रविवार, 23 अक्टूबर 2011

हिसाब बराबर


ओमप्रकाश अग्रवाल अच्छे धनीमानी व्यक्ति हैं. नई सड़क, दिल्ली, में उनकी पुश्तैनी किताबों की दूकान है. उनका परिवार वहीं दुमंजिले में रहता आया था. बाद में जगह की कमी महसूस होने लगी तो उन्होंने महरोली में २०० गज के प्लाट में एक बढ़िया आधुनिक बँगला बनवाया, बँगला बना तो पीछे एक सर्वेंट क्वाटर भी बनवा दिया.

कारोबार बहुत अच्छा चल रहा था. किताबों के अलावा उन्होंने डायरियों, पेन, व आफसेट कलेंडरों का भी काम शुरू कर दिया था. तीन सयाने बेटे हैं जो कारोबार खूब अच्छी तरह सम्हाल रहे हैं. हर साल करोड़ों का टर्नओवर होने लगा है.

ओमप्रकाश बड़े आस्तिक किस्म के आदमी हैं और पैसे की कद्र करना भी खूब जानते हैं. ये जुमला वे अक्सर उछालते रहते है, ‘पैसा भगवान तो नहीं पर भगवान से कम भी नहीं.’ सब कुछ होते हुए भी बात-व्यवहार में उनका कंजूसपना झलकता ही है. देव-मंदिरों में भी उन्होंने पूरा रुपिया कभी नहीं चढाया. एक बड़ी तिजोरी घर में रखते हैं जिसमे पंचम जार्ज के जमाने के चांदी के सिक्के भरे पड़े हैं. जब से सारा काम काज, लेन-देन, बैंकों के माध्यम से होने लगा है, नकदी का काम बहुत ज्यादा नहीं रहा है. लड़के सब सम्हाल लेते हैं. ओमप्रकाश अब अक्सर अपनी बुजुर्ग माता श्री व श्रीमती के साथ बिताना पसंद करने लगे हैं.

पुराने घर में नौकर की जगह तो थी नहीं पर यहाँ आकर सबसे पहले उन्होंने नौकर की तलाश की और सौभाग्य वस एक १६-१७ साल का गढ़वाली लड़का डूंगरराम उनको मिल भी गया. बहुत मोल-भाव करके उसे खाना-खुराक के साथ ५०० रूपये मासिक पर काम पर रख लिया. अखबारों में नौकरों के अपराधों की बहुत सी घटनाएं छप रही थी इसलिए उन्होंने डूंगरराम का बकायदा पुलिस वेरिफिकेशन भी करवा लिया. डूंगरराम घर का सारा काम करने लगा, पर खाना श्रीमती अग्रवाल अपने हाथों से ही पकाती हैं और उनकी रसोई में प्याज लहसुन का भी परहेज है.
डूंगरराम गरीब लड़का है. जैसा मिल जाये खा लेता है. घर में सभी लोग उसके काम-काज व व्यवहार से संतुष्ट थे. तीन चार साल तक तो सब ठीक ही चल रहा था. अब डूंगरराम के गाँव से उसके माता-पिता के बार-बार पत्र आ रहे थे कि उसकी शादी तय कर दी गयी है. उसने मालिक को ये बात बताई तो उनको लगा कि अब ये भागने के फिराक में है. अत: उसको बन्धन में रखने के लिए उन्होंने उसको कहा, “शादी करके आ जा. दुल्हन को भी यहीं ले आना. मैं तेरी तनखाह तीन सौ रूपये बढ़ा दूंगा, पर तुम्हारा खाना पीना अब अपने क्वाटर में कर लेना.” डूंगरराम को मालिक का प्रपोजल ठीक लगा. वह गाँव गया. शादी करके दुल्हन को साथ ले आया. मालिकन ने खाना पकाने के बर्तन भी उनको दे दिए. सब सामान्य हो गया. ओमप्रकाश ने नौकर के वापस आ जाने पर राहत महसूस की.

