सोमवार, 29 जुलाई 2013

चुहुल - ५५


(१)
गुरूजी ने पंचतंत्र की कहानियां पढ़ी थी, जिनमें पण्डित विष्णु शर्मा अक्ल से ठस राजकुमारों को जानवरों के प्रतिमानों के माध्यम से पढ़ाते हैं.
वे अपनी प्राइमरी की कक्षा के बच्चों को गणित के जोड़ सिखा रहे थे, पर रामू के खोपड़े में बात बैठ नहीं रही थी. गुरूजी ने पंचतंत्री बनकर उसको सिखाने के लिए कहा, “अगर मैं तुमको बिल्ली के दो बच्चे दूं और बाद में फिर से दो बच्चे दे दूं तो तुम्हारे पास कुल कितने बिल्ली के बच्चे हो जायेंगे?”
रामू ने अपनी अँगुलियों में हिसाब लगा कर उत्तर दिया, “पाँच”.
गुरू जी को उसके गलत उत्तर पर गुस्सा आ गया और रामू को पास बुला कर पूछा, “पाँच कैसे हुए बता?”
रामू बोला, “आपने दो बिल्ली के बच्चे एक बार दिये, फिर दूसरी बार भी दो बच्चे दिये, मेरे घर पर एक बिल्ली का बच्चा पहले से है, सब मिलाकर पाँच हुए कि नहीं.”

(२)
नर्स डॉक्टर से: सर, कैसे उदास बैठे हैं?
डॉक्टर: अरे, अभी दोपहर को जिस मरीज का आपरेशन किया था, वह मर गया है.
नर्स: सर, दोपहर वाला तो पोस्टमार्टम था.
डॉक्टर: तो सुबह मैंने किसका पोस्टमार्टम किया था?

(३)
एक युवती गोवा घूमने गयी. एक सुन्दर निर्जन तट पर उसने अपने कपड़े उतारे और पानी में उतरने जा रही थी तो एक पुलिस वाले ने सीटी बजा कर उसे रोक दिया कहा, “यहाँ पर नहाना मना है.”
महिला को इस पर गुस्सा आ गया बोली, “तुमने ये बात तब क्यों नहीं बताई जब मैं कपड़े उतार रही थी?”
पुलिस वाले ने कहा, “मैडम, यहाँ पर कपड़े उतारने की मनाही नहीं है. आप इस नोटिस बोर्ड को देख लीजिए, इस पर सिर्फ नहाने के लिए मना लिखा है.”

(४)
एक सस्ती सी पुरानी खटारा घड़ी का मालिक उसे मरम्मत करने के लिहाज से घड़ीसाज के पास ले गया. कैफियत देते हुए बोला, “गलती मेरी थी. मेरे हाथ से ये फर्श पर गिर पड़ी थी.”
घड़ीसाज घड़ी की हालत देखकर बोला, “आपने दूसरी गलती ये की है कि इसे फिर से उठा लिया.”

(५)
एक पत्नी ने लाड़ जताते हुए पति से पूछा, “यदि मैं मर गयी तो तुम दूसरी शादी कर लोगे?”
पति ने कहा, “इस प्रश्न का उत्तर देना बहुत कठिन है.”
पत्नी बोली, “वो क्यों?”
पति ने बताया, “यदि मैंने ‘हाँ’ कह दिया तो तुम नाराज हो जाओगी और यदि मैंने ‘नहीं’ कह दिया तो माधुरी नाराज हो जायेगी.
***

शनिवार, 27 जुलाई 2013

बोझेरू

हमारे देश को जब अंग्रेजों की हुकूमत से आजादी मिली तो कुल जनसंख्या ३५-४० करोड़ के आसपास थी. पढ़े लिखे लोगों का प्रतिशत भी बहुत कम था. मिडिल (दर्जा ७) पास करते ही अध्यापकी या पटवारी-पेशकार की नौकरी मिल जाया करती थी. एंट्रेंस (हाई स्कूल) पास लड़के सीधे तहसीलदार भी बन जाते थे. अगर फर्स्ट डिविजन यानि ६०% नम्बर आ जाते तो मेडीकल कॉलेज के दरवाजे भी खुले रहते थे. स्कूल कॉलेजों में फीस भी नगण्य हुआ करती थी.

