शनिवार, 29 अक्टूबर 2011

ओम महिषाय नम:


पन्नालाल दस दिन पहले ही एक दूध देने वाली जवान भैंस खरीद कर लाया था जिसने ना जाने क्यों खाना पीना छोड़ दिया है. खाना पीना छोड़ा तो दूध देना भी बंद हो गया. समझ में नहीं आ रहा था कि भैंस अनशन पर क्यों आ गयी. बस टप-टप आंसू गिराए जाय. पेट भी कुछ फूला फूला सा लगने लगा. श्रीमती पन्नालाल ने सोचा कोई बुरी नजर लगा गया है अतः उसने एक थाली में गेहूं, राई, और सिंदूर रख कर भैंस की तीन परिक्रमा की और एक अठन्नी के साथ चौराहे के ठीक बीच में उड़ेल कर आई. पर भैंस थी कि कुछ टस से मस भी नहीं हो रही थी. यथास्थिति देख कर पन्नालाल बड़े चिंतित हो गए. गाँव में जानवरों के जानकार भंवरलाल को बुलाया गया. उन्होंने हाथ से दो चार फटके भैंस की पीठ पर और पिछवाड़े पर दे मारे लेकिन उनकी समझ में भी कुछ नहीं आ रहा था. इतना जरूर बोले, “लगता है अनाज ज्यादा खिला दिया है, इसको कब्ज हो गयी है. गिलोय लाओ और कूट कर इसको पिलाओ.” जब पन्नालाल गिलोय की तलाश में निकला तो सामने हसन अली मिल गया. उसने कहा, “तुम गिलोय के चक्कर में कहाँ पड़े हो? वैटनरी अस्पताल लेकर जाओ वहाँ आजकल डाक्टर चोंचले हैं जो बहुत अनुभवी भी हैं, उनको दिखाओ.”

पन्नालाल को वैटनरी अस्पताल के बारे में इतना मालूम था कि वे लोग जानवर को जाते ही इंजेक्शन ठोक देते हैं जिससे वह लड़खड़ा कर गिर पड़ते हैं. अस्पताल जानेवाले जानवरों में से आधे ही घर आ पाते हैं. पर मरता क्या नहीं करता? पन्नालाल ने रस्सी खोली और भैंस को डरते-डरते अस्पताल ले गया.

डाक्टर चोंचले उमरदार आदमी थे. तिरछी नजर से भैंस को देख कर पन्नालाल से पूछने लगे, “क्या हो गया?”
“डाक्साब इसने घास खाना छोड़ दिया है. पानी भी नहीं पी रही है. तीन दिनों से न गोबर किया और न दूध दिया, बस रोये जा रही है.”

डाक्टर चोंचले ने स्टेथोस्कोप से भैस की छाती, पीठ, पेट व गर्दन की जाँच के बाद पूंछ के नीचे थर्मामीटर डाल कर बुखार भी नापा. तपास पूरी होने पर बोले, “पन्नालाल, तुम्हारी भैंस को कोई बीमारी नहीं है. लगता है इसको अपनी पुरानी मालकिन की याद सता रही है. नींद न आने से भी ऐसा हो जाता है.” सर खुजलाते हुए डाक्टर साहब फिर बोले, “मैं एक गोली देता हूँ सब ठीक हो जाएगा.” और फिर डाक्टर साहब ने एक बड़ा सा अंटा (जिसे वे गोली कह रहे थे) पन्नालाल को थमाते हुए कहा, “लो इसे खिला देना.”

पन्नालाल बोला, “ये गोली इसके पेट में जायेगी कैसे. ये तो थूक देगी?”

डाक्टर ने एक दो फीट लंबा पाइप भी दिया बोले इसे मुँह में घुसेड़ कर ऊपर करके गोली डाल देना. फिर जोर से फूँक मार देना गोली सीधे पेट में पहुँच जायेगी.”

पन्नालाल बड़े भरोसे के साथ भैंस की रस्सी खींचते हुए घर की ओर चला गया. पर आधे घन्टे के बाद ही हाँफते हुए, घबराते हुए, दौड़ा दौड़ा वापस आया, और बोला, “डाक्साब गजब हो गया.”

