बुधवार, 23 नवंबर 2011

प्रतिक्रिया


गम्भीर सन्नाटा, भयावह अन्धेरा, हवा की फुसफुसाहट भी डरा रही थी. मोटे-मोटे घने पेड़ सड़क के दोनों ओर ऐसे खड़े हुए थे कि कई फर्लांग दूर तक सड़क सुरंग की तरह लग रही थी. आगे बहुत दूर क्षितिज पर एक दीप टिमटिमा रहा था. समय मध्य रात्रि से आगे बढ़ चुका था, वह अंदाजा लगाती है. ना जाने कब से वह भागे चली जा रही है? कितना और चलना होगा ? चिंतातुर तो अवश्य थी. 

रात को घर से बाहर जाने में वह डरती थी पर आज इस नि:शब्दता में उसके पैर अपने आप आगे बढे चले जा रहे थे. वह अपने प्रिय का चिंतन भी करती जा रही थी, ‘कितना सुन्दर, सुडौल और प्यारा है उसका आदर्श?’ वह उसी के स्वरुप में खोई हुई है. ‘वह अभी सोया भी नहीं होगा. वह रातों में जागता रहता है. मैं जब अचानक पहुंचूंगी तो वह हैरान हो जाएगा, उसकी आंखों में नशा सा चढ जाएगा. कितना आनंद आ जायेगा हम दोनों को?

उसने धीरे से अपने बालों को पीछे की ओर फेरा, खुले बाल बेहद मुलायम थे, दोनों हथेलियों से अपने गालों को सहलाया तो बहुत ठन्डे-ठन्डे लगे. ‘ये ठंडक उसे भी सांत्वना देगी.’ फिर चलते–चलते उसने अपने हाथों से छाती व कमर को छुआ. उसे अपने ख़ूबसूरती पर भी नाज हो आया. उसकी हथेलियाँ साड़ी तक गयी और फिसल पडी. सोचने लगी, ‘कितनी मोहक लगेगी उसको मेरी साड़ी!’

उसका लक्ष्य दीपक अब ज्यादा दूर नहीं लग रहा था. वह मन ही मन मुस्कुराई, फिर सोचने लगी, ‘मेरा ये छलकता यौवन और मधुमय प्यार उसे मदहोश कर डालेगा. वह मुझ में समा जाएगा. अल्लाह ने हम दोनों को एक दूसरे के लिए ही बनाया है.’

एकाएक मक्का और मदीने के दृश्य उसके जहन में आ गए. कुरान शरीफ की आयतें वातावरण में गुनगुनाने की आवाजें जैसी आने लगी. वह अभिभूत होकर सोचने लगी कि 'मैं अल्लाह की मर्जी से जा रही हूँ. वह भी अल्लाह का ही नुमाइंदा है, इसीलिए तो इतनी रात में मुझे इस तरह खींचा चला जा रहा है. इंसानों में ये सब कहा होता है?”

दीपक जब करीब आने लगता है तो वह और भी तेज हो जाती है. उसने अपनी आखें बंद कर ली हैं फिर भी उसे ना जाने कैसे रास्ता साफ़-साफ़ दिखाई दे रहा है?

उसकी पलकों के अन्दर पुतलियाँ तेजी से घूमती महसूस होने लगी. पुतलियों में बैठा हुआ, वह भी तो घूम रहा था अचानक पुतलियाँ स्थिर हो गयी. उसका महबूब सामने खड़ा था. उज्जवल सफ़ेद कुर्ता-पायजामा पहने, आभा मण्डल युक्त चेहरा, गले में मोगरे की माला, लखनवी टोपी, मंद-मंद मुस्कान लिए वह इस दुनिया के परे किसी और लोक का अतिमानव सा लग रहा था फिर एकाएक उसका दूसरा ही रूप उसने देखा कि वह फ़िल्मी अंदाज में गाने लगा. वह सुन कर विभोर हो गयी. वह खुद भी संगीत से बहुत मोह रखती है. बीन के साथ तबले की थाप नेपथ्य में सुनाई देने लगी. कितनी प्यारी सरगम है? शायद राग ___ है.’ उसके पैर भी थिरकने लगते हैं. उसे लगा सैकड़ों घुँघरू एक साथ छ्मकने लगे हैं.