आजादी के बाद जनसंख्या बेतहाशा बढ़ती रही. नई नई नौकरियों की गुंजाइश होते हुए भी बेरोजगारी थमी नहीं है. उन दिनों पढ़ाई की इतनी विधाएं भी नहीं थी. लड़के सीधे एफ.ए., बी.ए., या एम.ए. किया करते थे. मैकाले की उस शिक्षा नीति का दुष्परिणाम यह हुआ कि पढ़ा लिखा आदमी शारिरिक श्रम वाले कार्यों अथवा खेतीबाड़ी के कामों से परहेज करने लगा. आम धारणा यह भी थी कि शिक्षण संस्थायें दफ़्तरों के बाबू बनाने के कारखाने बन गए थे.

अल्मोड़ा जिले में कौसानी और गरुड़ के बीच पहाड़ी पर बसे हुए भेटा गाँव के पण्डित हरिनंदन लोहानी एक छोटे काश्तकार थे. चूंकि लम्बी धोती वाले ब्राह्मण तब खुद खेतों में हल नहीं चलाते थे इसलिए सब काम उनका हाली धनीराम शिल्पकार किया करता था. हरिनंदन लोहानी कुछ पंडिताई का काम भी करते थे. दूर वज्यूला के आसपास उनकी जजमानी थी.

हरिनन्दन लोहानी ने अपने इकलौते बेटे अम्बादत्त को एंट्रेंस की पढ़ाई के लिए अल्मोड़ा शहर में भेजा था. वे खुद उसका राशन-पानी उसके डेरे में पहुंचा कर आते थे. अपने बच्चों को इस तरह पढ़ाने का कई लोगों में बहुत उत्साह हुआ करता था. बच्चों को भी स्कूलों में ये दोहा सुनाया जाता था:

बच्चों पढ़ना है सुखदाई, मिले इसी से सभी बडाई,
पहले थोड़ा कष्ट उठाना, फिर सब दिन आनन्द मनाना.
मित्र लोगों की सलाह पर अम्बादत्त ने डाक विभाग में  नौकरी के लिए आवेदन किया तो उसका चयन भी हो गया. लखनऊ में तीन महीने की तार बाबू की ट्रेनिंग पाकर अल्मोडा मुख्य डाकघर में नियुक्ति मिल गयी. एक साल बाद ही उसकी घर के निकट बैजनाथ डाकघर में बदली कर दी  गयी जहाँ दो साल के कार्यकाल के बाद ही उसे पदोन्नति देकर पोस्टमास्टर बना दिया गया.

अम्बादत्त लोहानी भेटा गाँव से पोस्टमास्टर बनने वाला पहला भाग्यशाली व्यक्ति था. वह एकाएक ‘बड़ा आदमी’ हो गया. बच्चे जब बड़ा आदमी बन जाते हैं तो माता-पिता भी अपने आप ‘बड़े लोग’ हो जाते हैं. पण्डित हरिनंदन बहुत खुश थे, पर उनको लेशमात्र घमंड नहीं हुआ. वे बेटे की बेबूदी तथा उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए नित्य अपने पूजा-पाठ में लगे रहते थे, पर अम्बादत्त को ये गरिमा ठीक से हजम नहीं हो रही थी. वह स्वयं को महत्वपूर्ण व्यक्ति समझते हुए आम लोगों से अंग्रेज हुक्कामों की तरह व्यवहार करने लगा था. क्यों ना हो? पोस्टमास्टर को उन दिनों कई ऐसे अधिकार प्राप्त होते थे जो गजेटेड ऑफिसरों के पास होते थे. गजेटेड ऑफिसर (जिसका नाम सरकारी गजेट में प्रकाशित होता था) का मतलब सर्टिफाइंग ईमानदार अधिकारी होता था.

