, अभी अनुमान नहीं लगाया जा सकता है. ये भी एक सच्चाई है कि हिन्दू वोटर कभी एकमुश्त भाजपा का समर्थन नहीं करते हैं. देश के अब २९ राज्यों में क्षेत्रीय दल अपने अपने हिस्से के वोट समेटेंगे तो कॉग्रेस को बीजेपी के मुकाबले ज्यादा फ़ायदा होगा. अत: तराजू का झुकाव किस ओर रहेगा अभी कहना ठीक नहीं होगा.

आगामी चुनावों में सत्तापक्ष द्वारा पिछले पाँच वर्षों में किया गया काम, बढ़ी हुई महंगाई का स्तर, पेट्रो-डीजल व रसोई गैस की बढ़ी कीमतों का दंश तथा बड़े बड़े घोटालों की कालिख सब सामने लाये जायेंगे, पर ऐन वक्त पर जो चुनावी टोटके किये जाते हैं, जिनसे ‘हवा’ बनती है वे सब आजमाए जायेंगे. इस काम में ये पुराने खिलाड़ी बड़े शातिर हैं. अपनी खास सीटें निकाल कर ले जायेंगे.

कॉग्रेस के बारे में ऐसा जरूर लगता है कि वह इस समय वह पिछड़ रही है क्योंकि उसके पास कोई चमकदार धाकड़ नेता नहीं है, लेकिन कॉग्रेस एक मधुमक्खियों के छत्ते की तरह है, जिसमें एक रानी मक्खी भी होती है. अभी कांग्रेस की उस शक्ति को नकारना या कम आंकना राजनैतिक बेवकूफी होगी.

जब डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमन्त्री बनाया गया था, तो उस तीर के कई उद्देश्य थे. किसी सिख को प्रधानमन्त्री बनाकर पंजाब में ‘ब्लू स्टार’ की आग को ठंडा करना था. इसके अलावा सारी दुनिया आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही थी, तो ऐसे समय में एक अर्थशास्त्री को कमान सौंपना दूरदर्शिता थी. डॉ. मनमोहन सिंह का दुर्भाग्य यह रहा कि उनके दूसरे कार्यकाल में बड़े आर्थिक घोटालों की बाढ़ सी आ गयी. ईमानदार व्यक्ति होते हुए भी सारी बदनामी उनको झेलनी पड़ी है/ पड़ रही है. एक महत्वपूर्ण बात ये भी है कि वे थोपे गए प्रधानमंत्री हैं, जिनकी डोर थोपने वालों के हाथों में रही है.

आज फेसबुक पर मेरे एक मित्र ने मुग़ल सल्तनत के आख़िरी बादशाह जफर और अंग्रेजी हुकूमत के आख़िरी वायसरॉय लॉर्ड माउंटबेटन के साथ कॉग्रेस के आख़िरी प्रधानमन्त्री के रूप में डॉ.मनमोहन सिंह का चित्र लगाया है. मैं इस विषय में कहना चाहूंगा कि सन १९७७ में भी हम सब को ऐसा ही लग रहा था कि इंदिरा गाँधी कॉग्रेस की आख़िरी प्रधानमंत्री होंगी, लेकिन बाद में तीन चौथाई सीटें जीतकर कॉग्रेस ने लोकसभा में नया इतिहास बनाया था.

कुल मीजान तप्सरा ये है कि जनतंत्री व्यवस्था में राजनेता बदलते रहते हैं, या बदलते रहने चाहिये. मैं अपने उन सभी मित्रों को सादर सलाह देना चाहता हूँ जो कि अतिउत्साहित होकर फेसबुक पर अपने अग्राह्य नेताओं के प्रति आपत्तिजनक अपशब्द इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसा करने से खुद का ही मुँह गंदा होगा और कुछ हासिल नहीं होगा.

पुनश्च : कॉग्रेस और भाजपा दोनों ही बड़ी पार्टियां हैं. ये दोनों चुनावों के धर्मयुद्ध में एक दूसरे पर ‘साम्प्रदायिकता’ का लांछन लगाते रहे हैं, अन्यथा कुछ ऐतिहासिक घटनाओं के परिपेक्ष्य में चाल चरित्र अलग अलग दिशाओं की तरफ दिखने के अलावा शासन-प्रशासन के तौर तरीकों में दोनों की रीति-नीति में कोई फर्क नहीं है. इस पर एक अमरीकी सांसद ने मजेदार सलाह दी कि दोनों पार्टियों का आपस में विलय हो जाना चाहिए और पार्टी का नाम रखना चाहिए, ‘भारतीय जनता कांग्रेस’.