डाक्टर की समझ में कुछ नहीं आया. सोचने लगे 'कहीं भैंस मर तो नहीं गयी?’ उन्होंने पूछा, “क्यों क्या हुआ?”

पन्नालाल बोल नहीं पा रहा था. डाक्टर ने फिर पूछा, ”गोली खिलाई?”

पन्नालाल थोड़ा संयत हुआ तो बोला, “भैंस तो घर जाते हुए रास्ते में खूब सारा गोबर करने के बाद ठीक हो गयी लगती है. मैंने फिर भी आपकी दी हुई दवा देना ठीक समझा और भैंस के मुँह में पाइप डाल कर गोली अन्दर डाली और फिर जैसे ही मैं फूँक मारने लगा, भैंस ने पहले फूँक लगा दी और गोली मेरे पेट में चली गयी है.”
                                       ***

शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2011

सेतु


ये आप्तोपदेश है:
          पिता शत्रु ऋणकर्ता
          माता शत्रु व्यभिचारिणी
          संतति शत्रु अपण्डिता
          भार्या शत्रु कुलक्षणी.

इस श्लोक में पति शत्रु की व्याख्या नहीं की गयी है, पर वीणा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है क्योंकि उसका पति देवेश तो हर तरह से उसका शत्रु हो चुका है. अब समझौते की भी कोई गुंजाइश नहीं है, और वह समझौता करना भी नहीं चाहती है. बहुत भुगत लिया है इन दस वर्षों में.

वीणा का विवाह लव मैरेज भी था और अरेंज्ड भी. बड़े अरमानों के साथ उसने वैवाहिक जीवन शुरू किया था, पर देवेश ऐसा निकम्मा निकलेगा उसने सपने में भी नहीं सोचा था. छोटे-मोटे मन मुटाव तो गृहस्थ जीवन में होते रहते है. पर पति निखटटू हो तथा गैर जिम्मेदार हो तो गाड़ी आगे सरकने में कठिनाई आ जाती है. ऐसा ही हुआ इनकी जीवन यात्रा में.

वीणा के पिता हरिनारायण गुप्ता एक उद्योगपति थे. फरीदाबाद में उनका अच्छा कारोबार चल रहा था. वीणा ने देवेश के बारे में अपनी पसंद भाभी के मार्फ़त आपने माता-पिता को बतायी. देवेश उनकी दूर की रिश्तेदारी में ही था पर उसकी डीटेल्स उनको पता नहीं थी. आदमी की शक्ल सूरत व पहनावे से उसके अन्दर के जानवर को नहीं पहचाना जा सकता है. जब आप उसके साथ रहते हैं, उसके बात व्यवहार को भुगतते हैं तभी आपको सच्चाई का अनुभव होता है. देवेश करनाल के किसी सिडकुल फैक्ट्री में सुपरवाइजर के बतौर काम कर रहा था. जब देवेश के पिता माधवानंद अग्रवाल को रिश्ते का पैगाम मिला तो उसकी बांछें खिल गयी क्योंकि हरिनारायण गुप्ता एक नामी-गिरामी व्यक्तित्व था. घूम-धाम से विवाह भी हो गया. दहेज में गृहस्थी का पूरा सामान तो था ही साथ में शहर के मध्य में एक जमीन का प्लाट भी बेटी के नाम रजिस्टर करवा दिया.