अगले ही क्षण वह देखती है कि वह तो पीली पगड़ी, शेरवानी-चूडीदार पायजामा पहने सामने आ गया. उसका मुँह तो बंद था पर सुहावनी मधुर आवाज उसी की है. ‘वह पीर है तो ऐसे भी तो गा सकता है.’

अब वह उसके पास पहुँच गयी. वह सारी वीरानी व अन्धेरा कुचल आई है. दीपक में तेज प्रकाश तो है पर उसकी आंखें धुन्धला सी गयी है आँखों से दीपक की रोशनी पीने की कोशिश करती है. उसे महसूस हुआ कि वहाँ तो बहुत बड़ी महफ़िल बैठी हुई है, और उसका महबूब सबका सरताज बन कर बैठा है. दीपक उसके आगे है या पीछे ठीक ठीक अंदाज नहीं लगा पा रही है. वह और भी आगे बढ़ी तो उसने पाया कि दीप तो ऊंचे से स्तूप पर सजा है. स्तूप तो मस्जिद का ही है. चलो ये भी अच्छा हुआ कि महबूब मस्जिद में ही मिल गया. लोग ये तो नहीं कहेंगे कि किसी गैर मुसलमान से रिश्ता जोड़ा है.

मस्जिद में चढने के लिए बहुत छोटी-छोटी सीढियां क्यों बनाई होंगी? इनमें तो बच्चों के पैर भी पूरे नहीं आ सकते हैं. अवश्य ये मेरे पैगम्बर के हिसाब से बनाई गयी होंगी.

वह सीढियां चढ गयी. उसे विश्वास हो गया कि मंजिल तक पहुँच गई है. उसने खुदा का लाख लाख शुक्रिया अदा किया. पर ये क्या एक पल में नजारा बदल गया. वह एक गुम्बज के नीचे बैठा था. उसी के बदन से उजाला हो रहा था. क्या ये सब कोई माया है? वह अजब पेशोपेश में पड़ गयी. लेकिन जब वह आया और उसको अपने हाथों से सहारा देकर आसन तक ले गया तो एक स्वर्गीय अनुभूति का एहसास हुआ. उसका स्पर्श बड़ा मोहक था.

उसने कहा, “इतनी रात गए तुम इस तरह अकेली क्यों भटक रही हो?”

“मैं तुम्हें पाने के लिए सब छोड़ कर आ गयी हूँ.”

“देवी, तुम ये क्या कह रही हो? मैं ब्रह्मचारी साधक हूँ. ऐसा पाप कैसे स्वीकार सकता हूँ?”

“पाप-पुण्य की परिभाषा मैं नहीं जानती हूँ. मैं तो तुमको जानती हूँ. तुमको चाहती हूँ. ये मेरी वर्षों की साधना है खुदा के लिए अब मुझे दूर रहने की बात मत करो.”

वह उसके करीब जाने की कोशिश करती है पर वह दूर हट जाता है.

“देवी, तुम भावनाओं में बह रही हो. तुम बी. ए. तक पढ़ी हुई लड़की हो मैं रमता जोगी. दोनों के संस्कार भी अलग-अलग हैं.”

“मैं सब सोच समझ कर ही सभी कुछ छोड़ आई हूँ. अब आपके अलावा मेरा कोई और नहीं है. आप भविष्य मेरे हाथों में दे दो, बस. मैं आपको टालस्टाय, रवीन्द्र नाथ टैगोर व शरतचन्द्र की तरह आदर्शों में नहीं उलझाना चाहती हूँ, गोर्की और मुंशी प्रेमचंद की तरह सामाजिक विषमताओं में नहीं भटकाना चाहती हूँ, जाँन डी.पासोस की तरह लड़ाई के मैदान में नहीं भेजना चाहूंगी, मैं आपको ज्याँ पाल सार्त्र की तरह विद्रोही नहीं बनाना चाहती हूँ, नाथाली सर्रात की तरह व्यक्तित्व विहीन नहीं रखना चाहती हूँ, आदिल रशीद, कृष्ण चंदर व गुलशन नंदा की तरह फ़िल्मी हीरो या खलनायक बना कर अपराध वृतियों में नहीं फ़साना चाहती हूँ, शिवानी की तरह चरित्र में नहीं उलझाऊंगी और ना गुरुदत्त की तरह ऐतिहासिक पुरुष बनाऊँगी. बाजारू साहित्य में आपका नाम नहीं लिखने दूंगी. मुझे नसीहत नहीं आपकी प्यार भरी स्वीकृति चाहिए. आप कलामय हैं, मुझे आपसे प्यार है.”

