शुक्रवार, 19 जुलाई 2013

यारखां की यारी

पश्चिम रेलवे के सवाईमाधोपुर व कोटा रेलवे स्टेशनों के बीच एक लम्बे नाम वाला, पर छोटा रेलवे स्टेशन आता है, नाम है, "इन्दरगढ़ सुमेरगंजमंडी". एक समय था इन्दरगढ़ एक अलग रियासत होती थी.

रेलवे स्टेशन से करीब ४ किलोमीटर पश्चिम की ओर खड़ी पहाड़ी पर लाल पत्थरों से बना एक भव्य किला है, जो अब खाली पड़ा है. राजवंश की वर्तमान पीढ़ी किले के बाहर अपना महल बना कर रहने लगे हैं. अपने समय में यह किला अन्य रजवाड़ों की तरह ही गुलजार रहा होगा. यहाँ के एक राजा की यह कहानी है:

राजा जी अपने घोड़े पर सवार होकर शाम की सैर पर निकले. साथ में कुछ खास दरबारी व अंगरक्षक भी थे. जब वे किले के बाहर तालाब के किनारे पहुंचे तो देखा एक आदमी बन्दर पकड़ रहा था. उसके कब्जे में एक बन्दर आ चुका था, जिसे देख राजा जी को बहुत गुस्सा आया. वे न्यायप्रिय प्रजापालक तो थे ही, धार्मिक आस्थाओं वाले भी थे. उन्होंने घोड़े से उतर कर मदारी को अपने पास बुलाया और उसका नाम पूछा तो मदारी ने सलाम करते हुए कहा, “हुजूर, मेरा नाम यारखां है.’

राजा जी के तेवर देख कर यारखां की घिघ्घी बंध गयी. राजा जी ने कड़कती आवाज में फिर से पूछा, “तू किसका यार है?”

मदारी घबराहट में बोला, “मालिक, मैं इस बन्दर का यार हूँ.”

राजा जी ने कहा, “तू इसका यार है तो इसे इस तरह बांधकर क्यों पकड़ रखा है?”

यारखां राजा जी से आजिजी करते हुए बोला, “हुजूर, मैं इसको सलाम करना सिखाऊँगा.”

राजा जी उसकी चालाकी भरी बात समझ गए और चेतावनी भरे अंदाज में बोले, “हम अभी सैर करके आते हैं. तब तक तू इसे सलाम करना सिखा, अन्यथा तुझे सजा मिलेगी.” उन्होंने दो सिपाहियों को वहीं पर उसकी निगरानी करने के लिए छोड़ दिया.

यारखां जानता था कि राजा जी के कोप का मतलब क्या होता है. उन दिनों अपराधियों को ‘काठ’ पर खड़ा होने की सजा मिलती थी. दोनों पैरों को फटी हुई मोटी लकड़ी में फँसा कर घंटों खड़ा रखा जाता था. यह सजा बहुत कष्टकर हुआ करती थी.

जब राजदण्ड का भय होता है तो अपराध कम होते हैं. राजाओं के जमाने में सजा के मामलों में तुरंतदान होता था इसलिए अपराधी आज की तरह बेख़ौफ़ नहीं थे.

यारखां सिपाहियों की निगरानी में बन्दर पकड़ कर बैठा रहा. अब उसे छोड़ भी नहीं सकता था. वह सजा से बचने की तरकीब सोचने लगा. एक सूझ उसके दिमाग में आई. राजा जी के सैर से लौटने के ठीक पहले उसने अपनी चिलम सुलगा ली. जब चिलम खूब गरम हो गयी तो उसने गरम गरम चिलम को बन्दर के माथे पर टेक दिया. जलन होने पर बन्दर अपना हाथ तुरंत माथे पर ले गया. मदारी उसका हाथ माथे से हटाता था और वह फिर से अपना हाथ माथे पर ले जाता था.

