मंगलवार, 9 जुलाई 2013

रक्तदान महादान

किसी व्यक्ति के शरीर में खून की कमी को पूरा करने के लिए अब से लगभग ४०० वर्ष पहले यूरोप में तत्कालीन चिकित्सकों के दिमाग में आया कि यदि जानवरों का ताजा खून मुँह द्वारा पिला दिया जाये तो वह सीधे मरीज के शरीर के रक्त में जा मिलेगा. एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति तब आज की तरह समृद्ध व वैज्ञानिक नहीं थी. रक्त ट्रांस्फ्यूजन या रक्तदान का प्रारंभिक इतिहास बताता है कि ये भ्रांतिपूर्ण तरीका बहुत प्रचलित था. बाद में एक कदम आगे बढ़ते हुए एक चिकित्सक ने भेड़ का ताजा खून एक मरीज की रुधिर सिरा में चढ़ा दिया तो मरीज की तुरन्त मौत हो गयी. फ्रांस के इस दुस्साहसी चिकित्सक को मरीज को मारने के जुर्म में मृत्युदंड दिया गया.

परन्तु यह विचार कि एक मनुष्य का रक्त दूसरे को चढ़ाया जा सकता है, ज़िंदा रहा. इस प्रकार के प्रयोग होते रहे. तब अलग अलग खून में ‘अग्लूटिनेसन’ (आपस में मेल) की क्रिया से अनजान रहने के कारण मरीज मरते भी रहे.सन १६७९ में पोप X1 ने रक्त ट्रांस्फ्यूजन पर प्रतिबन्ध लगा दिया.

आस्ट्रियाई जीव विज्ञानी व भौतिकविद कार्ल लेंडस्लाइडर (१४ जून १८६८ – २६ जून १९४३) ने रक्त में ‘अग्लूटिनेसन’ के आधार पर रक्त समूहों को A, B, AB और O ग्रुप्स में वर्गीकृत करके इस चिकित्सा विधा में क्रान्ति ला दी. क्रॉसमैचिंग करके ग्राह्य रक्त को खून की कमी के शिकार मरीज को दिया जाना सामान्य बात हो गयी. सन १९३० में कार्ल लेंडस्लाइडर को इस महान खोज के लिए नोबेल पुरुस्कार से नवाजा गया. अब हर साल १४ जून उनके जन्मदिन को विश्व रक्तदान दिवस के रूप में मनाया जाने लगा है.

मनुष्य के शरीर में बहने वाले खून में श्वेत व लाल रक्त कोशिकाएं अरबों की संख्या में अपने अपने अनुपात में रहते हैं. लाल कणों में हीमोग्लोबिन रहता है, जो शरीर के तमाम उतकों का पोषण करता है. श्वेत कण एक तरह की अन्दुरुनी फ़ौज है, जो प्रतिरोधात्मक शक्ति बनाए रखती है. इनका सामंजस्य प्लेटलेट्स बनाए रखते हैं. ये ऐसा जटिल विधिविधान है, जिसे आसानी से नहीं समझा जा सकता है. रक्त के उपरोक्त ग्रुप्स के उपसमूह भी हैं. आज चिकित्सा विज्ञान बहुआयामी और विस्तृत हो चुका है. अनेक विधाओं में इसका अध्ययन किया जाने लगा है. रक्त देना और रक्त लेना पूर्ण सुरक्षित हो गया है.

एक बार के रक्तदान में ३५० ग्राम रक्त दिया जाता है, जो मात्र २१ दिनों में दुबारा शरीर में बन जाता है. वैसे भी हर तीन महीनों बाद पुराने रक्तकण मर जाते है और पित्त की थैली में चले जाते हैं, उनकी जगह यकृत (लीवर) द्वारा नए पैदा करने की प्रक्रिया जारी रहती है.

रक्तदान करने के लिए १६ से ६० वर्ष की उम्र के सभी स्त्री-पुरुष, जिनके शरीर का वजन कम से कम ४५ किलो भी हो तथा HIV या हेपेटाइटिस B या C से ग्रस्त ना हो; योग्य है.

रक्तदान के बारे में तरह तरह की गलत धारणाएं होती है कि ‘रक्तदान करने वाला कमजोर हो जाता है’, ‘उसकी रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता कम  हो जाती है’, आदि आदि. लेकिन ये सब भ्रांतियां हैं.

