गुरुवार, 8 मार्च 2012

नारंगी बाई

महान सूफी संत कबीर ने एक दोहे में लिखा है:
     रंगी को नारंगी कहे, असल माल को खोया,
     दुनिया की ये उल्टी रीति, देख कबीरा रोया. 

जिस नारंगी बाई की ये कहानी है वह पूर्वी राजस्थान के एक देहात में पैदा हुई थी. पैदा होते समय उसके श्याम रंग रूप पर किसी का विशेष ध्यान नहीं था, पर वह ज्यों ज्यों बड़ी होती गयी उसका रंग रूप और काला होता गया, जबकि माता–पिता दोनों ही उजले गेहुएँ रंग के थे.

प्रकृति के इस खेल को आज तक कोई ठीक से समझ नहीं पाया कि ऐसा क्यों होता है? कोई कहता है कि पुरानी पीढ़ी के जीन्स आने से ऐसा हुआ है और कोई कहता है कि जरूर इसकी महतारी ने काले कौवे अथवा काले कुत्ते की जूठन खाई होगी.

काली-गोरी चमड़ी के बारे में एक मजेदार तथ्य कुछ साल पहले सामने आया कि नेदरलैंड में एक गोरी दम्पति को काली संतान पैदा हुई तो आपस में विवाद हो गया, मामला तलाक की नौबत तक अदालत में पहुँच गया. इस विषय पर तहकीकात करने पर पाया गया कि वह महिला कभी भी काले लोगों के संपर्क में नहीं आई थी, लेकिन उसके बेडरूम में एक बेहद काली मानवाकृति कलाकृति थी जिसका बिम्ब उसके गर्भ पर पड़ना एक लौकिक चमत्कार था. इस बारे में ये दलील बहुत कारगर हुई कि अश्व-प्रजनन केन्द्रों पर जिस रंग का बछड़ा चाहिए होता है, उसी प्रकार का घोड़ा/घोड़ी गर्भाधान के समय घोड़ी के सामने बाँध दिया जाता है. ये प्राचीन प्रायोगिक सच है.

इस श्याम रंग बालिका को भी उदयपुर के नाथद्वारा वाले श्याम रंग श्रीनाथजी की मनोती से पाया गया था, और उन्हीं का बिम्ब आ जाने पर मनभर बाई और उसका पति रामकल्याण गूजर खुश हुए थे. बहरहाल स्याह काली लड़की को नाम दिया गया, नारंगी. वैसे राजस्थान के गाँव देहात में पुराने लोग बच्चों के नाम इसी तरह फल, फूल, या सब्जियों के नाम पर रख देते थे जैसे केला बाई, अनार बाई, पालक बाई, बादाम बाई, गुलाब बाई आदि. अब नए जमाने में तो लगभग सभी नाम फ़िल्मी होने लगे हैं.

कुछ लोग ये भी कहते हैं कि नाम में क्या रखा है? गुण होने चाहिए. विरोधाभासी नामों की लोग ठट्टा करते रहते हैं, पर सब लोग अपने बचपन के नाम को बदलने की सोच भी नहीं सकते हैं. जैसा कि अभी भी राजस्थान के ग्रामीण अंचलों में शारदा ऐक्ट की धज्जियां उड़ाते हुए बहुत से नाबालिग बच्चों की शादी कर दी जाती है, ऐसे ही नारंगी के बाप ने उसकी शादी १० वर्ष की उम्र में सजातीय मोडूलाल गूजर से कर दी. जिसकी उम्र भी तब दस वर्ष ही थी. दरसल इस तरह की शादियाँ एक तरह से सगाई की रस्म जैसी हैं क्योंकि असल मे शादी तो गौने पर पूरी होती है, जो कि दुल्हा-दुल्हन के सयाने होने पर होता है. इन समाजों के लोगों का विचार है कि बाद में कुंवारे लड़के नहीं मिलते हैं. परिणाम यह होता है कि लड़कियां तो फ़टाफ़ट जवानी की दहलीज पर पहुँच जाती है और लड़के इतनी जल्दी गृहस्थाश्रम के लिए तैयार नहीं हो पाते हैं इसलिए अनेक आदिवासी अथवा दलित लड़कियां 'नाते’ चली जाती हैं. जोड़े बिगड़ जाते हैं तथा रिश्तेदारी के नए समीकरण बन जाते हैं. जाति पंचायतों द्वारा तय करके नाते ले जाने वालों को इसकी कीमत ‘झगड़ा’ के नाम से चुकानी होती है. ये एक असामान्य सामाजिक प्रथा है.