“देवी, ये सब नासमझी की बातें हैं. ये दुनिया तुम्हारे जज्बातों को नहीं निगल पायेगी. सुनती नहीं हो ये पत्थर तक हमारे बारे में क्या क्या बातें करने लगे हैं?”

उसने देखा सचमुच सभी पत्थरों के आड़े-टेढ़े मुँह से बन गए हैं. कुछ आवाजें भी आने लगी. शोर बढ़ता गया. देखते ही देखते चेहरों की भीड़ लग गयी. “मारो-मारो, ठीक कर दो, गुंडा गर्दी नहीं चलेगी. हम धर्म नहीं बदलने देंगे.”

वह डर गयी बहुत परेशान हो गयी, बड़े दर्द भरे स्वर में बोली, “चलो हम कहीं और चलें.”

वह उठ कर उससे चिपट गयी. एक बड़ा सा नुकीला पत्थर बह्मचारी के माथे से टकराता हुआ जोर से उसे आ लगा. वह जोरों से चिल्ला पड़ी, “हमको मत मारो.” और भयातुर हो उठ बैठी.

अम्मी सामने खड़ी मुस्कुरा रही थी, बोली, “तू ये नावल-शावल पढना बंद कर, वरना किसी दिन जरूर पागल हो जायेगी. उठ, हाथ मुँह धो ले, चाय पी ले. आठ बज चुके हैं.”
                                        ***

सोमवार, 21 नवंबर 2011

बल्लू


उसका असली नाम बलवंतसिंह है पर यह नाम किसी को मालूम नहीं था. जिस तरह कई लोग कुत्ता या बिल्ली का बच्चा घर ले आते है और उसे घर भर के लोग प्यार से पालते हैं, उसी तरह एक आदमी के बच्चे को विनोद कुमार तिवारी, पिण्डारी ग्लेशियर के नजदीक कपकोट के एक रिमोट गाँव से लेकर अपने निवास हल्द्वानी में ले आये. तिवारी जी स्टेट बैंक में कैशियर थे, कुछ दिनों के लिए लीव वैकेंसी में कपकोट भेजे गए थे.

बल्लू, मासूम सा १० वर्ष का बच्चा, एकदम पहाड़ के किसी गाँव-गधेरे से निकला जंगली हिरन के बच्चे से कम नहीं था. तिवारी जी की दो बेटियाँ हैं नीमा और सीमा. तब उनकी उम्र क्रमशः ८ और ६ वर्ष थी. बल्लू के आ जाने से उनको बहुत अच्छा लग रहा था जैसे एक बड़ा खिलौना मिल गया हो. बल्लू नया नया था तो सहमा-सहमा रहता था, उसने बाहर की दुनिया पहली बार देखी थी. मेरे मोहल्ले के शैतान बच्चे उसे ‘नौकर’, ‘नौकर’ कहके छेड़ते थे तो वह उदास होकर रह जाता.

बल्लू का बाप तो उसकी याददास्त से पहले ही उसे अनाथ छोड़ कर इस दुनिया से चला गया था, एक माँ थी जो तमाम अभावों में जी रही थी. पहाड़ की कठिन जिंदगी है पर उसके समान बहुत से परिवार एक दूसरे का दु:ख देख कर मन हल्का किया करते थे. बच्चा बड़ा हो जायेगा, कुछ नौकरी करेगा, वीरान बगिया मे फिर बहार आयेगी, इसी आस के साथ दिन कट रहे थे. एक दिन गाँव के सभापति ने बल्लू की माँ को सन्देश भेजा कि ‘बैंक के मैनेजर को एक नौकर चाहिए, अगर वह अपने लड़के को भेजना चाहे तो बात की जा सकती है.’