डूंगरराम की पत्नी प्रेमा को यहाँ का खाना अच्छा नहीं लग रहा था. वह अरुचि बताने लगी और बोली, "कभी मीट भी लाया करो.” डूंगरराम ने उसको बताया कि, "मालिक लोग तो प्याज लहसुन तक नहीं छूते हैं, तू मीट की बात कर रही है.” वह चुप हो गयी पर अगले दिन से बार बार वही रट लगाने लगी कि, "मेरा मन मीट खाने को हो रहा है.”
वह पत्नी को नाखुश भी नहीं रख सकता था. एक दिन एक ढाबे से बना बनाया मीट ले आया. पर प्रेमा को वह भी बिलकुल पसंद नहीं आया बोली, "तुम कच्चा मीट लेकर आना. मैं दरवाजा बंद करके बनाऊँगी. देखना तुम अंगुली चाटते रह जाओगे.”

अगली बार डूंगरराम चुपके से बाजार से आधा किलो मीट ले ही आया पत्नी को ताकीद करते हुए बोला “दरवाजा बंद करके पकाना. मालिक को मालूम पड़ गया तो नौकरी जायेगी.” प्रेमा ने मीट मसाला डाल कर चटपटा बना कर पकाया. खिड़की दरवाजा बंद थे पर उसकी खुशबू तो बाहर जा ही रही थी. हवा का रुख भी मालिक के कमरे की तरफ ही हो रहा था.

अग्रवाल जी के नाक में जब वह गन्ध पहुँची तो उनको कुछ शंका-आशंका हो गयी. वे तलाशने लगे कि गन्ध काहे की आ रही है और कहाँ से आ रही है? सूंघते-सूंघते डूंगरराम के क्वाटर पर पहुँच गए. दरवाजा भीतर से बंद था पर महक बाहर तक जोरों से आ रही थी. उन्होंने डूंगरराम को आवाज दी तो अन्दर दोनों खमोश हो गए. लेकिन जब जोर जोर से पुकारा और दरवाजा भड़भड़ाया तो डूंगरराम को बाहर निकलना ही पड़ा. मीट का भभका भी साथ में आया.

मालिक ने पूछा, “ये काहे की खुशबू आ रही है?”
डूंगर राम ने सोचा अब पकडे तो गए हैं सच-सच बता देना चाहिए सो बोला, “मालिक ये नादान औरत नहीं मानी. गलती हो गयी. अब भविष्य में ऐसा नहीं होगा.”
अग्रवाल कुछ समझे नहीं. फिर पूछा, “मगर ये खुशबू काहे की आ रही है?”
डूंगरराम डरते हुए और झेंपते हुए बोला, “मीट की.”
अग्रवाल साहब ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "वाह ये तो बड़ी प्यारी खुशबू है. मुझे अच्छी लगी. तू ऐसा कर रोज ही पकाया कर. मुझे कोई ऐतराज नहीं है.”
ये कह कर वे वापस अपने बंगले में घुस गए. इधर डूंगरराम और उसकी पत्नी एक दूसरे का मुँह देख कर खूब हंसते रहे. तबीयत से मीट-भात खाया. अब मालिक राजी तो डर भाग गया.

अब डूंगरराम एक-दो दिन में ताजा माँस लाकर प्रेमा को देने लगा. उसकी भी बांछें खिल गयी. आये दिन नानवेज बनाने और खाने से उनका बजट बिगडता जा रहा था. प्रेमा ने पति से कहा, “खुशबू तो मालिक ले ही रहे है. तुम उनसे तनखाह बढ़ाने की बात करो.”

हिम्मत करके डूंगरराम मालिक के सामने उनकी बैठक में हाजिर हुआ थोड़े मुस्कराहट के साथ बोला, “मालिक आप मीट की खुशबू का आनंद तो ले रहे हैं, पर हमारा खर्चा नहीं चल रहा है. तनखाह बढ़ानी पड़ेगी.” ये सुन कर अग्रवाल साहब के माथे पर बल पड़ गए काफी देर सोचने के बाद बोले, "अच्छा तू यहीं बैठ.” खुद अन्दर स्ट्रांग रूम में चले गए, तिजोरी खोली, वहाँ से काफी देर तक सिक्कों की खनखनाहट डूंगरराम को सुनाई दे रही थी. डूंगरराम मन ही मन सोचने लगा आज मालिक अपना खजाना उस पर लुटाने वाले हैं. वह बहुत खुश हो रहा था.

उसकी खुशी ज्यादे देर नहीं रही क्योंकि जब मालिक बाहर आये तो खाली हाथ थे. आते ही उन्होंने डूंगरराम से पूछा, “तुमने कुछ सुना?”