आप सहमत हों या ना हों वर्तमान राजनैतिक आकाश में तीसरी शक्ति वाम दल कहीं नेपथ्य में खोये से लगते हैं. निश्चित रूप से ये इनके नेतृत्व की कमजोरी है. विश्लेषण बताते हैं कि कॉग्रेस और भाजपा दोनों ही पूँजीवाद के पोषक हैं और परोक्ष रूप से अमेरिका परस्त हैं. देश के असंख्य मेहनतकश, गरीब सर्वहारा लोगों के हितों की रक्षा के लिए देश की सर्वोच्च पंचायत में इनकी उपस्थिति अपरिहार्य है. लेकिन वाम शक्तियां बुरी तरह बंटी हुई हैं. कहीं नक्सलवाद व कहीं माओवाद जैसे बदनाम उग्रवादी कार्यकलापों तक सीमित मालूम पड़ते हैं. इसके अलावा जो राजनैतिक दल अपना समाजवादी नाम रख कर ‘सोशलिज्म’ को बदनाम कर रहे हैं, ‘किंग मेकर’ बन कर मूछों में ताव देने की फिराक में हैं.

अंत में मैं यही कहना कहूँगा कि ये सोचना कि   ‘कोऊ नृप होवे हमें का हानि, चेरी छोड़ होहिं न रानी.’ बहुत गैरजिम्मेदारा होगा.
*** 

शुक्रवार, 2 अगस्त 2013

शेरदा लान्गरी

अल्मोड़ा और हल्द्वानी के बीच भवाली से पहले मोटर मार्ग पर गहरी घाटी में ‘गरम पानी’ ऐसी जगह है, जहाँ पहाड़ से आने वाले या पहाड़ को जाने वाले यात्रियों को भोजन कराने के लिए सभी कुमाऊं मोटर मालिकों की तथा रोडवेज की बसें रुका करती थी. यहाँ बहुत सारे ढाबे हुआ करते थे, जिनमें स्वादिष्ट भोजन- दाल-चावल, सब्जी-पूड़ी, मीट-रोटी, आलू-पकोड़े, रायता-चटनी साथ में भुनी हुई लाल मिर्च, सब कुछ यात्रियों की इच्छानुसार परोसे जाते थे. आज भी परोसे जाते होंगे, पर अब तो पूरे मार्ग में जगह जगह अच्छे अच्छे ढाबे खुल गए हैं. बस ड्राइवरों की जहाँ सेटिंग रहती है, वहीं पर बस रोकी जाती है. लेकिन वो पुराना स्वाद अब खाने में नहीं आता है.

शेरू उर्फ शेरसिंह का बचपन इन्ही ढाबों में काम करते हुए गुजरा. बर्तन साफ़ करने से लेकर थाली परोसने तक का सब काम वह फुर्ती से किया करता था. वह अनाथ था. किसी गाँव वाले ने उसे यहाँ की राह दिखाई थी. उसे तो अब अपने मूल गाँव की कोई याद भी नहीं रही. यहाँ उस भुखमरे बच्चे की मौज थी. बचा हुआ वेज, नानवेज, सभी तरह का खाना उसे भरपेट जो मिल जाया करता था.

माँ-बाप उसकी यादों में भी नहीं रहे. उसे डांटने-डपटने वाला भी कोई नहीं था फलत: वह बचपन से ही स्वच्छंद हो गया. मनमौजी लोग अकसर हट्टे कट्टे रहते हैं. जवान होने पर वह अपने दोस्त पानसिंह के साथ रानीखेत जाकर कुमायूँ रेजीडेंट में भर्ती हो गया. रंगरूटी करने के बाद उसे लंगर की ड्यूटी में भेज दिया गया. क्योंकि उसने अपने कमांडेंट को अपना पिछला इतिहास बता रखा था. यही से उसे ‘शेरदा लान्गरी’ पुकारा जाने लगा.

सँयोग की बात थी कि एक बार जब वह फ़ौज से छुट्टी में गरमपानी की राह पर था तो उसकी मुलाक़ात एक पुलिस दरोगा गोविन्दसिंह बिष्ट से हो गयी गोविन्दसिंह उसके व्यक्तित्व से इतने प्रभावित हुए कि उसे अपना घर-जंवाई बनाने का पस्ताव दे दिया. गोविन्दसिंह की तराई में तीन एकड़ जमीन थी और केवल एक ही बेटी थी कमली. जो छुटपन से ही जिद्दी और अक्खड़ स्वाभाव की थी. दरोगा जी ने सोचा कि शेरसिंह जरूर कमली पर नकेल डाल कर रख पायेगा.