१६ साल तक की उम्र तक गौना न होने पर नारंगी बाई भी आँन गाँव में नाते भेज दी गयी, लेकिन जिस घर में वह बहू बन कर गयी वह एकदम जाहिलों का परिवार निकला. दूल्हा भी शारीरिक रूप से विकलांग था. पहले ही दिन घर के लोग नारंगी बाई के रंग रूप पर फब्तियां कस् रहे थे. नारंगी को ये वातावरण असह्य सा लगा और रात में ही किसी को बिना बताए भाग कर मायके आ गयी, और फिर लौट कर कभी वहाँ नहीं गयी. राम कल्याण ने जो खर्चा-पर्चा लिया था सो वापस कर दिया.

इधर सरकार ने ग्रामीण इलाकों की औरतों व सयानी लडकियों के लिए प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम चला रखा था, उसका असर हो रहा था. बहुत सी लड़कियां पढ़ने लगी थी. नारंगी बाई भी कक्षा आठ तक पढ़ गयी और ए.एन.एम (मिडवाईफरी) की ट्रेनिंग करके दूर बाड़मेर के इलाके में एक प्राइमरी हेल्थ सेंटर में कार्यरत हो गयी.

राजस्थान में पढ़ी-लिखी नर्सिंग स्टाफ में लडकियों की कमी रहने के कारण इस क्षेत्र में केरल व आन्ध्र से आने वाली नर्सों का वर्चस्व रहा है, जिनकी चमड़ी का रंग भी कमोवेश पक्का ही रहता है. नारंगी बाई का श्याम रंग इनके साथ मेल खा गया और उसकी स्थानीय पहचान कम हो गयी.

गत दो वर्ष पूर्व मरुस्थलीय इलाकों में मच्छरजन्य चिकनगुनिया व मस्तिष्क ज्वर की महामारियां चिंताजनक रूप से फ़ैली तो मेडीकल स्टाफ ने दिन रात जी जान से काम करके इससे निबटाने में प्रशंसनीय काम किया. जिन कर्मचारियों को राज्य सरकार ने इस विशिष्टता के लिए पुरस्कृत किया उनमें नारंगी बाई भी एक थी. अखबारों में नाम व फोटो छपे. पूरे प्रदेश में देखे व पढ़े गए.

मोडूलाल गूजर (नारंगी बाई का पहला पति) ने जब पूरा विवरण अखबार में पढ़ा तो वह स्तंभित रह गया. वह भी पढ़-लिख कर एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में अध्यापक हो गया था. पारिवारिक दबावों के बावजूद उसने पुनर्विवाह नहीं किया था. वह कई दिनों तक नारंगी बाई के बारे में सोच कर मानसिक उथल-पुथल से ग्रस्त रहा. फिर एक दिन वह एकाएक नारंगी बाई से मिलने बाड़मेर की तरफ चल पड़ा.

वह बाड़मेर जिले में उस स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुँचा जहाँ नारंगी बाई नियुक्त थी. जब दोनों का आमना-सामना हुआ तो नारंगी बाई उसको नहीं पहचान पाई क्योंकि वह लंबे अंतराल के बाद मिला था. मोडूलाल अब गबरू जवान-मुच्छड़ हो गया था. मोडूलाल ने जब उसको बताया कि वह उससे मिलने बूंदी जिले से आया है, तो वह उसे स्टाफ रूम में ले गयी और आने का कारण पूछा. मोडूलाल झेंपते हुए बोला कि “मैं मोडूलाल हूँ, तेरा पति.” इसे सुन कर नारंगी बाई अवाक रह गयी. कमरे में सन्नाटा पसर गया. वे एक दूसरे का मुँह देखते रह गए. नारंगी बाई की आखें भर आई और जब वह मोडूलाल के पैर छूने के लिए झुकने लगी तो मोडूलाल ने उसको सम्हाल लिया. दोनों गले लग गए. नारंगी बाई इतनी भावुक हो गयी कि उसे रोना आ गया. स्टाफ के अन्य लोग इस हलचल पर जमा होने लगे. कमरे के नजारे को देख कर सब लोग अचंभित थे, लेकिन जब सबको ये मालूम हुआ कि आगंतुक नारंगी बाई का पति है तो माहौल बदल गया. सभी ने उनको दुबारा एक हो जाने पर बधाइयां दी. स्टाफ के एक चुलबुले ने हँसते हुए कह डाला, “काले हैं तो क्या हुआ, दिलवाले हैं.” सभी लोग खिलखिला कर हँस पड़े.