पण्डित हरिनंदन लोहानी अपने काबिल बेटे के लिए एक सुन्दर खानदानी बहू की तलाश में थे कि छ: महीनों बाद ही अम्बादत्त की बदली गढ़वाल बॉर्डर पर स्थित ग्वालदम पोस्ट आफिस को हो गयी. उन दिनों उनका हाली धनीराम बीमार पड़ा हुआ था इसलिए अम्बादत्त का बिस्तर+ट्रन्क को ग्वालदम पहुँचाने की समस्या उत्पन्न हो गयी. कोई और बोझेरू (बोझा ढोने वाला कुली) उपलब्ध नहीं हो रहा था. बैजनाथ से ग्वालदम तक पहाड़ी ऊँची नीची कच्ची सड़क होती थी. खच्चर वाले से बात की तो उसने पूरे बीस रुपयों के भाड़े की बात की. पण्डित जी ने सोचा, ‘इतना भाड़ा देने के बजाय क्यों ना मैं ही बेटे का बिस्तर+ट्रन्क वहाँ पहुचा आऊँ.’

अम्बादत्त जवान लड़का था पर उस पर ‘पोस्टमास्टरी’ सवार थी. उसको अपने बाप की पीठ पर बोझा सामान्य सी बात लगी क्योंकि वे उसके लिए पहले भी बोझा उठाते रहे थे. निश्चित तिथि पर बेटा आगे आगे और बाप सामान पीठ पर लादे पीछे पीछे ग्वालदम को चल पड़े. हर बाप अपने बच्चों के लिए बोझा उठाना अपना कर्तव्य समझता है. रास्ते में हरिनंदन लोहानी को अपने कुछ जजमान भी मिले लेकिन पण्डित जी ने उनकी सेवा लेना ठीक नहीं समझा. धीरे धीरे वे गंतव्य की ओर बढ़ते रहे. जो करीब १०-१५ मील होता था. पहाड़ों में दुर्गम स्थानों में अपने सामानों का बोझ उठाकर ले जाने की जीवटता आज भी मौजूद है. यहाँ मानसिकता ये भी रही है कि चमड़ी जाये पर दमड़ी नहीं जानी चाहिए. रूपये की कीमत बहुत समझी जाती है. सच तो यह भी है कि इन पहाड़ी इलाकों में लाखों-करोड़ों रुपयों के मनीआर्डर देश के अन्य हिस्सों में नौकरी करने वाले स्थानीय लोग दशकों से हर महीने भेजते रहते हैं, पर ना जाने क्यों यहाँ रूपये में बरकत नहीं है. आज भी अधिकतर लोग गरीबी की रेखा के नीचे गुजर बसर कर रहे हैं.

अम्बादत्त लोहानी चाहता तो कोई ना कोई बोझेरू मजदूर दूर से भी मंगा सकता था, पर जब पिताश्री आगे होकर तैयार हो गए थे तो उसने सोचा ‘उनके शरीर में खूब क्षमता है. असली घी जो खाया है.’(तब इधर वनस्पति घी का चलन नहीं था)

वज्यूला से आगे परकोटी गाँव की सीध में पहुँचते पहुँचते अधेड़ हरिनंदन बहुत थक गए. रास्ते से परे हटकर एक पेड़ की छाँव में बोझा उतार कर सुस्ताते हुए लेट गए. उधर अम्बादत्त बड़ी देर तक उनकी राह देखता रहा,  लेकिन नीचे पगडंडी पर दूर तक वे कहीं भी नजर नहीं आ रहे थे. वह थोड़ा चिंतित हो गया और ढलान पर उनकी खोज में लौट पड़ा.

जिस मोड़ पर पिताश्री विश्राम कर रहे थे, उसके पास आने पर एक अन्य पैदल यात्री अम्बादत्त को मिला तो उससे पूछ लिया, “तुमने रास्ते में कोई बोझेरू देखा, जिसकी पीठ पर बिस्तर और ट्रन्क लदा है?” बेटे के ये शब्द हरिनंदन को भी स्पष्ट सुनाई दिये. वह उनको बोझेरू बता रहा था. पिता कहने पर संकोच कर रहा था.