डूंगरराम बोला, “हाँ मालिक सिक्के बज रहे थे.”
मालिक ने फिर पूछा "कैसा लगा?”
डूंगरराम ने उत्तर दिया, “बहुत अच्छा लगा.”
इस पर ओमप्रकाश अग्रवाल गंभीर होकर बोले, “देख मैंने तेरे पकवान का ऐसे ही आनंद लिया जैसे तूने मेरे सिक्कों का लिया है. हिसाब बराबर हो गया. अभी दमड़ी नहीं मिलेगी. तू जा अपना काम कर.”

शनिवार, 22 अक्टूबर 2011

मक्कारपुरा


उस गाँव का नाम पहले से मक्कड़पुरा था, पर वहाँ के लोगों के बात-व्यवहार से उसका नाम लोगों की जुबान पर मक्कारपुरा चढ़ गया. खुद गाँववासी भी अब गाँव का नाम मक्कारपुरा ही बताते है. क्यों ना हो, जब पूरे गाँव के लोग हर बात पर मक्कारी करते हों तो यथा नाम तथा गुण वाली बात भी फिट बैठ गयी.

एक सर्दियों के दिनों की शाम जब हल्की बारिश की फुहार भी चालू थी, किसी बच्चे ने आकर खबर दी कि टोनी नाम का बच्चा कुए में गिर गया है. हल्ला होते ही लोग भाग कर कुएं के पास गए, वहाँ भीड़ लग गयी पर उस ठण्ड में झुरमुट अँधेरे के बीच कोई भी कुएं में उतरने के लिए राजी नहीं था. अच्छे अच्छे नौजवान कार्यकर्ता मुँह चुरा रहे थे एक तरह से मक्कारी कर रहे थे. अपनी बला टालने के लिए ग्राम सभा सदस्य सुन्दरलाल बोला, “अरे, बाल्टी निकालने वाली काँटों की रस्सी लाओ, उसको पकड़ कर टोनी बाहर आ जाएगा.”

उस हबड़-तबड़ में टोनी का बाप कांटे वाली रस्सी बाल्टी सहित ले आया और कुएँ में डाल दी. लोग सभी ऊपरी मन से ये सब कर रहे थे क्योंकि इतनी देर तक बच्चे के पानी में बचे रहने की कोई उम्मीद नहीं थी. लेकिन उनके आश्चर्य का ठिकाना ना रहा जब नीचे बाल्टी किसी ने पकड़ ली. धीरे-धीरे रस्सी को खींचा गया तो देखा कि गाँव के सबसे बूढ़े और कमजोर आदमी रहीम चाचा टोनी को बगल में लेकर बाहर रस्सी के सहारे बाहर आ गए.

सबने ताली बजाई, वाह-वाह किया. वे दोनों ठण्ड से कांप रहे थे, सीधे नजदीक में पंचायत भवन में ले गए. सब लोग बड़े हैरत में थे, उत्साहित भी थे. इतने में एक आदमी बोला, “देखा, रहीम चाचा का कमाल, कोई नौजवान हिम्मत नहीं कर पाया; इन्होंने कर दिखाया.”

सुन्दरलाल बोला, “चाचा हम तुम्हारा नागरिक सम्मान करेंगे.”

इस पर रहीम चाचा बड़ी तुर्सी के साथ बोले, “तुम्हारे नागरिक सम्मान की ऐसी की तैसी, पहले ये बताओ कि मुझे धक्का किसने दिया था?”
                                     ***

शुक्रवार, 21 अक्टूबर 2011

उलझे रिश्ते


इज्जतनगर, बरेली, में डाक्टर सुनील गुप्ता की बेटी शालिनी का विवाह मुरादाबाद के खजानचंद गुप्ता के बेटे नन्द कुमार से रस्मो-रिवाज के साथ तय किया गया. बरात दरवाजे पर आ गयी तब मालूम हुआ कि शालिनी गायब हो गयी है.