बाद में कोशिश करके नारंगी बाई अपनी बदली करवा कर पति के पास बूंदी जिले में आ गई.
                                    ***

मंगलवार, 6 मार्च 2012

चुहुल-१९

(हमारे नगर के विशिष्ट व्यक्तियों को हम लोग हर साल होली के शुभ अवसर पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करते हैं. इसी क्रम में इस बार राम हलवाई जी की प्रशस्ति प्रस्तुत है.)

हे देवनामी,
हम नगरवासी इस होलिकोत्सव पर आपको सम्मानित करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. मान्यवर, नाम का बड़ा महत्व है. आपके नाम से आज देश के बड़े बड़े चुनाव लड़े व जीते जा रहे हैं. नामी राजनैतिक पार्टियां, कोई सकारात्मक तथा कोई नकारात्मक नारे लगाकर आपके नाम के महत्त्व की मीमांसा करते नहीं थक रहे हैं.

हे मिष्ठान्न विक्रेता,
सबने देखी है आपकी थाल-कढाई, जिसमें होती है रात में गोबर उठाई और सुबह सजती है मिठाई. जिन जिन को आपने चखाई उन सब को दिल से बधाई.

हे मैलों के राजा,
आपके बदन की खुशबू पसीने के रूप में सर्वत्र मिठाई में केवड़े की महक सी भीगी रहती है, जिससे खाने वाले बाल-वृद्ध, नर-नारी सब धन्य हो जाते हैं.

हे परमार्थी,
आपकी भट्टी की आंच, गली-मोहल्ले के सभी आवारा कुत्तों को ठिठुरती ठण्डी रातों में स्वर्गीय सुख की अनुभूति करवाती है. जरूर ये शिव जी के गण आपको दुआएं देते होंगे. आपके इसी प्रताप से इस गली में आज तक कभी चोरी की वारदात नहीं हुई है.

हे जनसंख्या विशेषज्ञ,
आपने एक दर्जन बच्चे पैदा करने के बाद नसबंदी कराई, लेकिन किस्मत ने ऐसी लात लगाई कि फिर भी बौराणी की गोद हरी हो आई. आप महान हैं.

हे राम,
आपका नाम ही सांसारिक बंधनों से मुक्ति पाने के लिए पर्याप्त है. जीवन के अन्तिम अध्याय के समापन पर इसीलिये मुक्तिधाम ले जाते हुए मित्रगण सश्वर "राम नाम सत्य है" जैसे अनमोल शब्दों की वर्षा करते चलते हैं.

हे विष्णु अवतार ,
हम अंतर्मन से आपका गुणगान करते हैं और आपके दीर्घ जीवन की कामना करते हैं.

                जय हो... जय हो... जय राम जी की.

सोमवार, 5 मार्च 2012

काल चिन्तन

अपने देश में अनेक तरह के विश्वास व परम्पराएं विद्यमान हैं. दूसरी संस्कृतियों में पले हुए लोग जब यहाँ आते हैं तो विस्मय करते होंगे. विदेशी पत्र-पत्रिकाओं में पर्यटक लोग अपने-अपने तरीकों से उसका वर्णन करते हैं. इसलिए पाश्चात्य देशों में भारत को अजूबों का देश कहा जाता है. ये है भी सच कि हमारे देश में बहुत अजूबे देखने को मिलते हैं. चूँकि हम इनको नित्यप्रति देखते रहते हैं इसलिए हमें कोई हैरानी नहीं होती है.  