वह राहगीर हीरासिंह जलाल एक अध्यापक था, जो पण्डित जी का जजमान भी था. एक घन्टे पहले वज्यूला में उनसे मिल चुका था, और उनकी कहानी जान चुका था. वह बोला “बोझेरू तो नहीं देखा, हाँ तेरा बाप हरिनंदन को जरूर देखा. यहीं कहीं आ रहा होगा. शरम कर, बाप को बोझेरू बना कर खुद खाली हाथ जा रहा है.”

उनकी वार्तालाप सुनकर पण्डित हरिनंदन का स्वाभिमान भी जाग उठा. उन्होंने कहा, “मैं यहाँ हूँ, और अब इतना घायल हो गया हूँ कि आगे नहीं चल सकता. तू अपना सामान खुद उठा मैं लौट रहा हूँ.” यह कहते हुए वे उलटे पाँव लौट पड़े.

अम्बादत्त पोस्टमास्टर की हालत देखने लायक थी. बाद में निश्चय ही अपना सामान खुद उठा कर ले गया होगा.
***

गुरुवार, 25 जुलाई 2013

ईजा का पुनर्जन्म

बहुत से लोग पुनर्जन्म में विश्वास करते हैं. वे कई ऐसे उदाहरण और साक्ष्य प्रस्तुत करते हैं जिनसे पुनर्जन्म का सिद्धांत सही प्रतीत होता है. भगवदगीता में महर्षि वेदव्यास जी ने श्रीकृष्ण के वचन यों लिखे हैं:

वासांसि जीर्णानि यथा विहाय
नवानि गृह्णाति नरोपराणी .
तथा शरीराणि विहाय जीर्णा-
न्यन्यानि संयाति नवानी देही.

आप्त वचनों में भी कहा गया है कि मनुष्य अपने सद्कर्मों के बल पर स्वर्ग की प्राप्ति करता है, जहाँ उसकी आत्मा परम सुखों को भोग कर पुण्य क्षीण (खर्च) होने पर पुन: इस धरती पर जीवनचक्र में घूमने आ जाती है. ये भी कहा जाता है कि शुद्ध आत्माओं की यदि कुछ इच्छायें अतृप्त रह जाती हैं तो वे पुन: शरीर धारण करती हैं. आदि शंकराचार्य ने अपने द्वादस मंजरिका स्तोत्र में कहा है, "पुनरपि जननंम, पुनरपि मरणंम, पुनरपि जननी जठरे शयनंम". ये दर्शन शास्त्र व आध्यात्म की गहरी बातें हैं, यहाँ इसके विवेचन पर न जाकर प्रत्यक्ष रूप से स्वर्गीय रामेश्वरी देवी की कहानी पर आते हैं.

श्रीमती बेला पाण्डेय की सास रामेश्वरी देवी आज से ठीक एक साल पहले ८८ वर्ष की उम्र में अपना शरीर छोड़ गयी थी. उनके पौत्र चारुचंद्र ने विधिवत उनका क्रियाकर्म करके अपना संतान-धर्म निभाया था. आज जब उनका वार्षिक श्राद्ध किया गया तो दोपहर बाद ही चारुचंद्र की पत्नी चित्रा ने एक बालिका को जन्म दिया है. चारु की माँ बेला नवजात पौत्री को देखकर भावविह्वल हो गयी. वह उस नन्ही गुड़िया को ईजा (माँ) कहकर पुकारने लगी. बेला पाण्डेय अपनी सास को ईजा ही संबोधित किया करती थी. बेला के अनुसार ईजा ने इसी घर में पुनर्जन्म लिया है. प्रमाणस्वरुप वे बताती हैं कि बच्ची के बांई हथेली पर ईजा की ही तरह छ: अंगुलिया हैं, और ठीक उनकी तरह ही ठोड़ी के नीचे तिल भी है.