बल्लू की माँ बहुत सोच-विचार में पड़ गयी, वह तो अपने इकलौते बेटे को उस तरह रख रही थी जिस तरह एक मुर्गी अपने चूजों को अपने पंखों से ढक कर रखती है. लेकिन जब उसको बताया गया कि तिवारी जी उसको आगे पढाई भी करायेंगे और परिवार में अपने बच्चे की तरह पालेंगे तो उसने अपने जिगर के टुकड़े को उनके हवाले कर दिया. एक सन्तोष की बात ये भी थी कि तिवारी जी ने कहा कि हर महीने १०० रुपयों का मनीआर्डर बल्लू की माँ के पास पहुँच जाएगा.

बल्लू हल्द्वानी आ गया. धीरे धीरे बच्चों के साथ घुलमिल गया. श्रीमती तिवारी ने उसे घर के छोटे-मोटे कामों में लगा दिया. घर की साफ़-सफाई, झाडू-बुहारा, बर्तन मांजना मुख्य काम था. वह लगन से, कुछ डर से भी नियमित करने लग गया.

तिवारी जी ने पामेरियन नस्ल के दो कुत्ते भी पाल रखे थे. शुरू-शुरू में तो बल्लू उनसे भयभीत रहता था पर धीरे-धीरे दोस्ती हो गयी. कुत्तों को खाना खिलाना उसकी जिम्मेदारी में आ गया. बाउंड्री के अन्दर कुत्तों द्वारा मल-मूत्र विसर्जन करने की स्थिति में उसको अनिच्छा व घृणा पूर्वक सफाई तो करनी ही पड़ती थी क्योंकि वह था तो बेचारा ‘नौकर’.

गाहे-बगाहे तिवारी जी और श्रीमती तिवारी की ड़ाट-डपट भी खाता रह्ता था. बच्चा ही तो था, देर तक सोता था, कभी खेल में लग जाता था लेकिन एक खास बात ये रही कि वह तिवारी जी की बेटियों की कापी-किताबों व स्कूल सम्बंधी सभी कार्य कलापों की जानकारी रखने लगा. उसे पढाई के प्रति रूचि रहने लगी. दोनों लडकियां बल्लू भैय्या को पढ़ाने-बताने में होड़ करने लगी.

तिवारी जी अपने वायदे के अनुसार हर महीने १०० रूपये जरिये मनीआर्डर उसकी माँ को अवश्य भेज देते थे. माँ खुश थी. बेटा अभी से कमाने लगा है और अच्छे परिवार के साथ बंधा हुआ है. साल में गर्मियों में तिवारी जी जब एक महीने के लिए अपने पैतृक निवास रानीखेत जाते थे तब बल्लू को उसकी माँ के पास भिजवा देते थे.

इस तरह दस साल तक वह तिवारी परिवार का सेवक बना रहा. उसकी प्रतिभा देख कर तिवारी जी ने उसे हाईस्कूल की परिक्षा दिलवा दी थी. उसके लिए बकायदा ट्यूशन की व्यवस्था भी उन्होंने करवाई थी. परिणाम अच्छा ही आना था. बल्लू प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ. अध्यवसाय व मेहनत कभी बेकार नहीं जाते हैं. फिर क्या था बल्लू घर का सारा काम खुद करने लगा था साथ ही अपनी पढाई में भी व्यस्त रहने लगा. वह अब सयाना हो गया था.

बल्लू को प्रोत्साहित कर आगे पढाई के लिए नियमित दाखिला उन्होंने दिला दिया. अब बल्लू के लिए खर्च करना व उसकी परवरिश करने में तिवारी जी को बहुत आनंद आता था. बल्लू की देखा देखी उनकी दोनों बेटियाँ भी लगन से पढ़ रही थी तथा बढ़िया नम्बरों से उत्तीर्ण होती जा रही थी.

तिवारी जी का प्रमोशन और ट्रांसफर लखनऊ को हो गया तो हल्द्वानी वाले घर की देखरेख और कुत्तों को सम्हालने का जिम्मा बल्लू पर आ गया. तिवारी जी अपनी बीबी-बेटियों के साथ लखनऊ चले गए. वहाँ जो आवास उपलब्ध था उसमें कुत्ते रखने व नौकर रखने की गुंजाइश नहीं थी.