संयुक्त राज्य अमेरिका की बस्तियों में हजारों हजार बढ़िया चर्च बने हुए हैं और क्रिश्चियंस अपने अपने चर्चों के प्रति समर्पित व आस्थावान होते हैं. वे क्राइस्ट को सार्वभौम-सर्वशक्तिमान मानते हैं. वे लोग क्राइस्ट को न मानने वालों लोगों के बारे में बहुत अच्छा भी नहीं सोचते हैं. वैसे अमेरिका में यूरोपीय मूल के लोग आकर बसे हुए हैं, मूल भूमिपुत्र यानि आदिवासी लोग या तो अतिक्रमणकारियों के साथ लड़ते हुए मारे गए थे अथवा यूरोप से आये हुए वायरसों के कारण बीमार होकर मर गए क्योंकि उन आदिवासियों में वायरसों से लड़ने की प्रतिरोधात्मक शक्ति नहीं थी अत: वे संख्या में सीमित हो गए थे. और अब, अफ्रीकी मूल के लोग जिनके पूर्वजों को गुलाम बना कर लाया गया था वहाँ बहुतायत में हो गए हैं, उनको अब नीग्रो पुकारना एक अपराध माना जाता है. वे अफ्रो-अमेरिकन कहलाते हैं. वर्तमान में तो मुस्लिम अश्वेत बाप व क्रिश्चियन श्वेत माँ का अश्वेत बेटा बराक हुसैन ओबामा वहाँ राष्ट्राध्यक्ष है. एक मिलीजुली खिचड़ी संस्कृति वहाँ कायम है. विकसित देश है, आर्थिक सम्पन्नता है इसलिए सारे विश्व पर अपना दबदबा बनाए रखना चाहता है. पर परिवर्तन के लिए वैचारिक क्रान्ति वहाँ भी अवश्य चल रही होगी.

यहाँ हमारे देश के बड़े शहरों में भी पश्चिमी रहन-सहन, खान-पान व संस्कृति का प्रभाव हर मामलों में दृष्टिगोचर होने लगा है. बड़ा देश है इसलिए क्षेत्रीय आधार पर धार्मिक आस्थाओं ने भी अपनी अपनी अलग पहचान बनाई हुई हैं. बड़ी बात ये भी है कि हम लोग आर्थिक क्रान्ति के दौर से गुजर रहे हैं, अत: हर तरह के आर्थिक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. कई मायनों में तो यहाँ भ्रष्टाचार ने शिष्टाचार का रूप ले लिया है. हम लोग अपने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए रिश्वत देना या लेना कोई पाप नहीं समझते हैं. पाप-पुण्य की परिभाषायें बेमानी लगने लगी हैं.

आज जो हमारा असली भारत है जिसका दर्शन दूर-दराज के गाँव-कस्बों में किया जा सकता है वह अभी भी दशाब्दियों पीछे चल रहा है. ये जरूर है कि संचार-क्रान्ति ने मीडिया के मार्फ़त दुनिया को सिमटा कर बहुत छोटा कर दिया है, जिसकी दस्तक वहाँ भी दी जाने लगी है. इसका प्रभाव लोगों की धार्मिक आस्थाओं व मान्यताओं पर दृष्टिकोण. अत: ये शंका सही है कि आने वाली तीन-चार पीढ़ियों में बहुत कुछ बदल जाएगा.

मंदिरों-शिवालयों में दर्शनार्थियों की लम्बी कतारें, तीर्थों/कुम्भ मेलों में स्नानार्थियों के रेले, लाखों-लाख जटाजूट भस्मी रमाये साधू-सन्यासी, मस्जिदों में नमाजियों की कतारें और गुरुद्वारों में बड़े बड़े लंगर, सब हमारे धार्मिक आस्थाओं के द्योतक हैं. इनका ये स्वरुप अनंत काल तक ऐसा ही बना रहेगा अब संदेह होने लगा है.