शालिनी शुरू से ही अपने इस विवाह के बारे में माँ-बाप से असहमत थी क्योंकि वह सुदर्शन कश्यप नामक एक क्लासमेट के साथ बरसों से सपने संजोये हुए थी. चूँकि सुदर्शन गैर जाति वाला था इसलिए डाक्टर गुप्ता ने डाट-डपट कर बेटी को बहुत सारे ‘वास्ते’ दिए क्योंकि अभी छोटी बहिन व भाई भी लाइन में थे. बिरादरी से बाहर जाने का मतलब था भविष्य में समाज में बैठने लायक नहीं रहेंगे. अब ऐन वक्त पर वह भाग गयी तो और भी बुरा होने वाला था. आनन्-फानन में छोटी बेटी नलिनी को हाथ पैर जोड़े कि वह मंडप में बैठ कर घर की इज्जत बचा ले. उसने अपने मन की बात कभी बताई नहीं थी कि उसका भी कहीं चक्कर है. परिस्थितियों के वशीभूत दबाव में उसे नंदकुमार के साथ फेरे लेने ही पड़े. ये सारा अंदरूनी खेल घर के चंद लोगों तक ही सीमित रहा. जैसे तैसे व्याह हो गया. बारात विधिवत विदा भी हो गयी.

ससुराल पहुँच कर नव वधू गुमसुम हो गयी. शाम होते होते तो वह अर्धचेतना की अवस्था में आ गयी. नन्दकुमार को जब दुल्हन के बीमार होने की बात मालूम हुई तो वह उससे मिलने आया. वह दंग रह गया कि वहाँ बहू के रूप में शालिनी नहीं नलिनी थी. उसने नलिनी से इसका कारण पूछा तो उसने सारा सच उगल दिया और ये भी बताया कि वह किसी और की अमानत है. उसने भी इज्जतनगर में ही विवेक गुप्ता नाम के लड़के के गले में भगवान के मंदिर में जयमाला डाली हुई है.

नंदकुमार ने सारी बात अपने माता-पिता को बताने में देर नहीं की. खजानचंद गुप्ता को डाक्टर गुप्ता पर बहुत गुस्सा आया और तुरन्त फोन मिलाया कि उन्होंने उनके साथ इतना बड़ा धोखा क्यों किया?

डाक्टर गुप्ता ने क्षमा मांगते हुए एक ही वाक्य में उनको निरुत्तर कर दिया कि अगर उनकी जगह खुद खजानचंद जी होते तो क्या करते?

घर में मेहमान भी थे अभी शगुन ही गाये जा रहे थे. ‘ऐट होम’ में खाना खाने के लिए स्थानीय आमन्त्रित लोग आने लग गए थे. अन्दर ये नया डेवलपमेंट होने होने से रंग में भंग जैसी स्थिति हो गयी.

खजांनचंद गुप्ता बड़े जिम्मेदार आदमी थे पीतल के कारोबारी समाज में उनका बहुत मान था. मुरादाबाद के गण्यमान्य व्यक्तियों में उनकी गिनती होती थी. उनको लगा कि अब बड़ी छीछालेदर होने वाली है तो उन्होंने घर परिवार के, निकट बिरादरी के और रिश्तेदारों को जल्दी से बुलाया और विस्तार से सारी कहानी कह डाली. अंत में प्रमुखतया कहा कि चूँकि उनके घर में कोई बेटी नहीं है इसलिए वे नलिनी को बहू नहीं बेटी का दर्जा देते है. नलिनी को भी आश्वासन दिया कि जिस लड़के से वह बंधन बंधा हुआ बता रही है, उससे ही उसका ब्याह करा देंगे.

लोगों ने तालियाँ बजाई. पूरे एपिसोड में नया मोड आ गया. सबने खजानचंद गुप्ता के बड़प्पन  व उनके आदर्शवादी होने पर बहुत खुशी जताई. अगले ही दिन तमाम स्थानीय व राष्ट्रीय अखबारों में ये डबल प्रेम कहानी चटाखेदार शब्दों में छप गयी. इज्जतनगर के घर घर तक बात पहुँच गयी.

खोजी पत्रकार विवेक गुप्ता को खोजते हुए उसके घर तक पहुँच गए. एक तमाशा हो गया. जब विवेक से इस बारे में कमेंट्स पूछे गए तो उसने कहा, “मैं अब किसी नलिनी गुप्ता को नहीं जानता. ना ही उससे विवाह करूँगा क्योंकि वह दूसरे की पत्नी हो गयी है.”

ये वक्तव्य भी दूसरे ही दिन अखबारों में आ गया. अब नलनी त्रिशंकु होकर रह गयी. खजानचंद गुप्ता ने उसे बाइज्जत उसके दान-दहेज सहित माँ-बाप के पास इज्जतनगर भेज दिया.