इधर बल्लू के बात व्यवहार और उसकी पढाई की चर्चाओं से वह पूरे मोहल्ले का भी प्रिय बन चुका था. बताए जाने पर वह लोगों के छोटे-मोटे काम भी सहर्ष कर दिया करता था.

बल्लू चार साल में बी.कॉम. करके ग्रेजुएट हो गया तो प्रतियोगी परीक्षाए भी देने लगा. भाग्य प्रबल था और समर्पण भाव से किया गया कार्य उसके लिए आगे से आगे राह बनाते रहा.

एक गरीब बच्चे की सीधी सपाट कहानी में एक और बड़ा ट्विस्ट तब आया जब वह अंतर्राष्ट्रीय सिटी बैक में पी.ओ. के पद  पर नियुक्ति पा गया. उसके हल्द्वानी छोड़ने के बाद तिवारी जी का घर सूना हो गया. अब उनके कुत्तों के भूंकने की आवाजे भी नहीं आती है. शायद उन्हें वे लखनऊ ही ले गए हैं. पूरे मोहल्ले को बल्लू के चले जाने से खालीपन का एहसास जरूर होता है.

बल्लू अब बलवंत सिंह उर्फ बी.एस. गढ़िया के नाम से जाना जाता है. वह अब भारत की राजधानी दिल्ली में रहता है. कुछ महीने पहले वह हल्द्वानी आकर सबसे मिलकर गया. उसका सुन्दर तथा निखरा हुआ व्यक्तित्व बहुत अच्छा लगा.
आज पूरे मोहल्ले में बलवंत की शादी का कार्ड बंट गया है. आम तौर पर पहाड़ के दूर दराज गाँवों में आज भी न्योंता, छपे कार्ड द्वारा भेजने की रीति नहीं है. इस तरह कार्ड पाकर सभी लोग हर्षित हैं, और उसकी खुशी में शामिल होने के लिए कपकोट जाने का प्रोग्राम बना रहे हैं.

निमंत्रण-पत्र श्री व श्रीमती विनोद कुमार तिवारी की तरफ से छापा है. नीमा और सीमा का बुलावा है. हमने जाने की तैयारी शुरू कर दी है.
                                      ***