इस प्रकार शेरसिंह की शादी कमली से कर दी गयी. शेरसिंह अब गृहस्थ हो गया और हर साल छुट्टी आता जाता रहा. किसी ने कहा है, "हरदी जरदी ना तजे, खटरस तजे ना आम." उसके स्वभाव में कोई परिवर्तन नहीं आया.

पन्द्रह साल की नौकरी करके, पेन्शन पाकर, जब वह रिटायर हुआ तब उसके दो बेटे हो चुके थे.

उसका दोस्त पानसिंह भी उसके साथ ही लान्गरी रहा वह उसके सारे राज जानता था. और छुट्टी आने पर कमली से सारी चुगली कर जाता था. उसने कमली को बता दिया कि 'शेरसिंह उसके प्रति वफादार नहीं है, वह वैश्यालयों के चक्कर लगाया करता है’. भारतीय नारी सब कुछ बर्दाश्त कर सकती है, पर दुश्चरित्र पति की छाया अपने घर परिवार पर कभी नहीं चाहेगी. कमली उग्र स्वभाव की थी ही, पानसिंह की चिंगारी ने उसे खूंखार बना दिया. उसके मन में आग तो सुलग ही रही थी, इस बार जब वह घर आया तो कमली ने उससे पानसिंह की कही हुई बातों पर सफाई माँग ली. शेरसिंह शराब के नशे में था. बातों ने हंगामे और मारपीट का रूप ले लिया. कमली और उसके किशोर बेटों ने उसकी धुनाई कर डाली. घर जायदाद सब कमली के नाम पर था इसलिए उसने शेरसिंह से घर से निकल जाने का फरमान जारी कर दिया. शेर शेरनी से जीत नहीं पाया इसलिए गुस्से में कसमें लेकर कह आया, “अब इस दरवाजे पर मैं कभी नहीं आऊँगा.”

शेरदा लान्गरी इस प्रकार परिवार से अलग हो गया. तल्ली हल्द्वानी में किराए से कमरा लेकर रहने लगा. उसने एक खच्चर वाली रेहड़ी खरीद ली और कृषि उपज मंडी के आढ़तियों का काम करने लगा. उसने अपनी अलग स्वच्छंद दुनिया बसा ली. खूब शराब पीता था, यार दोस्तों को भी पिलाता था. यों २५ वर्ष एकाकी रह कर काट लिए. बिछुडे परिवार से कोई सम्बन्ध नहीं रखा और न परिवार वालों ने उसकी कुशल बात पूछी.

शेरदा अब बूढ़ा हो गया है. उसके शरीर को बहुत सी बीमारियों ने आ घेरा है. रेहड़ी चलाना उसने वर्षों पहले छोड़ दिया था. उसे बार बार अपना किराए का कमरा भी बदलते रहना पड़ता है. लोगों ने किराए भी बहुत बढ़ा दिये हैं. पेन्शन का बड़ा हिस्सा मकान भाड़े में जाने लगा है. अब वह आर्मी कैंटीन से सस्ते दर पर मिलने वाली अपने हिस्से की शराब मंडी के आसपास चोरी से फुटकर में बेचा करता है. उसके नियमित ग्राहकों में एक ज्ञानवल्लभ पन्त भी हैं, जो शराब का सेवन तो करते हैं, साथ ही बाबा जी के प्रवचन सुनने भी जाते हैं. पन्त ने शेरदा को भी सत्संग में जाने की प्रेरणा दी और अब शेरदा सत्संगी हो चला है. श्रोताओं की अगली पंक्ति में बैठ कर ध्यान पूर्वक प्रवचन सुना करता है.

एक दिन बाबा जी कह रहे थे, “मनुष्य कितने ही पाप कर ले यदि उन पर उसे पश्चाताप हो और सच्चे मन से परमेश्वर से लगन लगा ले तो सांसारिक दु:खों से मुक्त हो सकता है.” प्रवचनों का ऐसा असर हुआ कि शेरदा रात भर आत्ममन्थन करने लगा. उसको अहसास होने लगा कि ‘उसने अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को कभी नहीं समझा, सारी गलती उसी की थी’. वह पश्चाताप की आग में कई दिनों तक जलता रहा. एक दिन वह हिम्मत करके कमली और बेटों के घर माफी मांगने के विचार से पहुँच गया, लेकिन वहाँ किसी ने उसका स्वागत नहीं किया. बूढ़ी कमली ने कर्कश वाणी में कह दिया, “हम तुझे नहीं जानते हैं. तुम्हारे लिए यहाँ कोई जगह नहीं है.” उसके जवान बेटे, बहुएँ, पोता-पोती सब तमाशा देख रहे थे. किसी के मुँह से एक शब्द भी नहीं निकला क्योंकि वे सब उसकी कहानियां सुन सुन कर पूर्वाग्रहों से पीड़ित थे.