शास्त्रीय विधि-विधान पूजा-पाठों के अलावा भी कुछ अंध आस्थाएं भी हैं, जैसे जानवरों की बलि/कुर्बानी. अब लोग इसके औचित्य पर सोचने-लिखने की जुर्रत कर रहे हैं. हालाँकि कट्टरता वाला पक्ष इतनी आसानी से परिवर्तन स्वीकार नहीं कर सकते हैं. पर विचार संघर्ष तो चल ही रहा है.

इधर ये भी सोच ज़िंदा है कि देवी-देवताओं को प्रसन्न करने के लिए लोग अपने शरीर को यातनायें खुद देते है, मंदिरों तक पहुँचने के लिए लुढ़क कर या लेट कर दंडवत करते हुए बढ़ते हैं. नंगे पैर चलते हैं. पश्चिमी भारत के मंदिरों में गंगा-जल लाकर रुद्राभिषेक करने का चलन जूनून की हद तक बढ़ता जा रहा है.

इन तमाम मुद्दों पर यदि हम बहस करने लगते हैं तो आस्थावानों की आस्थाओं पर चोट कही जायेगी, पर समय तो हमेशा परिवर्तनशील रहा है. जो कल था वह आज नहीं है. एक व्यंगात्मक पाकिस्तानी प्रहसन मैंने बहुत साल पहले रेडियो पर सुना था जिसमे एक मुसलमान, मस्जिद के मौलवी जी से बातें करता है. मुद्दा ये था कि मुसलमान का बकरा मस्जिद में जाकर फूल-पौधे चट कर जाता था. तंग आकर एक दिन मौलवी जी ने बकरे को बाँध लिया. बकरे का मालिक उसको खोजते हुए मस्जिद में पहुँच कर मौलवी जी से कहता है कि बकरा उसका है, उसे छोड़ दिया जाये. इस पर मौलवी जी अपनी नाराजी जाहिर करते हुए कहते हैं कि “ये मस्जिद में आकर नुकसान कर जाता है, मैं इसको जिबह करूँगा (काटूंगा.)” बड़े अनुनय-विनय के स्वर में मुसलमान बोलता है, “मौलवी साहब, इसको मुआफ करके छोड़ दीजिए, ये तो बेचारा जानवर है वरना आजकल कौन आता है आपकी मस्जिद में?”

भौतिकवाद की इस भागदौड़ में सचमुच हम सब धार्मिक आस्थाओं को गौण मानते हुए केवल अर्थ व काम के लिए जी रहे हैं. जिसका कोई अंत नहीं है.
                                   ***

शनिवार, 3 मार्च 2012

नौली

नौली शब्द हिन्दी के नवेली का अपभ्रंश है. उत्तरांचल में रहने वालों के लिए इसका अर्थ ऐसी पत्नी से है, जो बिना किसी धार्मिक अनुष्ठान किये ही लाई गयी हो. वह अन्यत्र पहले से शादीशुदा भी हो सकती है, परित्यक्ता भी हो सकती है, या समय-समाज की मारी कोई विधवा. यद्यपि खुद को कुलीन बताने वाले ब्राह्मणों में ये प्रथा नहीं के बराबर रही है, पर सभी सर्वहारा खेतिहर ब्राह्मण, राजपूत, तथा दलितों में इस पर कोई हार्ड एण्ड फास्ट नियम क़ानून नहीं रहा है. ये आदिवासी पुरुष प्रधान पारंपरिक व्यवस्था भी समझी जा सकती है और समय की मांग भी.

कन्यालीकोट गाँव का खीमसिंह ऐसे ही एक नौली का बेटा था. नौली का बेटा होने के कारण उसे सामाजिक मर्यादाओं में रिश्तेदारी करने-कराने में अवश्य कम अंक मिलते होंगे पर यह कोई गंभीर समस्या न थी क्योंकि गाँव में और भी कई घर नौली औरतों से बसे हुए थे और सामान्य तौर पर ग्राह्य थे.