रक्तदान से मौत से जूझ रहे मरीज, दुर्घटना से ब्लडलॉस वाले लोग, आपरेशन करवाने वाले बीमार, अथवा ‘थैलीसीमिया’ ग्रस्त बच्चों की जान बचाई जाती है. अनुभव किया गया है कि बहुत प्रचार-प्रसार के बावजूद कम लोग इस पुण्य कार्य में अपना योगदान करने के लिए सहर्ष आगे आते हैं. कई सामाजिक सस्थानों के सदस्य व उद्योग समूहों में कार्यरत समझदार लोग इस विषय की गंभीरता को समझते हुए रक्तदान करने/कराने लगे हैं.

कुछ प्रोफेशनल खून बेचने वाले शराबी/नशेड़ी लोग जरूरतमंदों को खून उपलब्ध कराते हैं. इसमें दलालों का भी हिस्सा होता है किन्तु ये बहुत खतरनाक बीमारियों को निमंत्रण देने जैसा है क्योंकि इन पेशेवरों के खून में हीमोग्लोबिन का स्तर बहुत कम रहता है तथा बीमारियों की जड़ निहित रहती है. अधिकृत ब्लड बैंक रक्त का परीक्षण और भंडारण करते हैं, जिसमें स्टरलाईजेशन का विशेष ध्यान रखना होता है. जिन थैलियों में रक्त लिया जाता है, उनमें उचित मात्रा में ऐंटीकोआग्युलेन्ट होना चाहिए. ये महत्वपूर्ण है कि संरक्षित रक्त भी ज्यादा लम्बे समय तक नहीं रखा जा सकता है.

कुछ अनधिकृत नकली खून के कारोबारी दलालों के मार्फ़त मौत की सौदागिरी करते हैं. इनसे सावधान रहना चाहिए.

चूँकि अस्पतालों में आवश्यकतानुसार खून की पूर्ति नहीं हो पाती है इसलिए इसके विकल्प के रूप में cells free heamoglobin solution का उपयोग कुछ देशों में होने लगा है. सर्वप्रथम दक्षिण अफ्रीका ने इसको मान्यता दी है.

रेडक्रॉस सोसाइटीज तथा बहुत सी स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संचालित ‘ब्लड बैंक’ इस क्षेत्र में प्रसंशनीय कार्य कर रही हैं. रक्तदान करने वाले बहुत से लोगों ने नियमित रक्तदान करने के अपने व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाए हैं. हमें अपने स्वजनों, मित्रों व साथियों को समय समय पर रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. ये मानवता की सेवा में बड़ा कदम होगा.
***

रविवार, 7 जुलाई 2013

चंडूखाने से

डॉ. हरिवंशराय बच्चन ने मधुशाला पर एक पूरी किताब लिख डाली. वैसे शराबखाने तो हजारों सालों से इस धरती पर रहे होंगे, बच्चन जी जैसे दीदावर ने उसे एक खास मुकाम दे डाला. लेकिन उनके दिमाग में कभी हमारे देसी चंडूखाने के बारे में कभी कोई नज्म पैदा नहीं हुई.

अंग्रेजी, फ्रेंच, अरबी और फारसी के महान कवियों ने ‘वारुणी’ पर रूबाइयां/मुक्तक तहे दिल से रच कर अपने पाठकों का दिल खुश किया होगा, पर सिर्फ हमारे दोस्त चायनीज अफीमखोरों के अलावा चंडूखाने के आनन्द के बारे में किसी ने कभी नहीं सोचा.

कहते हैं कि भाँग-गांजा-चरस जोगियों और बाबाओं को ईश्वरीय अनुभूति कराते हैं. वे इसे शंकर भगवान के प्रिय नशे के रूप में वर्णित करते हैं. मैं समझता हूँ कि शंकर भगवान को एक खुराक चंडू का स्वाद चखाया जाता तो वे फिर अन्य बूटी का ख्याल ही नहीं करते.