रविवार, 20 नवंबर 2011

चुहुल-९


                                  (१)
एक बूढ़े आदमी से पत्रकार ने पूछा, “आपके लम्बे स्वस्थ जीवन का क्या राज है, क्या कभी डाक्टर के पास जाते हो?”
वे बोले, “डाक्टर को भी ज़िंदा रखना है, इसलिए कभी कभी उसके पास जाना ही पड़ता है.”
पत्रकार, “फिर?”
वे बोले, “हाँ, फिर कैमिस्ट के पास जाता हूँ. उसको भी ज़िंदा रखना है.”
पत्रकार, “दवा लेकर आते हो?”
वे बोले, “दवा लाकर कूड़ेदान में फैंक देता हूँ क्योंकि मुझको भी तो ज़िंदा रहना है.”
                                   (२)
एक नेता जी चुनाव में हार गए. हार का सदमा था, फिर भी बाल कटाने नाई के पास चले गए. नाई था बड़ा बातूनी. बार बार नेता जी से उनके हार पर कुछ ना कुछ पूछे जा रहा था, और उनकी दुखती नस को छेड़ रहा था. नेता जी गुस्से में आकर बोले, “तू बाल काट रहा है या मेरे चुनाव का आपरेशन कर रहा है?”
नाई बोला, “सर, मैं जब आपसे हारने की बात करता हूँ तो आपके बाल खड़े हो जाते हैं, जिससे मुझे काटने में आसानी हो रही है.”
                                    (३)
एक जाड़ों की दोपहरी में एक बड़े पेड़ के नीचे अपने बिल में से निकल कर चूहों का पूरा परिवार धूप का आनंद ले रहा था. छोटे-बड़े, चाचा, मामा, दादा-दादी, नाना-नानी सभी वहीं थे. अचानक एक बड़ा हाथी सामने से उसी दिशा में आया तो सारे के सारे तुरन्त पेड़ पर चढ गए.
हाथी उसी पेड़ के नीचे आकर ठहर गया और थोड़ी देर बाद वहीं पसर गया. बेचारे चूहे पेड़ में परेशान हो रहे थे. आपस में बात कर रहे थे कि हाथी को किस प्रकार भगाया जाये? इतने मे एक बच्चा चूहा ऊपर से फिसलकर हाथी के ऊपर जा गिरा. इस नज़ारे पर खुश हो कर सारे चूहे-चुहियाँ एक साथ चिल्ला कर बोले, “दबा साले को, दबा साले को.”
                                      (४)
एक अदालत में जज साहब ने अभियुक्त से उसके बाप का नाम पूछा तो उसने धन्नालाल नाम बताया. जज साहब ने कहा, “पुलिस रिकार्ड में तो तुम्हारे बाप का नाम पन्नालाल लिखा है?”
इस पर अभियुक्त बोला, “साहब, पन्नालाल का तो मैं गेलड हूँ. असल में मेरा बाप का नाम धन्नालाल ही है.”
जज साहब की समझ में उसकी बात नहीं आई. उन्होंने कहा, "गेलड का क्या मतलब होता है?”
अभियुक्त ने स्पष्ट किया, “अगर आपकी माँ आपको साथ लेकर मेरे घर बैठ जायेगी तो आप मेरे गेलड हो जायेंगे.”
जज साहब को बुरा लगना ही था, “बोले, पिता जी, अब आप तीन साल के लिए चक्की पीसने के लिए अन्दर हो जाइए.”
                                        (५)
एक पंडित जी के घर के सामने सड़क पर एक गदहा मरा पड़ा था. उन्होंने म्युनिसिपल आफिस में टेलीफून करके रिपोर्ट दी, तो उधर से मजाकिया मूड में उत्तर मिला, “क्रिया-कर्म तो आपको ही करना है.”
पंडित जी ने तुरन्त जवाब दिया, “पर पहले आप रिस्तेदारों को खबर तो करनी ही पड़ती है.”
                                      ***   

शनिवार, 19 नवंबर 2011

साँझ


मीलों चुगने जाती चिडियाँ
 मीलों चरने जाती गायें
   मीलों सी ही लगती होगी-
    चींटी को भी दिन की दूरी.

साँझ की आत्मा –
 माँ की ममता की जननी
   प्रिय के अपनेपन का उफान जगाती
    अनचाहे भी छूटा जाता है मन
      अस्त-व्यस्त हो जाते हैं क्षण
.
उड़कर जाने को कहता है-
 मन का पंछी, आतुर हो
   निविड़ से पहले नीड़ तक.

ऐसा आकर्षण है ये     
 जिसके लिए नहीं निवेदन,
   नहीं जगाई जाती स्मृतियाँ
    अनुरोध नहीं इशारों का होता कोई.

इसीलिये पूजा होती है इनमें
 पवित्र कही जाती हैं ये
  हर साँझ की बेला
   और जीवन की तमाम साँझें भी.
           *** 

गुरुवार, 17 नवंबर 2011

मगर से बैर

लाखेरी सीमेंट कारखाने के स्थाई कर्मचारियों के लिए एक बहुधंधी कोआपरेटिव सोसाइटी १९५१ में ही बनाई गयी थी. कंपनी के मैनेजमेंट द्वारा इसके काम काज पर पूरी रूचि व निगरानी रखी जाती थी. इसके मैनेजिंग कमेटी में ९ सदस्य चुने हुए तथा २ सदस्य मनोनीत होते थे. सोसाइटी बैंकिंग के काम के अलावा उपभोक्ता स्टोर भी चलाती थी. कई बड़ी उत्पादों की एजेंसी समिति के पास थी. जैसे बाटा, हिन्दुस्तान लीवर, ऊषा, टाइम्स आफ इंडिया, आदि.
अनाज का थोक व्यापार, कंट्रोल के दिनों में चीनी का थोक व रिटेल व्यापार भी समिति करती थी. कार्य कुशल मैनेजर, अकाउन्टेंट, सेल्समैन रख कर बड़ा सुव्यवस्थित कारोबार चलाया जा रहा था. सदस्यों को नकद ऋण, हायर परचेज की फाइनेंस, और दुकानों पर उधार की सुविधा थी. रिकवरी सीधे वेतन से कर ली जाती थी. उस सस्ते ज़माने में ३० लाख रुपयों का टर्न ओवर हो जाता था. १०% तक लाभांश व गिफ्ट भी सदस्य पाते थे.