पिछली शताब्दी के उत्तरार्ध में ‘अमीरी’ कन्यालीकोट जैसे तमाम पहाड़ी गाँवों में कोई हव्वा या चिन्तनीय विषय भी नहीं था क्योंकि सामान्यत: सभी ग्रामवासी गरीब व स्वावलम्बी थे. कोई प्रतिस्पर्धा भी दौलत के लिए नहीं होती थी.
१५ साल की उम्र में खीमसिंह की शादी कर दी गयी, और घर में एक किशोरी ब्वारी आ गयी. गाँव के लड़कों में १७-१८ साल का हो जाने पर फ़ौज में भर्ती होने का एक क्रेज होता था. बागेश्वर के उत्तरायणी के मेले का इन्तजार होता था जहाँ हर साल नए लड़के इस अवसर पर बिना घरवालों को बताए भर्ती हो जाया करते थे. सो खीमसिंह भी लाइन में लगा और पास होकर कुमाऊं रेजीमेंट के मुख्यालय, रानीखेत भेज दिया गया. उसकी रंगरूटी शुरू हो गयी. जो लड़के इस तरह घर से भाग कर फ़ौज में शामिल हो जाते थे, उनके घर वाले सुखी या दु:खी दोनों तरह से शंकित रहते थे. अगर बाद में ज़िंदा वापस आगया तो खुशियाँ ही खुशियाँ होती थी, यदि लड़ाई में मारा गया तो खाली तार से खबर आया करती थी तब रोना-धोना ही होता था.  धारणा थी कि सरकार इसी बात के लिए तो खिलाती-पिलाती है और पेंशन देती है कि देश पर कुर्बान रहो. आज की जैसी सामाजिक सुरक्षा तब फौजियों को प्राप्त नहीं थी.

इधर खीमसिंह की रंगरूटी पूरी भी नहीं हो पाई थी कि द्वितीय विश्व युद्ध शुरू हो गया. रंगरूटों को भी जापानी सैनिकों से लड़ने के लिए बर्मा के जगलों में भेज दिया गया, जहाँ सुभाषचंद्र बोस की आजाद हिंद फ़ौज जापानी सैनिकों के साथ मिलकर ब्रिटिश सेना से मुकाबला कर रही थी. इस लड़ाई में दोनों तरफ के सैकड़ों सैनिक मारे गए जापानियों का पक्ष भारी पड़ रहा था. बहुत से ब्रिटिश सैनिक बंदी बना लिए गए. जब तक विश्व युद्ध चला इन बंदियों को नहीं छोड़ा गया. बंदियों में से भी बहुत से अपने जख्मों के कारण मर गए, या बर्मा के जंगलों में मच्छरों के काटने से मलेरियाग्रस्त हो कर चल बसे.

खीमसिंह के घर कमांडर की तरफ से तार आया कि वह लापता है. लापता का मतलब होता था कि शायद ही ज़िंदा होगा. खीमसिंह अपने लगभग २०० साथियों के साथ एक कैम्प में ज़िंदा बचा रहा. कैदियों के साथ कैसा सलूक किया गया? कितना सताया गया? वह तो अकल्पनीय है क्योंकि तब वहाँ रेडक्रास या मानवाधिकार जैसी कोई निगरानी संस्था नहीं थी. जब बाद में मित्र देशों की सेना की तरफ से जापान के बड़े शहर हिरोशिमा तथा नागासाकी पर परमाणु बम डाल कर तबाह कर दिये गए, तब जापान ने हथियार डाल दिये. बचे हुए बंदी सैनिक बाद में छुड़ा लिए गए. जब खीमसिंह टक्करें खाते हुए गाँव लौटा तो माँ-बाप भाई-बहिन तो खुशी के मारे फूले नहीं समाये लेकिन खीमसिंह को ये सुनकर दारुण आघात लगा कि उसको मरा समझ कर उसकी पत्नी बगल के अनरसा गाँव में नौली बन कर चली गयी थी.


ये फौजियों की त्रासदी थी. खीमसिंह के गृहस्थी उजड़ गयी थी. माता-पिता, चाचा-ताऊ सबने सांत्वना दिलासा दी कि ‘दूसरा ब्याह करा देंगे, "कोई नौली हम भी ले आयेंगे," पर खीमसिंह को लगा कि दूसरी भी इसी तरह उसकी अनुपस्थिति में चली गयी तो और बदनामी झेलनी पड़ेगी. वह अपने कमांड में लौट गया. उसकी मनोदशा बड़ी खराब रही. यहाँ तक कि अगले दो साल के अंतराल में जब उसके माता और पिता दोनों गुजरे तो वह ‘पीपल-पानी’ तक में शामिल होने के लिए गाँव लौट कर नहीं आया. बाद में कई साल बाद आया भी तो बागेश्वर खोली गाँव में अपनी बहन के घर तक आकर लौट गया.