माधवानन्द एक मध्यम वर्गीय व्यक्ति थे. एक छोटी सी परचून की दूकान चलाते थे. उनको पता नहीं था कि बहू के आते ही बेटा पराया हो जायेगा. हरिनारायण ने जब माधवानंद के परिवार का रहन-सहन देखा तो उन्होंने तुरन्त ही प्लाट पर मकान बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. माधवानंद खुश थे कि समधी जी उनके परिवार के लिए एक बढ़िया घर बनवा रहे हैं. देवेश भी सोच रहा था कि अब बड़े घर में ससुराल हो गयी है तो छोटी-मोटी नौकरी कहाँ लगती है? वह अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाह हो गया और मकान बनाने की सुपरवाइजरी करने लग गया. खर्चे भी रईसी होने लगे. अब उसका अड्डा ससुराल में ही हो गया. ससुर जी ने चार सेटों वाला दुमंजिला मकान बनवा दिया. बढ़िया ढंग से गृहप्रवेश भी हो गया. इस बीच वीणा गर्भवती थी सो एक पुत्र को उसने सकुशल जन्म भी दे दिया. देवेश अपने माँ-बाप व भाईयों से दूर दूर ही रहने लगा. घर का खर्चा पूरी तरह ससुरालियों पर आ गया. ससुर जी ने जब देखा कि जवांई जी बेरोजगार हो गए हैं तो उन्होंने दो लाख रुपयों की इलैक्ट्रोनिक गुड्स की एक दूकान खुलवा दी. देवेश के ठाठ हो गए पर घड़े में छेद हो तो जल्दी खाली होने लगता है. ऐसा ही हुआ दूकान में सामान कम होता गया, खर्चा बढ़ता गया; तीन साल के अन्दर फिर ठिकाने पर वापस आ गया. देवेश के साले इस बात से बहुत खफा थे कि पिता जी देवेश को जरूरत से ज्यादा मदद दे रहे हैं और वह उड़ा रहा है. इसी दौरान हरिनारायण गुप्ता स्वर्ग सिधार गए. देवेश निराधार हो गया. वही हुआ जिसकी बड़े दिनों से आशंका थी. देवेश अपने शौक पूरे करने के लिए वीणा के गहने बेचने लगा. जब पोल खुली तब तक बहुत देर हो चुकी थी क्योंकि वीणा पीहर वालों से देवेश के कारनामे छुपाते आ रही थी. लेकिन जब नौबत बर्तन बेचने की सामने आई तो वह फूट पडी. उसने ससुर माधवानंद को शिकायत की, पर माधवानंद पहले से ही भरे हुए थे. वे इस बात से नाराज थे कि वीणा ने उनके बेटे को परिवार से छीन लिया है अत: उन्होंने वीणा को ही भला-बुरा कह डाला तथा उसके परिवार वालों पर बेइमानी के गंभीर आरोप लगा दिए. बात जब हरिनारायण के लड़कों तक पहुँची तो हालत बदतर हो गए. उन्होंने देवेश के साथ हाथापाई की और घर से बाहर कर दिया. गेट पर देवेश का नामपट्ट भी उखाड फैंका. वकील के मार्फ़त तलाक का नोटिस भिजवा दिया.

जब आदमी बेरोजगार हो, आलसी हो, और बेघर हो जाये तो उसकी दयनीयता का अंदाजा लगाया जा सकता है. अब उसके पास माँ-बाप के घर जाने के अलावा कोई चारा न रहा. वह अपने बेटे का भी क्लेम नहीं कर सकता था क्योंकि खुद सड़क पर आ गया था. उधर वीणा ने बेटे श्रवणकुमार को शिमला में एक बोर्डिंग स्कूल में डाल कर समझदारी की. स्कूल व होस्टल वालों को ताकीद कर दी कि उसके ससुराल वाले बच्चे से नहीं मिल सकें. यों तो सब टेंसन में थे पर सबसे ज्यादा टेंसन में देवेश की माँ को थी, जो अपने पोते के लिए दिन रात विलाप करती थी.

पाँच साल गुजर गए हैं. इस बीच खबर है कि देवेश में बहुत बदलाव आ गया है. वह पुन: करनाल के ही किसी कारखाने में नौकरी करने लग गया है तुलसीदास जी ने लिखा है ‘का वर्षा जब कृषी सुखाने,’ पर ये भी है कि जिस तरह् मित्रता स्थाई नहीं होती है शत्रुता भी स्थाई नहीं रह सकती है.