अहा ! हमारे देहात में हर गाँव में एक ओखलसार हुआ करती थी जहाँ बहू-बेटियाँ, नई नवेली से लेकर बूढ़ी दादी माई तक चूड़ियाँ खनकाते हुए, सदाबहार गीत गाती हुई धान कूटा करती थी और ओखलसार के बगल में आसपास मर्दजात का चंडूखाना होता था. चटाइयां बिछी रहती थी और नशेड़ी लोग आते ही लंबा लेट कर चंडू पिया करते थे. इसका स्वाद कड़ुआ जरूर लगता था, पर नशा बहुत मीठा होता था. घंटों यों ही शिथिल होकर आनद लेते रहते थे. बहुत दूर दूर की बातें सूझने लगती थी. चाँद-तारों की सैर तक कर आते थे. ऐसी ऐसी फेंकू खबरे सुनी-सुनाई आती थी, जिन पर अविश्वास करने की कोई गुंजाइश नहीं होती थी. हाय, ये सब अब कहाँ? हमारी सारी सामाजिक विधाएं बदल गयी हैं. अब तो फेसबुक पर ‘फेकिंग न्यूज’ में कभी कभी चंडूखाने की सी ख़बरें दिखाई देती हैं, अथवा कभी कभी अपने न्यूज चैनलों को ज्यादा लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से कुछ संपादक/संवाददाता ऐसी-वैसी चंडूखाने की सी खबरें उछालते रहते हैं.

चलते चलते चंडूखाने की ताजा (ब्रेकिंग न्यूज) खबर यह है कि अडवानी जी ने नरेन्द्र मोदी जी को भारतीय जनता पार्टी का प्राइम मिनिस्टर केंडिडेट घोषित कर दिया है. हमारे सूत्रों ने बताया कि मोदी जी ने अडवानी जी को प्रेसीडेंट बनाने का आश्वासन दिया है. दूसरी खबर के अनुसार राहुल बाबा की गर्ल फ्रेंड भी राजनीति में सक्रिय होना चाहती है. बताया जाता है कि वह सोनिया जी जैसी प्रभावशाली बनने की महत्वाकांक्षा रखती है. कहो कैसी रही?
***

शुक्रवार, 5 जुलाई 2013

बुद्धिनाश

गोस्वामी तुलसीदास कृत रामचरित मानस एक पूर्ण उपदेशात्मक महाकाव्य भी है, जिसमें जगह जगह पर मनुष्यों के लिए मर्यादाओं की लकीरें खींची गयी हैं. किष्किन्धा काण्ड में जब श्रीराम ने वानरराज बाली को बाण से मारा तो मोक्ष से पूर्व उसने रामजी से पूछा, “आपने छिप कर व्याध की तरह मुझे मारा है. मेरा क्या अपराध है?” तब राम जी उसको उसके छोटे भाई सुग्रीव की पत्नी छीन लेने के अपराध को याद दिलाते हुए कहते हैं :

“अनुज वधू, भगनी, सुतनारी; सुब सठ कन्या सम ये चारी.”

पण्डित देवनारायण शर्मा रामकथा मर्मज्ञ थे और अपनी इस प्रतिभा से अपने सगे-साथियों एवँ स्वजनों को हर मौके पर दोहा-चौपाइयां सुनाते रहते थे. लेकिन ६० वर्ष की उम्र में मानसिक रूप से इतने विचलित हो गए कि सीधे रेलवे लाइन पर जाकर ट्रेन से कट गए. उनके बदन के चीथड़े चीथड़े हो गए जिनको समेटना भी बहुत मुश्किल हो गया था.

लोगों को इस दुर्धटना पर एकाएक विश्वास नहीं हुआ क्योंकि देवनारायण खुद कहा करते थे कि “आत्महत्या से बड़ा पाप कुछ नहीं होता है. आत्महत्या एक क्षणिक आवेग होता है जो लोक परलोक दोनों में अधोगति प्रदान करता है. आत्महंता व्यक्ति पीछे परिवार के लिए बहुत दारुण दु:ख व अपमान भरे दिन छोड़ जाता है, जिन्हें कई पीढ़ियों तक इसका दंश झेलना पड़ता है.” ये सब जानते हुए भी एक धर्मज्ञ मन-मष्तिष्क वाले प्रौढ़ व्यक्ति को इस तरह विदा होना आश्चर्य व दुःख की बात थी.