बेला इस वक्त खुद भी ६५ वर्ष की उम्रदराज महिला है. अपनी सास के साथ उनका जो आत्मिक सम्बन्ध रहा उसे दो शरीर और एक आत्मा का नाम दिया जा सकता है.

स्व. रामेश्वरी देवी के पति ब्रिटिशकाल में अंगरेजी फ़ौज में सेकेंड लेफ्टीनेन्ट थे. द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान मध्य एशिया में तैनात थे, जहाँ उनकी बेटैलियन पर दुश्मन ने आकाशीय हमला किया और वे शहीद हो गए थे. इस प्रकार रामेश्वरी देवी का वैवाहिक जीवन केवल दो वर्षों का रहा. उस वक्त उनकी गोद में उनका ६ माह का बेटा विक्रमादित्य था. विक्रम को उन्होंने बड़ी हिफाजत और कष्टों के साथ बड़ा किया. वह नहीं चाहती थी कि विक्रम बड़ा होकर फ़ौज में भर्ती हो क्योंकि उन्होंने तब की जमीनी लड़ाइयां देखी सुनी थी, जिनमें हमेशा जान का खतरा होता था. पर फ़ौजी परिवार वालों की मानसिकता आम सिविलियनों से अलग हुआ करती है. अनुशासन और देशभक्ति उनके संस्कारों में स्वाभाविक रूप से आ जाते हैं. विक्रम हमेशा अपने पिता की तस्वीरों को एकटक देखा करता था और उसे फ़ौज में जाने का जूनून हो गया था. माँ को अंत में उसकी जिद मंजूर करनी ही पड़ी.

२४ वर्ष की उम्र में विक्रम की शादी धार्मिक परम्पराओं के अनुसार बेला जोशी से कर दी. रामेश्वरी देवी अपने वैधव्य के दु:ख भुला कर उन चालीस वर्षों में परिवार को पटरी पर ले आई. विक्रम बहुत जिम्मेदार अफसर था, परन्तु दुर्भाग्य ने इस परिवार को एक बार फिर पटखनी दे दी. सीमा क्षेत्र में कहीं एक सड़क दुर्घटना में उसकी जीप गहरी खाई में गिर गयी. वह भी अकाल ही इस दुनिया सी विदा हो गया. उसके दो बेटियाँ और एक बेटा है, जो अब सभी विवाहित हैं. बच्चे आर्थिक विपिन्नता में तो नहीं रहे, पर पिता के ना रहने का संताप वे लोग समझ सकते हैं जो कम उम्र में उन्हें खो देते हैं.

बेला और रामेश्वारी देवी एक दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझती थी. एक दूसरे का दु:ख बांटती रही. बेला उनको ईजा (माँ) कहती थी. उनमें अपनापन माँ शब्द के अर्थ से भी कहीं ज्यादा था. वे एक दूसरे के पूरक हो गए थे. रामेश्वरी देवी ने बहुत दु;ख देखे थे. अब वह बहू के दर्दों को खुद महसूस किया करती थी. ढाढस बंधवाती थी, उपदेश करती थी. अपनी चौथी उम्र में भी बेला के प्रति वह वैसा ही भाव रखती थी जिस तरह एक नौजवान माँ किशोर बेटी की चिंता करती है.