पेंशन हो जाने पर तो उसे आना ही पड़ा. ट्रेजरी अल्मोडा में सब कागजात बनवाए. पेंशन में सरकार ने १० रुपये मासिक अतिरिक्त इसलिए दिये कि वह जापानियों का बंदी रहा था. जब उन दस रुपयों की कैफियत उसे बताई गयी तो उसका मन हुआ कि उस पर हँसे या रोये?.

अल्मोड़ा में सोल्जर बोर्ड के कार्यालय में अन्य फ़ौजी भी जा रहे थे, वह भी गया. वहां उसे बताया गया कि सिविल में सरकारी उद्यमों के लिए वाचमैन की भर्ती होने जा रही है, तो खीमसिंह ने भी अपना नाम दे दिया. इस प्रकार वह मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित आर्डिनेंस फक्ट्री में सुरक्षा गार्ड तैनात हो गया.

कहानी का सुखान्त ऐसे हुआ कि उसकी बहन ने चिट्ठी लिख कर उसको बताया कि "उसके गाँव में एक आनंदी नाम की  विधवा औरत है, जिसको उसने नौली के लिए तैयार कर रखा है." भाई को उसने आग्रहपूर्वक लिखा था कि "आनंदी अच्छी औरत है. उसके जीवन में फिर से बहार ले आयेगी, जरूर आकर साथ ले जाये."

खीमसिंह एक सप्ताह की छुट्टी लेकर बागेश्वर आया. आनंदी को उसके पीहर वालों की स्वीकृति से अपना लिया और अपने जीवन के नए सोपान में पदार्पण करने के लिये आनंदी सहित जबलपुर आ गया. दोनों पति-पत्नी ने एक दूसरे पर भरोसा करते हुए सुख पूर्वक जीवनयापन किया. यहाँ किसी ने उसे नौली नाम से नहीं पुकारा. अब रिटायर होकर ८८ वर्षीय खीमसिंह, बीती बिसार कर, अपने नाती-पोतों सहित बागेश्वर, मंडल सेरा में घर बना कर रहते हैं.
                                       ***

गुरुवार, 1 मार्च 2012

हरि-कथा

भगवत गीता के रचयिता महर्षि वेदव्यास जी ने १८ पुराणों की भी रचना की, इनमें से एक है, ‘श्रीमद्भागवत पुराण’ संस्कृत भाषा में भगवान कृष्ण की लीलाओं का वर्णन १८,००० श्लोकों में विस्तार के साथ किया गया है. इसमें अनेक कथाएं व उपदेश हैं, जो सनातन धर्म की आस्थाओं पर आधारित हैं, या यों कहा जा सकता है कि धर्म की आस्थाओं का आधार ये पौराणिक कथाएं हैं.  तुलसीदास जी ने भी रामचरितमानस में लिखा है: "हरि अनंत, हरि कथा अनंता."

श्रीमद्भागवत की कथा की शुरुआत ऐसे होती है कि राजा परीक्षित ने जंगल में अहंकारवश एक मरा हुआ सर्प तपस्या में लीन शमीक ऋषि के गले में डाल दिया. ऋषि के पुत्र श्रंगी ऋषि ने राजा को गुस्से से श्राप दे दिया कि सात दिन में सर्पराज तक्षक के डसने से वह म्रत्यु को प्राप्त हो जाएगा. इस श्राप से भयभीत राजा परीक्षित सन्तों के शरण में जाता है और सात दिनों तक व्यास पुत्र शुकदेव से, मृत्यु से पूर्व कृष्ण चरित्र सुनता है. ये एक अद्वितीय ज्ञानवर्धक कथा है, इसमें पौराणिक गल्प भी बहुत हैं, लेकिन सामाजिक मर्यादा और चरित्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण ग्रन्थ है.