राजा जी आये. उन्होंने सोचा कि ‘मदारी इतनी जल्दी बन्दर को सिखा नहीं सकता, झूठ बोलता है’. वे बोले, “क्या यारखां, सलाम करना सिखाया या नहीं?”

मदारी बोला, “हाँ, हुजूर देखिये आपको सलाम कर रहा है.” मदारी उसका हाथ माथे पर से हटाये और बन्दर फिर माथे पर हथेली ले जाये. यह देखकर राजा जी मुस्कुराए बिना नहीं रहे. यारखां के चतुराई पर उन्होंने उसे इनाम से भी नवाजा.
***

बुधवार, 17 जुलाई 2013

होतव्यता

कृष्ण बिहारी दास एक अंतरप्रांतीय सीमेंट बनाने वाली कम्पनी की फैक्ट्री में सुपरवाइजर थे. उनको गुजरात की फैक्ट्री से प्रमोशन देकर राजस्थान की फैक्ट्री में भेजा गया. उनकी प्रामाणिक योग्यता तो खास नहीं थी, पर उनका काम के प्रति ईमानदारी के साथ साथ जिम्मेदारी महसूस करना बड़ी योग्यता थी. यहाँ आकर महज पाँच वर्षों के अन्दर ही उन्होंने अपने आपको एक अपरिहार्य व्यक्ति के रूप में स्थापित कर लिया. फैक्ट्री के अन्दर ही नहीं, बाहर कॉलोनी में सामाजिक कार्यों में, क्लब तथा अन्य समारोहों में उनकी उपस्थिति आवश्यक सी लगती थी. छोटे कर्मचारियों से लेकर उच्च मैनेजमेंट तक के लोगों को लगता था कि वे जिम्मेदार व्यक्ति हैं.

दास जी की अर्धांगिनी श्रीमती नयना बेन भी बहुत हँसमुख और मिलनसार महिला थी. उन्होंने भी खुद अपने लिए महिलाओं में आदरणीय स्थान बना लिया था.

दास दम्पति को जीवन में एक ही कमी खलती थी कि उनकी इकलौती संतान गौतम दास कुछ मंदबुद्धि सा था और एक पैर से लंगडाकर चलता था. लगातार ट्यूटर रख कर, पीछे पड़ पड़ कर बड़ी मुश्किल से उसे हाईस्कूल पास कराया और मौक़ा पाते ही मैनेजमेंट से उसके लिए कोई स्थाई नौकरी का निवेदन भी कर दिया.

दास जी के रसूकात काम कर गए, और गौतम को कारखाने में डाक छाँटने-भेजने के काम में रख लिया गया. उसके लिए कारखाने में इससे हल्का काम था भी नहीं. दास दम्पति मानो सारी मुरादें पा गए थे, बहुत खुश हुए, और मिलने वालो को दावत भी दी.

इसी बीच कारखाने के चीफ इंजीनियर प्रमोशन लेकर जब गुजरात की फैक्ट्री में स्थानान्तरित हुए तो उन्होंने वहाँ अपनी नई टीम बनाई जिसमें कृष्ण बिहारी दास को भी बुला लिया. इधर गौतम जब अकेला हो गया तो कुछ छड़े-छाँटे कर्मचारी उसके दोस्त बन गए. उसके घर को खाने-पीने का अड्डा बना लिया.

उधर दास दम्पति ने सोचा कि गौतम की शादी कर दी जाये तो ठीक रहेगा. एक अति सुन्दर स्नातकोत्तर पढ़ी लड़की रोशनी से रिश्ता तय करके गुजरात में धूमधाम से उसका विवाहोत्सव कर दिया. यहाँ तक सब बढ़िया चल रहा था. रोशनी को शायद राजस्थान आकर ही मालूम हुआ होगा कि गौतम मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ नहीं है. और शायद यह भी कि वह बहुत मामूली नौकरी में है. देखने वाले तो यही समझ रहे थे कि गौतम की बहू फ़िल्मी हीरोइनों की तरह अति सुन्दर है. बधाई देते हुए सबको खुशी हो रही थी. मजाक करने वाले पीठ पीछे यों भी कह रहे थे कि “बाजुए हूर में लंगूर, खुदा की कुदरत. कौवे की चोंच में अंगूर खुदा की कुदरत.”