रामेश्वरी देवी के जीवन का एक शुक्ल पृष्ठ यह भी था कि वह हमेशा खुद को धार्मिक साहित्य में डुबोए रखती थी. किताब-समाचार पत्र पढ़ती थी. उन पर बेला से चर्चाएं किया करती थी. यों करीब सत्तर साल का वैधव्य जीवन काट कर अपनी जिम्मेदारियां निभाती हुई वृद्धावस्था के कारण शरीर छोड़ गयी. बेला को यद्यपि ये बात मालूम थी कि मृत्यु एक शाश्वत सत्य है, हर देहधारी को इसे एक ना एक दिन छोड़ कर जाना ही होता है, फिर भी उसके लिए ईजा का चले जाना सबसे बड़ी त्रासदी रही. वह नित्यप्रति ईजा को अपने सपनों में देखा करती थी. उनके चित्रों को पुष्पांजलि देती और स्मरण करके आंसू बहाया करती थी. उसे ईजा के देहावसान पर पति के वियोग से भी ज्यादा विषाद हुआ. समय किसी के कहने से रुकता नहीं है. ज्यों हर बरसात के बाद नई घास-वनस्पतियां उग आती हैं, इस सँसार में भी नई उत्पत्ति होती जाती है. आज ठीक वार्षिक श्राद्ध के दिन चारु की पत्नी ने किलकारी मारती हुई एक कन्या को घर में नए सदस्य के रूप में ला दिया तो परिथितिजन्य आनन्द यह हुआ है कि बकौल बेला पाण्डेय, ईजा पुनर्जन्म लेकर आ गयी है.
***

मंगलवार, 23 जुलाई 2013

बद्दुआएँ

“तेरा सत्यानाश हो, तेरे कीड़े पड़ें, तू पैदा होने से पहले ही मर जाता तो अच्छा होता! अरे दुष्ट, तुझे पाला-पोसा पढ़ाया-लिखाया, शादी कर दी, और अब तू अपने बाप पर हाथ उठा रहा है? मुझे लात मार कर धक्का दिया? जा तुझे मेरी बददुआ लगेगी, तेरा कभी भी भला नहीं होगा!” ये धाराप्रवाह गालियाँ आक्रोशित सरोजिनी देवी अपने बड़े बेटे चिंतामणि पाठक को दे रही थी. चिंतामणि साइकॉलाजी में एम.ए. करने के बाद यू.पी. पुलिस में थानेदार हो गया था और बदायूं जिले में कार्यरत था. आज ही सुबह सितारगंज में अपने माँ-बाप के पास लौट कर आया था.

सरोजिनी देवी के पति लोकमणि पाठक २५ साल पहले फ़ौज से सूबेदार के पद से रिटायर हुए थे. उसके बाद सरकार ने उनको ऑनरेरी कैप्टन का तमगा भी दिया था. वे मूल रूप से चम्फावत के एक छोटे से गाँव के रहने वाले हैं. उनके दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनको पढ़ाने के उद्देश्य से उनकी पत्नी बच्चों के साथ सितारगंज रहती थी. जहाँ कई वर्षों तक किराए के मकान में रहने के बाद उन्होंने मेन रोड पर ७५,००० रुपयों में एक रिहायशी प्लाट खरीद कर बढ़िया सा घर बनवा लिया था. तब चिंतामणि नौकरी पर लग चुका था, पर उसने खर्चे में बिलकुल भी हाथ नहीं बटाया. घर की सभी व्यवस्थाओं में सरोजनी देवी का रोल हमेशा अध्यवसायी रहा. समय पर दोनों बेटों की शादियां भी कर दी.

चूंकि चिंतामणि जल्दी ही पुलिस की नौकरी में आ गया था, माता-पिता उसकी तरफ से बेफिक्र हो गए. बेटी सयानी होते ही उसकी शादी एक फ़ौजी लड़के से कर दी. छोटा बेटा चंद्रमणि लिखने पढ़ने में फिसड्डी रहता था इसलिए कोई डिग्री-डिप्लोमा हासिल नहीं कर पाया. वह फ़ौज के लायक भी नहीं था क्योंकि शरीर से कमजोर था. इसलिए माता-पिता उसकी ज्यादा फ़िक्र किया करते थे. रिटायर होने के बाद, कैप्टन लोकमणि पाठक को सितारगंज में ही एक कैमिकल फैक्ट्री में सेक्यूरिटी ऑफिसर की नौकरी मिल गयी. यों सारी गृहस्थी व्यवस्थित चल रही थी. चंद्रमणि के भविष्य को आर्थिक दृष्टि से सुनिश्चित करने के लिए उसके लिए एक लोहे की ग्रिल, चेनल, गेट, व जालियां आदि बनाने वाला छोटा वर्कशॉप खोल दिया. दो कारीगर भी रख लिए. बाद में पूरी दूकान का मालिकाना हक भी चंद्रमणि को दिलवा दिया. इस प्रकार कैप्टन साहब ने अपनी सारी बचत छोटे बेटे पर खर्च कर दी. उनका सोचना था कि बड़े बेटे चिंतामणि की तो वेतन के अलावा भी खूब कमाई है और वह उसे निवेश करने में भी समर्थ है.