इस प्रकार के अनेक अभिषप्त परिवार हमारे देश में है जहाँ जाति, धर्म व अमीरी-गरीबी के मापदंडों से दुर्दिन देखने पड़ते हैं. लड़के और लड़कियों को अपने पैरों पर खड़े होकर ही भविष्य के निर्णय लेने चाहिए और माँ-बाप को भी समय की नजाकत व बच्चों की भावनाओं को समझना चाहिए.
                                      ***

गुरुवार, 20 अक्टूबर 2011

काला भूतड़ा


राजस्थान में कंजरों की बस्ती गाँव के बाहर रहती थी. अभी भी शायद ये स्थिति बरक़रार होगी. ये एक जरायम पेशा (अपराध वृति) के कबीले जैसे, अनपढ़ व जाहिल किस्म के लोग होते हैं. इनकी औरतें भी प्राय: अनैतिक कार्य करती हैं. रात्रि में दूर-दूर तक छापा मार कर चोरी-सेंधमारी करना इनके बाएं हाथ का खेल होता है.

कहीं अगर ताले टूट जाये, मकानों में चोरी हो जाये तो पुलिस को पहला शक कंजरों पर जाता है. कई कंजर तो हिस्ट्री सीटर भी हैं, जिनका पूरा पुलिस रिकार्ड रखा जाता है. पकड़े जाते हैं, कोई गुनाह कबूल भी कर लेता है, पर अधिकतर इतने पक्के होते हैं कि तीसरी डिग्री का प्रयोग करने के वावजूद पुलिस कुछ भी नहीं उगलवा पाती है. वर्तमान में सरकारों ने इनको समाज की मुख्य धारा में ढालने के लिए समाज कल्याण विभाग के मार्फ़त अनेक कार्यक्रम बना रखे हैं. इस दिशा में कितना काम हो चुका है या हो रहा है? कुछ कहा नहीं जा सकता है.

ऐसा ही एक गाँव है बेरखेड़ा जहाँ सिर्फ कंजर लोग ही रहते हैं. उनका सरदार था हल्कू जिसे सब लोग ‘गरू’ कहते थे. सब उसका कहना मानते थे. उसका अपना तौर तरीका था. वह चोरी करने के लिए दिशा निर्देश दिया करता था, और अपना हिस्सा लेता था. उसने पूरे गाँव के मर्दों को आदेश कर रखा था कि कोई मंदिर नहीं जायेगा तथा कथा-कीर्तन नहीं सुनेगा. सब लोग उसकी बात को पत्थर की लकीर समझते थे.

एक गबरू जवान किसनू अपने फन में उस्ताद हो गया था. सैकड़ों चोरियां करके नाम कमा चुका था. पुलिसवाले उसे अक्सर थाने में तलब करते रहते थे. थाने वालों को वह कुछ चटाता ही रहता होगा पर इस बारे में कुछ कहना पुलिस को नाराज करना जैसा होगा. किसनू गरू के निर्देशानुसार पांच कोस दूर गोरान्पुरा गाँव में लखनलाल जायसवाल के घर को रात में खंगाल लाया. बड़ा हाथ मारा था. लाखों का माल समेट कर वापस आ रहा था तो रास्ते में भीरारिया गाँव में बीचों बीच होकर जाने का रास्ता था जहाँ रात में भगवत कथा हो रही थी. किसनू ने जेब से रुई निकाली और दोनों कानों में ठूँस ली ताकि कथा वाचक की कोई बात उसके कानों में ना घुस पाए. पर हुआ क्या कि जब वह कथा स्थल के नजदीक था तो एक कान की रुई अचानक निकल कर गिर गयी. उस वक्त कथा वाचक अपने कथांश में कह रहे रहे कि “भूत-प्रेतों की छाया जमीन पर नहीं पड़ती है, उनके पैरों के पंजे पीछे की  तरफ उलटे होते हैं जो जमीन को नहीं छूते. वे जूते भी नहीं पहनते हैं.”

किसनू को इतनी बात सुननी ही पडी क्योंकि कान में डालने के लिए उसके पास अतिरिक्त रुई नहीं थी. वह अंगुली कान के डाल कर आगे निकल गया, और अपने घर आ गया. उसने गरू को उसका हिस्सा भी पहुंचा दिया तथा बेफिक्र हो गया. ये उसकी आम दिनचर्या ही थी.