श्रवण अब रिश्तों की समझ रखने लगा है. उसे पिता की की कमी हमेशा खलती रही है. एक दिन एकांत में उसने पिता को एक हृदयविदारक पत्र लिख डाला, जो एक काल्पनिक सेतु सा था. वह माँ-बाप दोनों को मिलाना चाहता था. पत्र देवेश को मिलने से पहले ही वीणा के हाथों में पड़ गया.

मानव मन भावनाओं में पिघलता ही है. वह देवेश के साथ बिताये अन्तरंग क्षणों को याद करके विह्वल हो गयी. सोचने लगी ‘रिश्ते इतने बिगड गए हैं, इतनी गांठें इस धागे में पड़ गयी हैं, क्या इनको सुलझाना आसान होगा? इस सेतु को अगर बनाना भी चाहे तो अपनों में इंजीनियर कौन बन सकता है? कौन फटी में पैर डालेगा? भाईयों में बड़े भाई-भाभी कर सकते हैं, लेकिन उसने उनको पहले इतना विपरीत कर रखा है कि शायद ही वे इस सोच को स्वीकारें. रिश्तेदारों में बड़े-बड़े वकील, डाक्टर व प्रशाशनिक अधिकारी लोग हैं पर किसी ने अभी तक उसके इस श्रापित जिंदगी के बारे में आकर कुछ मदद करने की बात की?’ ये सोचते हुए उसका दिल भर आया. उसके पास इतना बड़ा घर है किराया भी खूब मिलता है, रुपयों की कोई कमी नहीं है, पर जीवन साथी के बिना सब सूना है.

बहुत भावुक क्षणों में उसने वह पत्र भेजूं या ना भेजूं के उधेड़बुन में आखिर पोस्ट कर ही दिया.
                                  ***

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2011

वैशाली


लखनऊ के गोमती नगर की वैशाली बड़ी शोख हसीना लड़की थी. चुलबुली, आकर्षक, व अत्यधिक मॉडर्न. स्कूल से लेकर कॉलेज तक सभी जगह वह चर्चा में रहती थी. उसके अनेकानेक ब्वायफ्रेंड थे. एक दिन उसकी शादी अहमदाबाद के हितेन वन्जारा से बड़ी धूमधाम से हो गयी. वह अन्य बहू-बेटियों की तरह ही ससुराल चली गयी. इधर उसके मित्रों को ऐसा लगाने लगा कि लखनऊ की तो रौनक ही खतम हो गयी है. सबसे ज्यादा उदास व विरह में व्याकुल हुआ जतिन, जिसने उसकी याद में खाना-पीना कम कर दिया. वह रात-दिन उसकी फोटो सामने रख कर तड़पता था.

एक दिन उसका एक पुराना कवि मित्र मनोहर उसको मिला जिसने उसको बताया कि वह किसी कार्यवस एक सप्ताह के लिए अहमदाबाद जा रहा है. ये जानकार जतिन को बहुत खुशी हुई और उसने अपने मित्र को हाले दिल सुनाया. मनोहर ने उससे कहा कि वह वृथा वैशाली का ख़याल पाले हुए है क्योंकि वैशाली के तो उसके जैसे दर्जनों मित्र थे. दूसरा अब उसकी शादी हो गयी है और अपने गृहस्थ जीवन में मस्त होगी. अत: अब ये खामखायाली है. लेकिन जतिन की दीवानगी तो पहले से परवान चढी हुई थी वह बोला, “तुम मेरा एक काम कर देना, एक यादगार अंगूठी, जो मैं उसे नहीं दे पाया वह उसको देकर आना.”

मनोहर ने कहा, “ठीक है, जब तुम यही चाहते हो तो मैं तुम्हारी अंगूठी अवश्य पहुँचा दूंगा पर पहले मैं उससे पूछूँगा कि भेजने वाले ‘दिलवर’ का नाम बता? अगर उसने तेरा नाम बता दिया तभी मैं उसको अंगूठी दूंगा अन्यथा नहीं.”
जतिन बोला, “देख लेना वह अंगूठी देखते ही मुझे याद करेगी.”