उनके पारिवारिक जीवन का विवरण यह है कि उनकी दो पत्नियाँ थी. पहली शादी के कई वर्षों तक कोई औलाद नहीं हुई तो अपनी पत्नी की सलाह पर उसकी ही भतीजी को छोटी पत्नी का दर्जा देकर वंशबेल आगे बढ़ाने के लिए विवाह कर लिया. सँयोग ऐसा हुआ कि विवाह के एक साल बाद पहले बड़ी पत्नी को जुडवां--एक बेटा एक बेटी, तथा कुछ दिनों बाद छोटी को भी एक बेटा पैदा हो गया. इस प्रकार घर में दोगुनी-तिगुनी किलकारियां एक साथ गूँज उठी.

दोनों पत्नियां चूँकि बुआ-भतीजी थी, आपस में बहुत सौहार्द व प्रेम था. घर में धन-वैभव की कमी भी नहीं थी. उनके पास तीस एकड़ जमीन थी. बटाईदार कमाकर देते थे. शर्मा जी अपने पंचायती कामों में इधर उधर डोलते रहते थे. वे समाज के मान्यवरों में एक थे. समय का पहिया किसी के बिना घुमाए अपने आप घूमता रहता है. बड़ी का बेटा ललित नारायण शरीर से बहुत कमजोर व दुबला पतला था. उसे तगड़ा करने के लिए सब तरह के इन्तजाम किये गए, पर उसका इकहरा बदन जैसा था वैसा ही रहा. किसी ने मजाक में कह दिया कि ‘पण्डित जी इसकी शादी कर दो, अपने आप मोटा हो जाएगा.” उनके मन में बात ऐसी जमी कि उन्नीसवें वर्ष में उसके लिए एक देखने में सुन्दर, लम्बी-चौड़ी दुल्हन ले आये.

विवाह, जो कि दो व्यक्तियों के बीच प्यार का बंधन होना चाहिए, हमारे समाज ने उसे पारिवारिक व सामाजिक बंधन बना दिया है. 

देखने में ही ललित नारायण और उसकी पत्नी पुनीता का जोड़ा बेमेल सा लगता था, पर इसमें कोई नई बात नहीं थी. गाँव में आज भी ‘छोटा दूल्हा बड़ा सुहाग’ कहा जाता है.

थोड़े दिनों तक तो घर में खूब गहमा गहमी रही, पर धीरे धीरे घर में अशांति पैदा होने लगी.

एक तो ललित मोहन पूरी तरह अपने पिता पर आश्रित था. वह अपनी पत्नी की खुशी के लिए कुछ नहीं कर सकता था और अठारह वर्षीय सुनीता भी बंधन में रहने की आदी नहीं थी.  
सुनीता को उसके ससुराल वालों ने मुंहफट और बदतमीज करार दिया. उसके बाहर वाले लोगों से बात करने पर उसके चरित्र पर संदेह किया जाने लगा. गाँव के लड़के भाभी-भाभी कहते हुए उसके आस पास घूमा करते थे. 

घर की महिलाओं को पुरुषों की संपत्ति मानने वाले पण्डित जी को यह सब असहनीय था. उन्हें लगने लगा कि वे अपने कमजोर तन-मन वाले बेटे के लिए गलत किस्म की बहू ले आये थे. 

बहुत दिनों तक तो वे उसकी कारगुजारियों को सहते रहे, पर एक दिन देवनारायण शर्मा ने ठान ली कि उसका कुछ ईलाज किया जाना जरूरी है. संयोग कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने बहू को गाँव के एक लड़के से अकेले में बातें करते हुए देख लिया. उन्होंने आव देखा ना ताव बहू के केश पकड़ कर दो-चार थप्पड़ जड़ दिये.

पुनीता इस अपमान से और भी ज्यादा विद्रोही हो गयी. वह अन्याय सहन करने वाली लड़की नहीं थी. उसने शोर मचा कर लोगों को इकठ्ठा कर लिया और अपने ससुर पर बदगुमानी का इल्जाम लगा दिया. किसी को उसकी बात पर विश्वास तो नहीं हुआ होगा, पर लोग ऐसी बातों को बढ़ा चढ़ा कर फैलाते हैं. इस आक्षेप से देवनारायण शर्मा इतने आहत हुए कि उनकी सारी विद्वता नष्ट हो गयी और अपनी जान दे बैठे. भगवदगीता में भी लिखा है :

क्रोधाध्दवति सम्मोह: सम्मोहात्स्मृतिविभ्रमः
स्मृतभ्रन्शाद बुद्धिनाशो बुद्धिनाशात्प्रणश्यति !! (अध्या २-६३)
***

बुधवार, 3 जुलाई 2013

हाय पैसा !