गौतम की यार-दोस्तों की चौकड़ी पूर्ववत उसे घेर कर चल रही थी. वहाँ कोई सयाना तो था नहीं, जो रोक टोक करता. 'नए जमाने के बच्चे हैं’, यह सोच कर कृष्ण बिहारी दास के शुभचिंतक भी अपने काम से काम रखते थे. दुर्भाग्य शायद अन्दर ही अन्दर सुलग रहा था. गौतम ने एक रात आत्मह्त्या कर ली. कोहराम मच गया. पुलिस आई, जाँच पड़ताल हुई, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. रोशनी गुमसुम थी. कुछ कहने की स्थिति में नहीं थी. आत्महत्या के कारणों के कई कयास लगाए गए, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिल सका. कृष्ण बिहारी दास सपत्नी आये. उनकी की तो जैसे सारी दुनिया ही उजड़ गयी. घटनाक्रम पर यही कहा जा सकता है, "जैसी हो होतव्यता, तैसी आवै बुद्धि."

छ:माह बाद लोगों को यह समाचार सुनने को मिला कि रोशनी ने गौतम के मित्र सुजीत मोहंती से शादी कर ली है. सुजीत मोहंती गौतम के घर आने वालों में एक था. वह कारखाने में कैमिस्ट के बतौर कार्यरत था. शादी के बाद ये नवविवाहित जोड़ा राजस्थान लौट कर नहीं आया. कहीं अन्यत्र चला गया. इस शादी पर दास दम्पति की प्रतिक्रिया क्या थी, इसका भी पता नहीं चल पाया.
***

सोमवार, 15 जुलाई 2013

चुहुल - ५४

(१)
पति – सुना है, आदमी जितना ज्यादा बेवकूफ होता है, उसको उतनी ही ज्यादा खूबसूरत बीवी मिलती है.
पत्नी – बस बस अब रहने दो. मेरी तारीफ़ के अलावा भी कुछ काम कर लिया करो.

(२)
सलमान खान की पचासवीं वर्षगाँठ पर उसकी अम्मी ने बहुत जोर दिया कि अब उसकी शादी हो जानी चाहिए. जिंदगी की हाफ सेंचुरी बहुत होती है. सलमान ने आखिर हाँ कर दी, पर शर्त यह रखी कि लड़की शहरी या फ़िल्मी नहीं होनी चाहिए.
अम्मी ने तलाश की तो दूर के रिश्ते में एक लड़की मिल गयी, उनकी खालू की सास की तहेरी बहन की नातिनी थी, जो कानपुर देहात में कहीं रहती थी.
लड़की देखने जब सलमान पहुंचे तो उनको देखकर लड़की की माँ चौंक कर बोली, “ये हजरत तो २५ साल पहले मुझे भी देखने आये थे.” और रिश्ता नहीं बन सका.

(३)
एक गोल-मटोल आदमी रेल के जनरल डिब्बे में चढ़ा. उसने देखा कोई सीट खाली नहीं थी. पर एक बोरे में कुछ सामान भरा पड़ा था, जिसके ऊपर वह बैठ सकता था. उसने पूछा, “भाई, ये बोरा किसका है?”
एक मोहन नाम का यात्री बोला, "मेरा है."
वह बोला, “क्या मैं इसके ऊपर बैठ सकता हूँ?”
मोहन ने कहा, “नहीं, इस पर मत बैठना. तरबूज फट जायेंगे.”
उसने पूछा, “क्या इसमें तरबूज हैं?”
मोहन ने मुस्कुराते हुए कहा, "नहीं, इसमें लोहे की कीलें है."