चिंतामणि का परिवार बढ़ गया था. वह पद में भी प्रमोशन पाकर सी.ओ. हो गया. उसकी पत्नी बहुत लालची किस्म की महिला थी. नित्यप्रति उससे कहा करती थी कि “बाबू जी ने सारी जायदाद देवर जी के नाम कर दी है और तुम्हें ठनठन गोपाल बना कर रखा है.” जब एक ही बात बार बार चुभोई जाये तो कभी तो असर दिखाती है. इस बार बाबू जी से साफ़ साफ़ जायदाद के बटवारे की बात करने के इरादे से ही वह सितारगंज आया था. कैप्टन साहब फैक्ट्री की अपनी नौकरी से रिटायर हो चुके थे. उनको अपनी पेन्शन का बड़ा सहारा था. जब से सरकार ने पेन्शन को महंगाई भत्ते के साथ जोड़ा तथा एक-रैंक-एक-पेन्शन का फार्मूला लागू किया, रकम में अच्छी बढ़ोत्तरी हो गयी है.

चिंतामणि ने अभी तक की अपनी बारह वर्षीय नौकरी में कभी दो पैसा बाप के हाथ में नहीं रखा. वह समझता था कि उनके पास रुपयों की कोई कमी नहीं है. यद्यपि माँ ने कई बार उससे कहा भी था कि “तू रूपये कमाता है, थोड़ा बहुत अपने पिता की भी मदद किया कर, उनके खर्चे बहुत हैं.” वह ये बताने की कोशिश भी करती रही है कि पिता को आर्थिक रूप से मदद करने से आपस में भरोसा बढ़ता है, पर चिंतामणि ने इन बातों पर कभी गौर नहीं किया और अपनी बचत के रुपयों से अपनी पत्नी के नाम जमीन-जायदाद खरीदता रहा. पिता को खबर भी नहीं होने देता था. जब आदमी नियानब्बे के फेर में पड़ जाता है तो लालच बढ़ता जाता है.

आज ऐसा ही हुआ. उसने कैप्टन साहब से कह डाला “अब आप जायदाद का बटवारा कर दीजिए. मेरा हिस्सा मुझे चाहिए.” ये बात सुन कर कैप्टन साहब ने हैरानी भरे स्वर में कहा, “किस जायदाद की बात कर रहा है? क्या तूने कभी एक रुपया भी यहाँ जमा किया है? मेरी जायदाद में तुम्हारा कोई हिस्सा नहीं है. ये मेरी अकेले की कमाई है.”

“अच्छा तो ये सब छोटे को ही देने का इरादा है?” उसने गुस्से में आँखें दिखाते हुए कहा.

उसके तेवर और तल्ख़ आवाज पर कैप्टन साहब का फ़ौजी गुस्सा फूट पड़ा, “ये पुलिसिया धौंस यहाँ मत दिखा. बेहतर है तुम अपने परिवार सहित अभी इस घर से दफा हो जाओ.”

इस पर चिंतामणि आपे से बाहर हो गया और अपने बाप को मारने के लिए हाथ उठा लिया. तब उसकी माँ बीच में आई. चिंतामणि ने माँ को जोर से लात मार कर धक्का दे दिया, जिससे वह बुरी तरह गिर पड़ी. चंद्रमणि, उसकी पत्नी तथा घर पर काम करने वाला उनका नौकर चिंतामणि पर पिल पड़े और उसे एक तरफ कर दिया.