अल्मोड़ा जिले के सतराली गाँव के डॉ. चंद्रमणि भट्ट का बचपन गाँव में ही बीता. पिता लोकमणि शास्त्री संस्कृत विद्यायय चलाते थे. गणनाथ हाई स्कूल से मैट्रिक पास होने के बाद चंद्रमणि आगे की पढ़ाई के लिए अपने मामा देवकीनंदन जोशी के पास लखनऊ आ गए. मामाजी यू.पी. के सचिवालय में बतौर क्लर्क नौकरी पर थे.

चंद्रमणि कुशाग्रबुद्धि थे. एम.ए. (इतिहास) करने के बाद बी.टी.(तब बी.एड. व एम.एड. नहीं होता था) करके एक सेंट्रल स्कूल में अध्यापक हो गए. तब देश भर में सेंट्रल स्कूल नए नए खोले जा रहे थे. अध्यापक रहते हुए उन्होंने "कुमायूं के चंद राजाओं के राज-काज" विषय पर शोध करके पी.एचडी. की डिग्री हासिल की.

आपने अपने बचपन में सांप-सीढ़ी का खेल अवश्य खेला होगा. खेला ना सही, अन्य बच्चों को खेलते हुए तो देखा ही होगा. कभी कभी ऐसा संयोग बैठता है कि गोटी छक्का लगाते हुए लम्बी सीढ़ी से चढ़ते हुए सबको पछाड़ देती है और मुकाम पर सबसे पहले पहुँच जाती है. डॉ. भट्ट के जीवन में भी ऐसे ही संजोग आये कि वे जल्दी प्रिंसिपल बने और कुछ वर्षों बाद असिस्टेंट कमिश्नर फिर कमिश्नर बन गए. सेंट्रल स्कूल का कमिश्नर होना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी. लालबत्ती वाली गाड़ी के आगे मोटर-बाइक पर वर्दीधारी दो पायलट चलते थे. बड़े ठाठ थे. उनका अध्यवसाय भी था और भाग्य भी प्रबल था. ये भी था कि शादी के बाद उनको लम्बी सीढियां दिलाने में उनके ससुर जी का भी अदृश्य हाथ था. वे तब यू.पी. से राज्य सभा के सदस्य हुआ करते थे.

डॉ. भट्ट की पत्नी कपिला भट्ट एक कॉलेज में प्राध्यापिका थी. बाद में वे प्रिंसिपल भी बनी. उनके एक बेटी और दो बेटे हुए जो कुशाग्रता में माता-पिता से आगे निकले. उनको वातावरण भी मिला और पढ़ने के लिए सर्वश्रेष्ठ स्कूल-कॉलेज भी. बेटी एक एलोपैथी चिकित्सक है, जो अपने पति-परिवार के साथ लन्दन में बस गयी है. एक बेटा भारत सरकार की विदेश सेवा में है, जो कि कई वर्षों से न्यूयोर्क स्थित राष्ट्रसंघ कार्यालय में किसी जिम्मेदार पद पर है. दूसरा बेटा आइ आई टी से पढ़ कर जापान में सेटलाईट सम्बन्धी उपकरण बनाने वाली अंतर्राष्ट्रीय कम्पनी में सीनियर इंजीनियर है. दोनों बेटों ने अपनी पसन्द की विदेशी लड़कियों से विवाह किया है.

सब सुखी और संपन्न हैं. दोनों पति-पत्नी कई बार बच्चों के पास घूम कर आते रहे  हैं. डॉ. भट्ट हर बार कहते थे, जो सुख अपने घर पर है वह कहीं भी भी नहीं है.”

डॉ. भट्ट रिटायरमेंट तक सरकारी आवासों में रहे, पर उसी बीच उन्होंने दिल्ली के लक्ष्मी नगर में एक आलीशान दुमंजिली कोठी बनवा ली थी. रिटायर होने के तुरन्त बाद वे उसमें रहने लगे.