उधर लखनलाल जायसवाल ने थाने में रिपोर्ट की और प्रशासन को हिला कर रख दिया. इल्जाम ये लगाया कि ये सब पुलिस की मिली भगत से हो रहा है. विधान सभा में भी बात उठ गयी. अखबारों ने इसे फ्रंट पेज पर छापा. पुलिस के लिए ये बड़े शर्म की बात कहे जाने लगी. दस दिनों तक जब कोई सुराग नहीं मिला तो थानेदार बारियांम सिंह झाला ने तुक्का लगाया, ‘हो सकता है ये काम किसनू कंजर का ही हो क्योंकि इतनी सफाई से वही ऐसा काम कर सकता है.’ थानेदार को ये भी मालूम था कि किसनू हाल में ही जेल से छूट कर आया है. झाला ने सोचा कि मार पड़ने से तो वह कबूलेगा नहीं, उसे नए ढंग से डराया जाये. अत: उसने काले कपड़े व मेकअप करके एक डरावना चेहरा बना लिया. रात के अँधेरे में जीप गाँव के बाहर ही खड़ी करके अकेले सीधे किसनू के ठिकाने पर दस्तक दी.

बाहर से आवाज भारी करके किसनू को पुकारा तो अन्दर से उसने पूछा, “कौन है?”
भूत ने कहा, “काला भूतड़ा हूँ. बाहर निकल.”
किसनू जब बाहर आया तो देख कर सचमुच भयभीत हो गया, कांपने लग गया. भूतड़े ने कहा, “गोरानपुरा से जो माल लाया है, उसमें मेरा भी हिस्सा है. निकाल, वरना मैं तेरा सर्वनाश करके जाउंगा.”
किसनू घबराहट में बोला, “अभी लाता हूँ.” और ये कह कर वह जब घर के अन्दर जेवरात निकालने लगा तो अचानक उसे कथावाचक की कही हुई बात याद आ गयी. उसने झट टार्च टटोली और फिर बाहर आकर देखा तो भूत के पैरों में जूते हैं और पैर सीधे भी है, जमीन पर टिके हैं, साथ ही छाया भी पड़ रही है. किसनू भी खेला-खाया खिलाड़ी था समझ गया कि ये कोई भूत नहीं है, ठग है. उसने आव देखा न ताव एक लकड़ी से थानेदार झाला को दे मारी. झाला जब तक सम्भलते, हल्ला हो गया. झाला को घेर लिया गया. पर जब गरू आया तो उसने झाला का परिचय पाकर आदेश दिया कि थानेदार को उसका हिस्सा दे दिया जाये क्योंकि वह बड़े काम के आदमी है. एक पोटली में अपना हिस्सा लेकर थानेदार झाला लौट कर अपने जीप पर आकर सोचने लगे कि 'इसकी पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक किस प्रकार पहुंचाई जाये.'

उधर जब किसनू ने गरू को राज की बात बताई तो गरू को बहुत ताज्जुब हुआ. उसने कहा हमारे पुरखे गलती पर थे, अगर कथा में इतनी बड़ी बात बताई जाती है तो हमको इससे परहेज नहीं करना चाहिए.

इस प्रकार गरु ने अपने गाँव में कथा कीर्तन कराने के लिए दूर वामन गाँव से पंडितों को बुलाया. कहते हैं कि इसके बाद कंजरों के जीवन में काफी सुधार आ गया है. उन्होंने चोरी चकारी करना छोड़ दिया है.
                                         ***

बुधवार, 19 अक्टूबर 2011

ट्रेड यूनियन आन्दोलन


सत्रहवीं शताब्दी में जब यूरोप में औद्योगीकरण की लहर आई तो कल कारखानों के कामगारों की अलग पहचान बनने लगी, जिनके हितार्थ कुछ मित्र मंडलियों जैसे संगठन बनने लगे क्योंकि पूंजीपति लोग कम से कम वेतन देकर अधिक से अधिक लाभ कमाने की प्रवृति में थे. इस विषय में कोई वैधानिक या कानूनी व्यवस्था न होने से मालिकों की मनमर्जी चलती थी तथा अत्याचार भी होते रहे. कैथोलिक चर्च के पोप लियो १२ ने तत्कालीन हालातों में श्रमिकों पर हो रही ज्यादतियों पर उनके लिए गारेंटेड अधिकारों व सुरक्षा नियमों की आवश्यकताओं पर बल दिया था. अमेरिका में भी तत्कालीन प्रेसिडेंट अब्राहम लिंकन ने जोर देकर कहा कि पूंजी से श्रम ज्यादा महत्वपूर्ण है.