(४)
एक कॉलेज में सेमेस्टर सिस्टम लागू था. प्रोफ़ेसर ने एक सीनियर लड़के से पूछा, "सेमेस्टर सिस्टम के फायदे के बारे में बताओ?”
लड़का बोला, “फायदे की बात तो मैं नहीं बता सकता. हां, नुकसान ये होने लगा है कि मुझे साल में दो बार बेइज्जत होना पड़ रहा है.

(५)
मास्टर जी ने बच्चों से पूछा, “अच्छा बताओ, वह कौन सी चीज है जो जहाँ पर उगती है उसी जगह के नाम पर उनका नाम पड़ जाता है?”
एक लड़का बोला, "मास्टर जी मैं बताऊँ?”
“हाँ, हाँ, बताओ,” मास्टर जी ने कहा.
लड़का बोला, “बाल,” फिर सर के ऊपर हाथ लाकर बोला, “चोटी”, माथे के ऊपर अंगुली लाकर बोला, ‘भौंह”, आँख पर अंगुली लाकर बोला, “पलक”, नाक के नीचे बताया, “मूंछ”, ठुड्डी पर हाथ लाकर बोला, “दाढ़ी”. ज्योंही उसने छाती पर हाथ रखना चाहा मास्टर जी ने उसको रोकते हुए कहा, “अब बस कर. तू बहुत जानकार मालूम होता है.”
***

शनिवार, 13 जुलाई 2013

बकरी माई

हम दोनों पति-पत्नी का प्रारंभिक जीवन उत्तराखंड में अपने अपने गाँवों में बीता, जहां घरों में गाय या भैंस दुधारू जानवर जरूर रहते थे. हमें याद है कि शुद्ध दूध का स्वाद व गन्ध कितना मनभावन होता था. उसमें चीनी मिलाने की कभी जरूरत ही नहीं होती थी.

विवाहोपरांत जब हम राजस्थान के जिला बूंदी के लाखेरी टाउनशिप में रहने लगे तो यहाँ आसपास ग्रामीण आँचल में रहने वाले गूजर/गूजरियाँ दूध बेचने आया करते थे. सन १९६४-६५ में दूध का भाव एक रुपये में दो सेर हुआ करता था, पर उसमें आधा पानी मिलाया हुआ रहता था. कभी कभी बकरी के दूध की गन्ध भी आती थी.

ग्वार गाँव की तरफ से आने वाले कुछ दूधिये तो रास्ते में पड़ने वाले जंगली संडाल नाले का पानी भी डाल कर लाते थे. लोग कहते थे कि कई बार छोटे छोटे मेंढक के बच्चे भी उछलते हुए दूध में मिलते थे.

हमारा एक दूधिया कान्हा गूजर था, जिसने बरसों तक हमको दूध पिलाया. उसे जब भी भाव बढ़ाना हो तो दूध मे ज्यादा पानी डाल कर लाने लगता था.

जब हमारे परिवार की जनसंख्या में बढ़ोत्तरी हो गयी तो बच्चों के लिए शुद्ध दूध की उपलब्धता न होने पर चिंता भी किया करते थे. एक बार गाँधी जयन्ती पर बापू के बारे में अनेक संस्मरण-लेख छपे थे, जिनमें उनकी बकरी के दूध का गुणों सहित वर्णन था. हमने तय किया कि एक बकरी हमें भी पाल लेनी चाहिए. चारा पास में सब्जीमंडी में खूब उपलब्ध रहता था. बस्ती के अधिकतर मुसलमान परिवारों ने बकरा-बकरी पाल रखे थे. उनका बकराप्रेम ईद पर कुर्बानी देने के निमित्त भी होता था.