डॉ. भट्ट रूपये-पैसों का मैनेजमेंट भी खूब जानते थे. धन-लिप्सा तो उनको शुरू से ही थी इसलिए अनुत्पादक खर्चा बिलकुल नहीं करते थे. दूसरे शब्दों में, वे बेहद कंजूसी बरतते थे. उन्होंने कोई खुला व्यापारिक व्यवसाय तो किया नहीं, नौकरीपेशा आदमी की वैतनिक आमदनी व खर्चों के संतुलन में कितनी बचत हो पाती होगी, कुछ कहा नहीं जा सकता है, पर उन्होंने धीरे धीरे बहुत रुपए व जायदाद जमा कर ली थी. वे दक्षिणी दिल्ली में दो बहुमंजिली इमारतों के मालिक थे जिनमें बीस दो कमरे वाले फ़्लैट हैं. वे किराए पर चलते हैं. गुडगाँव में कई वर्गगज जमीन उनके नाम है. इधर हल्द्वानी के बिठोरिया तथा कुसुम खेड़ा इलाकों में कम से कम आठ जगह प्लाट उनके नाम रजिस्टर्ड हैं. ये सब कैसे कमाया इसकी कैफियत सिर्फ वे ही जानते थे. सतराली की पहाड़ी ऊसर जमीन पर उनके भाई-बिरादरों का कब्जा है जो कि अब उनके किसी उपयोग की नहीं है.

डॉ. भट्ट ने कई नामी कंपनियों में करोड़ों रुपये निवेश किये हुए हैं, पर इतनी दौलत होने के बावजूद वे अपने बैंक में अपना धन बढ़ाने के नए नए उपाय सोचते रहते थे. .

कमिश्नर के ओहदे से रिटायर होते ही उनको महर्षि विद्यालय समूह के डाइरेक्टर पद की जिम्मेदारी मिल गयी. इसी बीच दुर्भाग्य से उनकी पत्नी एक सड़क दुर्घटना की शिकार हो गयी. जिंदगी की एक्सप्रेस रेल एक बार पटरी पर खड़ी हो गयी. बीमार होती तो ईलाज होता, सब साधन उपलब्द्ध थे. क्या नहीं था उनके पास? बहरहाल तीनों बच्चों के परिवार शोक मनाने इकट्ठे हुए. बेटों ने बहुत जिद की कि अब अकेले रहना ठीक नहीं होगा अत: उनके साथ चलें, पर वे नहीं माने क्योंकि उनके धन और जायदाद का साम्राज्य उघड़ा पड़ा था. पत्नी के सारे ड्यूज लेने थे. उन्होंने महर्षि विद्यालय के डाइरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया. विद्यालय से मिलने वाली नौकर और गाड़ी की सुविधा बन्द हो गयी. बेटा-बेटी सब चले गए, उनके लिए एक नेपाली नौकर की व्यवस्था कर गए, पर वह नौकर ज्यादा दिन टिका नहीं इसलिए भोजन के लिए एक होटल से ‘टिफिन डब्बा’ मंगवाया जाने लगा.
दिनचर्या ये थी कि लगभग रोज ही अपने बच्चों से फोन पर बात कर लिया करते थे. शेष समय फ्लैटों के केयर टेकर से वहाँ की व्यवस्था और किराया वसूली के बारे में झकझक तथा अपने कम्प्यूटर पर आमदनी का ब्यौरा डालने और जोड़-घटाने में व्यतीत हो रहा था. एक बार उन्होंने अपनी चल एवँ अचल सम्पति की कुल कीमत जोड़ी तो बीस करोड़ के पार पाया. फिर भी उनको सन्तोष नहीं हो रहा था. सोचते थे, ‘काश मैं अरबपति होता!’