इंग्लेंड में १८३३ में सर्व प्रथम फैक्ट्री एक्ट प्रकाशित हुआ जिसमे ८ घन्टे काम करने का प्रावधान किया गया और तत्कालीन व्यवस्था में श्रमिकों की बेरोजगारी स्थिति, बीमारी, बुढापा व अन्तिम संस्कार के लिए हितलाभ जैसे प्रमुख मुद्दों पर विचार होने लगा. इसके अलावा बाल मजदूरों के काम के घंटों व स्वास्थ्य पर चिंताए जताई जाने लगी. इसी क्रम में राजनैतिक विचारधारा के रूप में लेबर पार्टी का आविर्भाव भी हुआ.

भारत में भी अंग्रेज उद्योगपतियों के संगठन लंकाशायर कैप्लिस्टस ने भारतीय कम्पनियों मे, जिनमें खास कर कपड़ा व जूट मिलों में समानांतर रूप से प्रतिस्पर्धा होने के कारण सभी के लिए वर्किंग कंडीसन जाँच के लिए १८७५ में पहला कमीशन गठन करवाया. पहला फैक्टी एक्ट १८८१ में फिर जूट उद्योग के लिए काफी देर बाद १९०९ में फैक्ट्री एक्ट बना. गुलाम भारत में श्रमिक वर्ग पूरी तरह असंगठित था. इस बीच लीग आफ नेशन्स ने १९१९ में I.L.O. (अन्तर्राष्ट्रीय लेबर आर्गनाइजेशन) की स्थापना की तो भारत में भी राजनैतिक चेतना स्वरुप १९२० में AITUC (ALL INDIA TRADE UNION CONGRESS) की स्थापना हुई. जिसका पहला अध्यक्ष लाला लाजपत राय को बनाया गया. बाद में इसके अध्यक्ष के रूप में अनेक नाम जुड़े, जैसे सी.आर.दास, वी.वी.गिरि, सरोजिनी नायडू व जवाहरलाल नेहरू आदि. 

प्रथम विश्व युद्ध के बाद बढती महंगाई एक प्रमुख मुद्दा बन गया. वेतन बहुत कम था और सुविधाएँ ना के बराबर थी. अत: ट्रेड यूनियन आंदोलन जोर पकड़ता गया. सन १९२४ से १९३५ के बीच के समय को ट्रेड यूनियन का रिवोल्यूशनरी पीरिअड कहा जाता है. सन १९२७ तक ५७ यूनियन एटक से संबद्ध हो गयी थी.

स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ श्रमिक आंदोलन भी नया रूप लेता जा रहा था पहले प्रांतीय स्तर पर मुम्बई में औद्योगिक विवाद अधिनियम आया तथा मध्य भारत में मी बाद में अलग से अधिनियम बनाया गया. देश भर के लिए ओद्योगिक विवाद अधिनियम १९४७ में ही लागू हुआ. जिसमे प्रबंधन में लेबर पार्टीसिपेशन का भी प्रावधान था. विवाद निबटाने के लिए राज्य स्तर पर तथा केन्द्रीय स्तर पर एक सरकारी तंत्र की स्थापना की गयी.

सन १९४६ में अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी ने एटक से अलग होकर अपना अलग लेबर विंग इंटक (INDIAN   NATIONAL TRADE UNION CONGRESS)  बना लिया. एटक की कमान बामपंथी नेताओं के हाथ में चली गयी. कालांतर में ये फिर विभाजित होता रहा सोशलिस्टों ने हिंद मजदूर सभा नाम से पहचान बनाई. १९६२ के भारत चीन युद्ध के बाद कम्युनिस्टों में भी लेलिनवादी और मार्क्सवादी जैसे भेद उभरे, नतीजन एटक का विभाजन हुआ जो कट्टर पंथी माने जाते थे उन्होंने सेंटर फॉर ट्रेड यूनियन (CITU) नाम से देशव्यापी नेटवर्क बना लिया. उधर दक्षणिपंथी पार्टी जनसंघ जो बाद में भारतीय जनता पार्टी बनी ने अपना लेबर विंग भारतीय मजदूर संघ के नाम से बना लिया. इसके अलावा अनेक यूनियन नेताओं ने और क्षेत्रीय पार्टियों के नेताओं ने स्वयम्भू बन कर अपनी अलग प्राइवेट यूनियनें बना कर बार्गेनिंग का धन्धा शुरू कर दिया.