अवैतनिक मैनेजिंग कमेटी में हर साल ३ सदस्य सीनिओरिटी के हिसाब से चुनाव द्वारा बदल जाते थे. इस स्वयं सेवा के कार्य में ऐसे लोगों की जरूरत होती थी जो अधिक से अधिक समय दे सकें. उन दिनों कारखाने में ‘मैनेजर’ डेजिगनेशन  सिर्फ प्लांट हेड का ही होता था. स्वर्गीय सरदार महेंद्र सिंह रियल बहुत पुराने अनुभवी मैनेजर थे उन्होंने मुझे बुला कर चुनाव का फ़ार्म भरने के लिए कहा. इस प्रकार मैं सोसाइटी की कार्यकारिणी का सदस्य चुना गया. नए गठन में स्वर्गीय भंवरलाल जोशी को चेयरमैन व मुझे जनरल सेक्रेटरी बनाया गया. मेरे पास समय बहुत होता था. नए नए जोश में बहुत काम किये. लाखेरी कस्वे में एक अतिरिक्त ब्रांच उपभोक्ता स्टोर की खोली गयी, डी.सी.एम. कपड़ों की रिटेल शाप खोली गयी. उधारी नियमों में काफी ढील दी गयी. कर्ज देने की सीमा बढाई गयी. इस प्रकार सोसाइटी के इतिहास में एक क्रांतिकारी अध्याय जुड गया. साथ ही मेरी लोकप्रियता भी बढ़ी.

उन दिनों कामगार संघ के अध्यक्ष स्वर्गीय लखनलाल वर्मा थे. वे बुजुर्ग थे, स्थानीय गुर्जर जाति से थे, प्रभावशाली थे. उनका सीधा संपर्क बूंदी के स्वयंभू नेता पंडित बृजसुन्दर शर्मा (अनेक विभागों के मन्त्री) और राजस्थान के तत्कालीन मुख्यमन्त्री स्व. मोहनलाल सुखाड़िया से था. वे कारखाने में सेनीटरी इन्स्पेक्टर के पद पर थे. अस्पताल में ही उनका कार्यालय भी था. मैं उनका बहुत सम्मान करता था. इस बीच वे बहुत शराब पीने लगे थे. उन्होंने मैनेजमेंट से एक समझोते के तहत बरसों से मिल रही कुछ सुविधाओं को खतम करवा दिया, जिससे वे काफी बदनाम हो गए. कामगारों का कहना था कि इस समझौते के बदले में मैनेजमेंट ने उनके बेटे के नाम पर  लाभकारी ठेका उनको दे दिया था.

१९६७ में जब अध्यक्ष पद का चुनाव होना था तो उनके विरुद्ध उनके विरोधियों को उम्मीदवार की तलाश थी तो मुझे सहज में पा लिया. मैंने भी कुछ सोचे समझे बिना हाँ कर दी. ये जरूर मेरा लोकतांत्रिक अधिकार था पर आज मैं सोचता हूँ कि ये मेरा  दुस्साहस था. ये बड़ा चुनाव था. मैं बिना तैय्यारी के ‘मगर’ से मुकाबले करने चला और मामुली मार्जिन से चुनाव हार भी गया.

इसके बाद मैनेजमेंट के तेवर भी मेरे प्रति बदल गए. तीन साल बाद १९७० में फिर चुनाव होने थे. मेरे लिए बेहतर सम्भावनायें बनी हुई थी. मैं तब भी सोसाइटी का जनरल सेक्रेटरी था. चुनाव से तीन महीने पहले मुझे लाखेरी से बाहर सुदूर दक्षिण में कर्नाटक के गुलबर्गा जिले स्थित शाहाबाद कारखाने में स्थानान्तरित कर दिया गया.

मैं स्वाभिमान से पीड़ित था इसलिए स्थानांतरण रुकवाने के लिए मैंने न लखनलाल जी को हाथ जोड़े और ना मैनेजमेंट से निवेदन किया. ये स्थानान्तरण लखनलाल जी की कुर्सी को सुरक्षित रखने के लिए किया गया था. उनके ही इशारों पर हुआ था.