उत्तर भारत में शहरों तथा गाँवों में आस्थावान लोग भगवत कथा का आयोजन करते रहते हैं, जो सात दिनों तक चलती है. अनेक विद्वान कथावाचक सुरुचिपूर्ण ढंग से कथा के सन्दर्भों का विधिपूर्वक पूजन व वर्णन करते हैं. इस कथा के श्रवण से अनेक पापों का और दुखों का अंत होता है, ऐसा कहा जाता है.

अल्मोड़े जिले में द्वाराहाट तब एक छोटी जगह हुआ करती थी. आज की तरह कस्वे के रूप में विकसित नहीं हुआ था. आज तो वहाँ बड़े बड़े कॉलेज-विद्यालय भी हो गए हैं, तब केवल एक मिडिल स्कूल था, जहां आस पास गाँवों के लड़के पढ़ने आया करते थे. स्कूल के पास के गाँव दुगारी में सूबेदार हरिसिंह ने अपने घर-आँगन में भागवत कथा का आयोजन किया ताकि गाँव के लोग कथा का श्रवण सुख ले सकें. सूबेदार जी ने इस अवसर पर रानीखेत से दस फोल्डिंग कुर्सियां भी मंगवाई थी ताकि जो लोग फर्श पर नहीं बैठ पायें वे आराम से बैठ सकें. कथा के दूसरे ही दिन दो कुर्सियां कम हो गयी. तमाम खोजबीन की गयी पर पता नहीं चला कि कुर्सियों को कौन ले गया? और इसी प्रकार अगले दिन फिर दो कुर्सियां गायब हो गयी. पूछताछ पर एक महिला, जो जंगल में अपने जानवरों का चारा लेने गयी थी, ने बताया कि उसने दो स्कूली लड़के पश्चिम की तरफ जाने वाली पगडंडी पर कुर्सी ले जाते हुए देखे थे. उस पगडंडी वाले रास्ते पर दो गाँव पड़ते थे, सो वहाँ से पढ़ने को आने वाले बच्चों से पूछताछ की गयी लेकिन कोई सच बताने को तैयार नहीं हुआ. सूबेदार जी ने स्कूल के हेडमास्टर जी से इस बात की शिकायत की, लेकिन लड़कों ने वहाँ भी पूरी तरह अनभिज्ञता जाहिर की.

हेडमास्टर पंडित हरिनंदन जोशी अपने समय के बहुत विद्वान और चतुर व्यक्ति माने जाते थे. वे समझ गए कि अवश्य ही पश्चिम दिशा वाले गाँवों से आने वाले लड़कों में से किसी की कारस्तानी थी. उन्होंने एक पुराने फार्मूले पर नायाब तरीके से ‘कुर्सी चोरों’ को पकड़ने की ठानी. सभी पन्द्रह बच्चों को परीक्षा हाल की तरह अलग अलग बिठाया गया सभी को बिना लम्बाई बताए १४ इंच लंबा धागा दिया गया. थोड़ी देर बाद सभी को एक एक स्केल भी दे दिया गया. लड़कों को ताकीद कर दी गयी कि कोई किसी से बात नहीं करेगा. लड़कों को बताया गया कि धागा अभिमंत्रित हैं. और जिसने कुर्सियां ली हैं उनके घागे दो इंच लंबे हो जायेंगे.

दस मिनट के बाद सबके धागे चेक किये गए तो दो लड़ाकों के धागे दो-दो इंच कटे हुए मिले. इस प्रकार दोनों चोरों को पकड़ा गया. तब गलती करने वाले लड़कों को कड़ी सजा मिला करती थी ताकि भविष्य में दुबारा वैसा न करें. हेडमास्टर जी ने दोनों लड़कों को दस-दस बेंत और एक सप्ताह तक स्कूल की बाउंड्री साफ़ करने की सजा दी. दोनों के माता-पिता को कुर्सियां वापस लाने के आदेश के साथ ही शेष दिनों में भागवत कथा श्रवण करने का आदेश भी सजा के रूप में दिया गया. वह समय ऐसा था कि गुरू (अध्यापक) का आदेश शिरोधार्य होता था. उनको समाज में महेश्वर का दर्जा प्राप्त था.
                                       ***