कुल मिला कर ट्रेड यूनियन के कई फैडरेशन भी बने है. कुछ को छोड़ कर नेतागण अपनी अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए इनका खुला इस्तेमाल करते रहे हैं. कामगारों का दुर्भाग्य भी रहा है कि इस राजनैतिक प्रतिस्पर्धाओं के कारण एक ही उद्योग में कई कई यूनियनें खड़ी हो गयी. मजेदारी ये है कि कोई भी सात कामगार अपना अलग संगठन बना कर झंडा लहरा लेते हैं. जिसका नतीजा ये होता है कि सामूहिक बार्गेनिंग का मुख्य उद्देश्य प्राप्त नहीं हो पाता है. जहाँ मालिक प्रगतिशील होता है वहाँ सब निभ जाता है पर जहाँ अभी २१ वीं सदी में भी यूनियन के नाम से चिढ हो तो वहाँ बहुत बुरा हाल है. कई उद्योगों के मालिक अपने विधि सम्मत कार्यों पर कानूनी मुहर लगवाने के लिए ऐसे लोगों की यूनियन बनवाते हैं जो उनके यस मेन हो. यूनियन के लीडर कम पढ़े लिखे होने के साथ साथ व्यक्तिगत लाभ के उद्देश्य से सामने आते हैं. युनियन की बजट का आडिट का प्रावधान भी है पर नियम इतने लचीले व फर्जी किस्म के है कि ये एक खाना पूर्ती से ज्यादा कुछ भी नहीं हैं.

राष्ट्रीय संगठन व फैडरेशन भी सब प्रायोजित कार्यक्रमों के अनुसार चल रहे हैं. उधर लेबर आफीसर से लेकर कमिश्नर तक तथा फैक्ट्री इन्स्पेक्टर आदि निगरानी तंत्र के लोग राजनैतिक भ्रष्टाचार के तले सुरक्षित हैं. अधिकतर भष्ट हैं. ये श्रमिकों की समस्याओं के प्रति कितने चिंतित रहते है? इसका विश्लेषण करेंगे तो १०० में से ५ अंक दिए जाएंगे तो बहुत होंगे. इन अधिकारियों के पास उद्योगों को जायज-नाजायज तरीकों से हैरान करने के अकूत तरीके हैं. जिन पर लोकपाल बिल जैसी व्यवस्था की शायद ही नजर पड़ सकेगी.

इन पंक्तियों के लेखक का व्यक्तिगत अनुभव है कि ठेकेदारी प्रथा भी भ्रष्टाचार का एक विशेष श्रोत है. तमाम नियम कानूनों की कैसे धज्जियां उडाई जाती हैं देखना हो तो तो फील्ड में जाकर देखना होगा. इस सबकी मार पड़ती है मजदूर के वेतन व सेहत पर.

इसमें कोई संदेह नहीं है कि दुनिया भर में ट्रेड यूनियन मूवमेंट को बामपंथी लोगों ने बल दिया और समय समय पर संघर्ष भी किये. आज जितने भी क़ानून मजदूरों के पक्ष में बने हैं उनका ओरिजिन बामपंथी विचारधारा ही है. जब से रूस व चीन जैसे गढ़ ठन्डे पड़ गए है, पूरे विश्व में ट्रेड यूनियन मूवमेंट के दांत टूटे से लगने लगे हैं.

जिस तरह हमारा प्रजातंत्र दुनिया का सबसे बड़ा प्रजातंत्र है, असलियत में हम देख रहे हैं, अनुभव कर रहे हैं कि अशिक्षा व हर स्तर पर भ्रष्टाचार के कारण बैशाखियों पर खडा है, ठीक उसी तरह हमारा ट्रेड यूनियन आंदोलन भी है. अभी तक अनेक अंधी गलियों में प्रकाश की प्रतीक्षा है.
                                     ***