उनकी अपनी प्रकृति कहिये या परिस्थितियाँ, किसी को अपना घनिष्ट मित्र बनाया नहीं. अपने सगे-रिश्तेदारों से भी हमेशा दूरी बनाए रखी और अब ७०+ में वे अकेलापन भोगने को मजबूर थे. जैसा कि बहुत से लोग बुढ़ापे को धार्मिक आस्थाओं व क्रियाकलापों में गुजारते हैं, वे ऐसा भी नहीं करते थे. उनके पड़ोस में रहने वाले मथुरादत्त लोहानी के घर एक दिन पूजा-पाठ आयोजित था. डॉ भट्ट को भी फोन से निमंत्रण मिला. वे गए, थोड़ी देर वहाँ उपस्थित रहे फिर प्रसाद लेकर घर लौट आये. उसके बाद अगले तीन दिनों तक बच्चे लोग हमेशा की तरह फोन करते रहे जो ‘नो रिप्लाई’ जा रहा था. बड़े लड़के ने अपने एक दोस्त को फोन करके तलाशने को कहा और जब वह उनके लक्ष्मी नगर स्थित आवास पर आया तो घर अन्दर से बन्द मिला. शंका होने पर पुलिस बुलाई गयी. दरवाजा तोड़ कर देखा तो डॉ. भट्ट का शव सोफे पर निढाल पड़ा हुआ था. प्रसाद की पुड़िया हाथ में ही थी.

बच्चों को खबर की गयी. उनके पहुँचने तक लाश को बर्फ में रखा गया. इस प्रकार उनका जीवन पैसों के ही भेंट चढ़ गया.
***

सोमवार, 1 जुलाई 2013

चुहुल - ५३

(१)
एक दार्शनिक व्यक्ति घूमते हुये सड़क पर चला जा रहा था. इतने में ऊपर उड़ती हुई एक छोटी चिड़िया उसके ऊपर बीट करते हुए निकल गयी. दार्शनिक ने बीट साफ़ किया और बड़बड़ाते हुए बोला, “अच्छा हुआ भगवान ने गाय, भैंस और हाथियों को उड़ने लायक नहीं बनाया वरना मुश्किल हो जाती.”

(२)
एक लड़के की प्रेमिका ने कुत्ता पाला हुआ था. जब भी वह मिलने जाता था, कुत्ता उस पर गुर्राता था और पीछे पड़ जाता था. इससे वह परेशान होता था.
लड़के ने प्रेयसी से कहा, “आखिर तुम्हें कुत्ते से इतना लगाव क्यों है?”
वह बोली, “युधिष्ठिर जब सदेह स्वर्ग गए तो कुत्ता भी साथ गया. भगवान शंकर के नंदी के साथ हमेशा उनका गण कुत्ता रहता है. अंतरिक्ष की खोज में सबसे पहले रूस ने कुतिया ही भेजी थी इसलिए मैं सभी कुत्तों से प्यार करती हूँ, और तुम से भी.

(३)
मोटापे से परेशान एक औरत अपनी सेहत सम्बन्धी समस्याओं को लेकर डॉक्टर के पास गयी. डॉक्टर ने तफसील से उसकी जाँच-पड़ताल की और कहा, “अगर आप तमाम तकलीफों से छुटकारा पाना चाहती हैं तो आपको खान-पान में बहुत परहेज करना होगा. आपको खाने में टमाटर का सूप, उबली हुई हरी सब्जी, सन्तरे का रस और साथ में एक सेव जरूर लेना चाहिये.”
महिला ने व्यग्रता से पूछा, “ये सब चीजें खाने से पहले लूँ या खाने के बाद?”

(४)
एक महिला किसी चाइनीज रेस्टोरेंट में खाना खाने गयी. वहाँ जो मीनू कार्ड था, उस पर एक सुन्दर सी डिजाइन बनी हुई थी. उस महिला ने झट से उसे कागज़ पर उतार लिया. और जब अपना स्वेटर बुना तो उस पर आगे व पीछे वही डिजायन रंगीन धागों से बुन लिया.
जब वह उस स्वेटर को पहन कर किसी समारोह में गयी तो लोगों ने उसका खूब मजाक बनाया क्योंकि उस डिजाइन में चायनीज भाषा में लिखा था, ‘स्वादिष्ट और सस्ती’.

(५)
एक सर्जन एक मरीज के पेट का आपरेशन करने के लिए, बेहोश करने वाले इंजेक्शन लगाने की तैयारी कर रहा था. मरीज आपरेशन टेबल से झट उठ कर अपने बटुए में रखे नोट गिनने लगा.
सर्जन ने कहा, “फीस देने की इतनी जल्दी मत करो बाद में दे देना.”
मरीज बोला, “डॉक्टर साहब, मैं तो इनको गिन रहा हूँ ताकि बेहोशी में कोई निकाल ना ले.”
***