इस प्रकार मनोहर अपने टूर पर अहमदाबाद पहुँचा और पते के अनुसार बन्जारा परिवार से मिलने गया. पीहर का कुत्ता भी कहते हैं कि प्यारा लगता है. मनोहर का सभी ने स्वागत सम्मान किया, और अकेले में जब उसने वैशाली से कहा कि उसके एक चाहने वाले ने एक अंगूठी भेजी है और उसका नाम बताएगी तो उसको दी जायेगी.

वैशाली थोड़ा पशोपेश में पड़ गयी लेकिन अपनी स्टेट फारवर्ड आदत-प्रकृति के अनुसार उसने अपने प्रिय मित्रों का नाम लेना शुरू किया, “अमकना?” “नहीं.” “ढीमकना?” “नहीं.” “अलाना?” “नहीं.” “फलाना?” “नहीं.” “वो?” “वो भी नहीं.” इस तरह जब लिस्ट सत्तर-बहत्तर तक पहुँच गयी तो मनोहर ने कहा, “जरूर गलतफहमी का मामला है.” शुभकामनाएं दे कर वह विदा हो गया.

अपने मित्र जतिन को उसने दर्द भरा पत्र लिखा, “रो-रो नयना तू मत खोइयो, मैंने लिख दई पत्तर में;
                                        तेरो नाम यहाँ पर प्यारे, सत्तर में ना बहत्तर में...”
                                ***

मंगलवार, 25 अक्टूबर 2011

मंगल कामना


अमावस की संध्या, दीपों का गजरा,
शरद की सुहानी वायु के झंझे,
बाती पे कैसा ज्योति का पहरा!
अँधेरे उजाले जनम से हैं उलझे,
ऐसे में प्रियवर, कुछ बुलबुले बुन,
सुन्दर सलौने शब्दों का गजरा,
तुम्हारी कुशल की सकल कामनाएं,
तुम्हें भेजता है मेरा ये हियरा.
        ***

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

कृतज्ञता, धन्यवाद, शुभकामनाएं


एक लड़का सुदूर उत्तर प्रदेश के गाँव से मुम्बई चला गया. वहाँ काम पर भी लग गया मुम्बई तो माया नगरी है, वहाँ की तेज रफ़्तार ज़िन्दगी, लोगों का रेला सब कुछ वह देख रहा था पर उस भीड़ में वह अपने आप को अकेला महसूस कर रहा था. उसे घर-गाँव की बहुत याद आती थी. उन दिनों चिट्टी-पत्री ही संपर्क का एकमात्र जरिया होता था सो वह पोस्ट आफिस से एक पोस्ट कार्ड खरीद लाया. बहुत भावुक होकर उसने लिखना शुरू किया, “सिद्धि श्री सर्बोपमायोग्य माता पिता जी को प्रणाम, ताऊ ताई जी को प्रणाम, चाचा चाची को प्रणाम, पड़ोस के दादा जी को प्रणाम, गोपाल काका, सुरेश भाई, हीरा जी को प्रणाम, चुन्नू, मुन्नू, गुड्डू, पप्पू, मुन्नी, गुली, जानकी, रामी, चानो, और छम्मो को प्यार व शुभाशीशें. मामा मामी, बुआ फूफा जी को मेरा नमस्कार...” इस तरह उसने गाँव के सभी लोगों का सिलसिलेवार नाम व प्रणाम लिखना शुरू किया. कोशिश की कि कोई छूटे ना. अब पोस्ट कार्ड में जगह तो सीमित होती है. नमस्कार, प्रणाम, प्यार, व शुभ आशीषें लिखने में ही भर गया कुछ और लोग रह गए थे तथा बाकी कुशल बात के लिए जगह बची ही नहीं इसलिए आख़िरी लाइन में उसने लिखा, “बाकी लोगों को अगले पत्र में प्रणाम लिखूंगा.”