मैं सपरिवार शाहाबाद पहुँच गया. स्थानान्तरण से कष्ट तो बहुत सहने पड़े. सबसे बड़ा कष्ट बच्चों की पढाई के बारे में हुआ. लाखेरी में तब इंग्लिश मीडियम स्कूल नहीं होता था. शाहाबाद में हिन्दी माध्यम स्कूल नहीं था. अत दो दो क्लास नीचे माउंट कार्मेल कॉन्वेंट कॉन्वेंट स्कूल में भर्ती कराना पड़ा. बेसिक कोचिंग करवाकर कक्षा स्तर पर तैयार किया गया.

कहते हैं कि हर दुर्भाग्य अपने साथ अच्छाई के बीज भी लेकर आता है. आज पीछे मुड़ कर देखता हूँ तो बच्चों के भविष्य की दृष्टि से ये वनवास एक बरदान सिद्ध हुआ लगता है. चार साल वहाँ कान्वेंट में पढने के बाद १९७४ में मुझे मैनेजमेंट ने वापस लाखेरी स्थानांतरित किया. तब तक लाखेरी में भी अंग्रेज़ी माध्यम का स्कूल खुल चुका था. बच्चों की बुनियादी शिक्षा इस तरह बहुत अच्छी हुई. ए.सी.सी स्कूल की मिडिल की परीक्षाओं में तीनों बच्चों ने अपने अपने परिक्षा वर्षों में टॉप किया. जो एक रिकार्ड है. स्कूल के कान्फ्रेन्स हाल में तीनो के नाम अंकित हैं.

मेरी लाखेरी वापसी नाटकीय थी. शाहाबाद, ट्रेड यूनियन आन्दोलन के मामले में एक शांत जोन था. मुझको मैनेजमेंट पर   अपने प्रति किये गए व्यवहार से गुस्सा था. १९७२ में जब वेतन तथा दूसरी मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल हुई तो मुझे माइक पकड़ने का मौक़ा मिला. मैंने जम कर मैनेजमेंट को कोसा. चूकि व्यवस्थाओं में छोटी-बड़ी अनेक कमियां रहती हैं, मैंने खूब उजागर करने की कोशिश की. हड़ताल समाप्त होने के बाद शाहाबाद के गान्धीबादी-कम्यूनिस्ट नेता, कामरेड  श्रीनिवास गुडी, जो यूनियन के अध्यक्ष भी थे, ने मुझे जनरल सेक्रेटरी नियुक्त कर दिया.

इधर लखनलाल जी स्वर्ग सिधार गए थे. मुझे मुम्बई कॉरपोरेट आफिस बुलाकर वापस लाखेरी जाने के लिए सलाह दी गयी. मेरा स्थानातरण मेरी इच्छा के बिना नहीं हो सकता था क्योंकि अब मैं ओद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत एक संरक्षित कर्मचारी हो गया था. लाखेरी जाने के मेरे आवेदन पर २४ घन्टे में स्थानान्तरण आदेश मिल गया. शाहाबाद में उस अल्पकाल में मुझे जो प्यार व आदर मिला वह मेरे जीवन का एक यादगार सुनहरा सपना सा है.

‘मगर’ से बैर करना मुझे भारी जरूर पड़ा लेकिन इस पूरे प्रकरण से दुनिया को देखने का मेरा नजरिया ही बदल गया.
मैं बाद में बरसों तक लाखेरी कामगार संघ का जनरल सेक्रेटरी व अध्यक्ष चुना जाता रहा. अखिल भारत सीमेंट कर्मचारी महासंघ का उपाध्यक्ष रहा, सीमेंट कामगारों के वेतन आयोगों में श्री रामानुजम जी और बैरिस्टर सी.एल. दूधिया जी का असिस्टेंट रहा. इस सबके साथ मैं अपने अभिन्न मित्र व साथी मोहम्मद इब्राहीम हनीफी का नाम लेना नहीं भूलूँगा, जिन्होंने पग-पग पर मेरी मदद की थी.
                                    ***