शेरदा लौट पड़ा. उसे अपने पैरों का वजन इतना ज्यादा लग रहा था कि उससे उठाये नहीं जा रहा थे.
***

बुधवार, 31 जुलाई 2013

अल्लामा इकबाल

अल्लामा का शाब्दिक अर्थ है विद्वान. बीसवीं सदी के उर्दू-फारसी के महान शायर इकबाल मुहम्मद ने अपने एक शेर में खुद लिखा है:

हजारों साल नर्गिस अपनी बेनूरी पर रोती है,
बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा.

वास्तव में अल्लामा इकबाल (१८७७-१९३८) एक दीदावर ही थे.

उनके पूर्वज कश्मीरी पण्डित (सप्रू) होते थे. उनके दादा सियालकोट जा बसे थे और इस्लाम धर्म अपना लिया था. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सियालकोट के एक मिशन स्कूल से प्राप्त की. बाद में उच्च शिक्षा कैम्ब्रिज, म्यूनिख और हेडेलबर्ग में पाई. हिन्दुस्तान लौट कर कुछ समय ओरियेन्टल कॉलेज में अध्यापन व लाहौर में वकालत भी की. उर्दू, फारसी भाषा, व इस्लामिक दर्शन पर उन्हें महारत हासिल थी. उनके लिखे ‘जावेद नामा’ में प्राचीन भारतीय दर्शन अर्थात वेद और उपनिषदों का प्रभाव स्पष्ट नजर आता है. उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘असर-ए-बेबुदी’, ‘बंग-ए-दारा’ है. देशभक्ति से ओतप्रोत तराना ‘सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ बंग-ए-दारा’ में ही संगृहित है. उनकी फारसी रचनाओं को ईरान व अफगानिस्तान में भी बहुत प्रसिद्धि मिली हुई है. वहाँ उनको ‘इकबाल-ए-लाहौर’ के नाम से जाना जाता है. डॉ. इकबाल ने बच्चों के लिए भी बहुत प्यारे प्यारे नगमे भी लिखे हैं.

उनकी लेखनी में साम्राज्यवाद के खिलाफ आक्रोश था. उनके विचार घर्म व दर्शन के अलावा राजनैतिक सन्दर्भ में बहुत प्रखर थे. बहुत से बुद्धिजीवी आज आश्चर्य करते हैं कि उनके दिमाग में मुसलमानों के लिए अलग राष्ट्र यानि पाकिस्तान की परिकल्पना कैसे और क्योंकर पैदा हुई होगी? वे इन्डियन मुस्लिम लीग से जुड़े और मुहम्मद अली जिन्ना के साथ मिलकर पृथक मुस्लिम राष्ट्र की जद्दोजिहद में शामिल हो गए. १९३० में उन्होंने ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के अधिवेशन में अध्यक्षता करते हुए पाकिस्तान की माँग को प्रमुखता दी.

१९३२ में इंगलैंड में बुलाये गए तीसरे गोल मेज सम्मलेन में वे मुस्लिम प्रतिनिधि के रूप में शामिल होने के लिए लन्दन गए जहाँ ब्रिटिश सरकार ने उनकी प्रतिभा को सराहते हुए ‘सर’ की उपाधि से नवाजा था.

अल्लामा इकबाल के अनेक मुँह बोलते शेर हैं, जो हर महफ़िल में आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं जैसे:
       
           खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले
           खुदा बन्दे से खुद पूछे बता तेरी रजा क्या है.
       
           दिल की बस्ती अजीब बस्ती है, लूटने वाले को तरसती है.
         
           सितारों के आगे जहाँ और भी हैं, अभी इश्क के इम्तहाँ और भी हैं.

बीसवीं सदी के इस महान बुद्धिजीवी+शायर+राजनीतिज्ञ को मरणोपरांत पाकिस्तान का राष्ट्रकवि घोषित किया गया, लेकिन यह एक सत्य है कि वे देश की सीमाओं से बहुत ऊपर थे. राजनैतिक परिस्थितिवश वे भारत-पाकिस्तान के बँटवारे के लिए जिम्मेदार लोगों में से एक माने जाते हैं. अफसोस ये है  कि वे अपने जीवन काल में आजाद पाकिस्तान को नहीं देख पाए.

आज अगर वे मौजूद होते तो पाकिस्तान की सियासत व कट्टरपंथियों के चरित्र को देख कर जार जार रोते.
***