इस स्थिति में सरोजनी देवी के मुँह से अपनी ही औलाद के लिए हजारों बद्दुआएँ फूट पडी.
***

रविवार, 21 जुलाई 2013

बैठे ठाले - ५

दुनिया के बड़े भू-भाग में केवल सर्दी और गर्मी दो ही मौसम होते हैं, बारिश तो बीच बीच में होती रहती है, पर हमारे देश में छ:ऋतुएँ और तीन मौसम, सर्दी, गर्मी और बरसात हर साल घूम फिर कर आते रहते हैं. प्रकृति के इन नियमों के अनेक लाभ हैं, लेकिन कभी कभी अति होने पर हानियाँ भी भयंकर होती हैं. हमने हाल में प्रकृति का ये तांडव प्रत्यक्ष रूप से केदारनाथ धाम व अन्य हिमालयी क्षेत्रों में देखा है.

अब इन दिनों बरसात का मौसम है. तपती गर्मी से निजात मिल गयी है. पेड़-पौधे, बेल-लता, अनाज-घास, सब में नवजीवन व हरियाली आ गयी है. कीट पतंगों से लेकर जलचर, नभचर, व थलचर जीव-जंतुओं में तरुणाई व उमंग का संचार हो गया है. कुल मिलाकर ये प्रकृति की अल्हड़ अंगड़ाई सी है.

बारिश के पानी में नाइट्रोजन घुला रहता है, जो बड़े पेड़ों को भी गहरे तक जाकर पोषण देता है. पहाड़ों की नयनाभिराम छटा इसी बरसात की वजह से बनी होती है. वातावरण में नमी तथा उमस होने से कीट-पतंगों और सभी पशु-पक्षियों के प्रजनन का वेग होता है और उनके नवजातों के लिए पर्याप्त भोजन उपलब्ध रहता है. दृष्टिगोचर नहीं रहने वाले वायरस व बैक्टीरिया भी इस मौसम में बदहवास बढ़ जाते हैं, जो नाना प्रकार के रोग हम मनुष्यों में भी पैदा कर जाते हैं. चर्म रोग, उदर रोग तथा नेत्र रोग आम तौर पर संक्रमित होते हैं. इसलिए इनसे बचाव के प्रति सावधानियां बरतनी चाहिए.

बाग बगीचों में तितलियां व उड़ने वाली अनेक तरह की जंगली मक्खियाँ हरी पत्तियों या फल-सब्जियों पर अपने असंख्य अण्डे छोड़ जाती हैं. ये जंगली मक्खियाँ फल-सब्जियों पर इंजेक्शन की तरह अपने अण्डे डाल देती हैं. अण्डों से निकलकर उनके बच्चे अन्दर ही अन्दर पोषित होते रहते हैं. देर से पकने वाले इस मौसम के आम, अमरुद, सेव-नाशपाती और आड़ू के फल तथा सब्जियों में टमाटर, बैगन आदि इनके आसान आश्रय होते हैं. हरी पत्तियों की सब्जियों को इसीलिए इस मौसम में वर्जित कहा गया है. आलकल इन कीटों से बचने के लिए काश्तकार कीटनाशक रसायन का स्प्रे करते हैं. इस विषय में विचारणीय बात यह भी है कि इन पेस्टिसाइड्स का अंधाधुंध प्रयोग बहुत खतरनाक होता है. फल-सब्जियों को खाने से पहले स्वच्छ जल से खूब धो लेना जरूरी होता है.

स्वच्छ पीने के पानी के बारे में आजकल शहरी लोगों में बहुत जागरूकता है, पर हमारे गाँव-देहात में बहुत बुरा हाल होता है. नदियों का पानी इन दिनों बुरी तरह प्रदूषित रहता है. अन्य जलस्रोतों का पानी भी पीने के लिए सुरक्षित नहीं होता है. यह एक व्यापक विषय है, जिस पर समाज व प्रशासन दोनों को बहुत काम करना है.

सब मिलाकर मौसम का आनन्द लेने के साथ साथ इसकी बुरे पक्ष से बचाव करते रहना चाहिए.
***