कुछ ऐसी ही स्थिति आज मेरी है. मुझे संयुक्त राज्य अमेरिका में आये हुए एक सौ दिन हो गए है और यहाँ आकर ही मैंने इंटरनेट पर अपना ब्लाग ‘जाले’ लिखना शुरू किया. जिसमे अपनी कल्पनाओं के आधार पर अनेक आंचलिक कहानियाँ व दृष्टान्त लिख डाले. अपने जीवन के द्वितीय प्रहर में लिखी हुई कई कविताओं को भी इसमें प्रकाशित किया. समसामयिक विषयों पर भी लिखा तथा ब्लॉग को रोचक बनाये रखने के लिए इधर उधर के मसाले व चुटकुले भी इसमें डाले हैं आज मैं संतुष्ट हूँ कि मैंने इस अवधि में पूरे एक सौ रचनाएं प्रकाशित करके अपनी सेंचुरी मार दी है. मेरे अनेक पाठकों के सन्देश मुझे मिलते रहे जिन्हें पाकर मेरा हौसला तो बढ़ा ही है, मुझको लगने लगा है कि मेरी ये कृतियाँ लंबे समय तक मुझे लोगों के जहन में स्थान देती रहेंगी.

लिखता तो मैं बचपन से ही था पर पिछले तीस सालों में मेरी लेखन कला रेगिस्तानी नदी की तरह लुप्तप्रायः थी. यहाँ आकर मैंने बहुत जल्दी जल्दी लिखा और बहुत लिखा, कारण मैं अब जीवन के अन्तिम सोपान में हूँ. मेरे पास ज्यादा समय नहीं बचा है. इसलिए जितना काम पूरा हो सका मैंने ओवरटाइम में भी किया.

इस सबका पूरा श्रेय में अपनी बेटी गिरिबाला व दामाद भुवनचन्द्र जोशी को देता हूँ, क्योंकि सारी लेखन प्रेरणा व प्रक्रिया इन्होंने ही मुझे दी. खाली प्रेरणा ही नहीं लेखन सामग्री से लेकर लेपटोप पर लिखना, संयोजन करना, था प्रूफरीडिंग करना, सब डैडीकेशन व धैर्य का कार्य था. मैं ह्रदय से इनको शुभ आशीर्वाद देता हूँ. मेरी नातिनी हिना जो आजकल जार्जिया मेडीकल कालेज में एम्.डी. की छात्रा है, उसके सफल, सुखद व लोकप्रसिद्ध जीवन की कामनाएं करता हूँ.

इसके बाद मैं उन तमाम पाठकों को जो प्रमुखतया फेसबुक पर मेरे मित्रों की लिस्ट में हैं तथा वे अनजान अपरिचित लोग जो निरंतर मेरी रचनाये पढ़ कर इंटरनेट पर अपनी उपस्थिति मुझे बताते रहते हैं; जिनकी संख्या इस छोटी सी अवधि में सैकड़ों में हो गयी है, मैं गाँव से मुम्बई गए गए हुए उस लड़के की ही तरह सबका नाम व उनको प्रणाम लिखना चाहता हूँ, चाहे वह आस्ट्रेलिया में हो, तंजानिया में हो, नैरोबी में हो, जर्मनी में हो नार्वे में हो, सिंगापुर में हो, इंग्लैण्ड में हो, यहाँ अमेरिका में हो, कनाडा में हो या मेरे देश भारत में ही रहता हो; सबको धन्यवाद व शुभ कामनाएं देता हूँ. दक्षिण भारत के उन पाठकों को जो तमिल, तेलगू, कन्नड़, या मराठी भाषी हैं, मेरी क्लिष्ट हिन्दी पढ़ने का साहस करते हैं, अपने दिल की गहराईयों से धन्यवाद देता हूँ.

मैं नवंबर में स्वदेश लौट कर उन रचनाओं को भी प्रकाशित करने का प्रयास करूँगा जो बरसों से मेरे घर पर फाइलों में संगृहीत हैं. अंत में अपना ई-मेल एड्रेस ppandey.blogs@gmail.com. इसलिए लिखना चाहता हूँ कि पाठक गण मुझे मेरी गलतियों व कमियों पर टोकते रहें.
                                    ***