उन दिनों वहाँ दो तरह की बकरियां हुआ करती थी--एक देसी लम्बे लटके हुए कानो व  लम्बी टांगों वाली जो जंगल में चरने भी जाती थी (चरवाहे मासिक शुल्क लेकर चरा कर लाते थे), और दूसरी बरबरी बकरी, जिसे स्थानीय लोग अंग्रेजी बकरी भी कहते थे. ये चरने जंगल में नहीं जाती थी. कहते थे कि बरबरी बकरी खूब दूध देती है और उसके दूध से गन्ध भी नहीं आती है. बरबरी बकरी साल में दो जुडवां बच्चे भी दिया करती थी. मालूम हुआ कि जिसके पास भी बरबरी बकरी होती थी, वह उसे बेचने के लिए कतई तैयार नहीं होता था. उसके ‘पाठ’ (बच्चे) जरूर मिलते थे, जिनकी कीमत भी बहुत होती थी. पाठ के जवान होने और ब्याने-दूध देने तक का इन्तजार करना पड़ता था, लेकिन हमको सब्र नहीं था.

इसी बीच एक दिन कांकरा गाँव के जागीरदार ठा.धनुर्धारीसिंह हाड़ा अपनी बीमारी के सिलसिले में सलाह लेने मेरे पास आये. उनकी आँत में ट्यूमर था. (जो बाद में उनकी मृत्यु का कारण भी बना) बातों बातों में मैंने उनको अपनी बकरी-चाहना बता दी तो उन्होंने कहा, “मेरे बाड़े में एक दर्जन बकरियां ब्याई हुई हैं, जिसे पसन्द करो ले आइये.”

“कीमत?” मैंने पूछ लिया.

उन्होंने कहा, "एक बकरी कल ही मैंने १५० रुपयों में बेची है. आप १३५ रूपये दे देना.”

इस प्रकार सौदा होने पर उन्होंने अपने एक कारिंदे के साथ बड़ी सी काले रंग की बकरी व उसके छोटे बोकड़ पाठ को मेरे आवास पर उसी दिन भिजवा दिया.

पत्नी खुश, बच्चे खुश, और अड़ोस-पड़ोस वाले भी बकरी की बुलंद मिमियाहट से आकर्षित हुए बिना नहीं रहे. घर में उत्सव का सा माहौल था. मायूसी तब हुए जब शाम को बकरी ने एक पाव भी दूध पूरा नहीं दिया. एक मित्र से चर्चा की तो उसने बताया, “ये जंगल चरने वाली बकरी है, ये इतना ही दूध दिया करेगी. आप इसे अनाज खिलाओगे तो थोड़ा दूध बढ़ सकता है.”

छौना भूखा ना रह जाये इस बात की भी चिंता थी.

गेहूं और चना बकरी को नाश्ते के रूप में परोसा गया, जिसे उसने मिनटों मे चट कर डाला. इसलिए और अनाज दो तीन बार खिला दिया. नई जगह पर बिजली की रोशनी में आ जाने से (कांकरा गाँव में तब बिजली नहीं होती थी) बकरी रात भर चिल्लाती रही, न खुद सोई और न हमको सोने दिया.

अगली सुबह हमें उम्मीद थी कि दूध जरूर बढ़ कर मिलेगा पर उसने पिछली शाम से भी कम दूध दिया, और उसे भी लात मार कर गिरा दिया. एक नई समस्या ये हो गयी कि अनाज खाने से उसका पेट खराब हो गया, बरामदे में जहाँ हमने उसको बांध रखा था, पूरी जगह उसके पतले मल से आच्छादित हो गया.

शाम तक घर का माहौल ग़मगीन सा हो गया. बच्चे जरूर पाठ से खेलना चाह रहे थे, पर बकरी नहीं चाहती थी कि उसके बच्चे को कोई छेड़े. वह मारने के लिए अपना सर घुमाने लगी.

मेरी श्रीमती ने दर्द भरे स्वर में कहा, ‘बकरी पालना हमारे बस की बात नहीं है. हम तो कान्हा गूजर का लाया हुआ पतला दूध ही ले लेंगे. आप इसे वापस ठाकुर साहब के पास पहुँचा आओ.”

इस प्रकार पाठ को गोद में उठा कर बकरी की रस्सी खींचता हुआ मैं पैदल पैदल कांकरा गाँव तक गया. राह में बहुत से परिचित लोग भी मिले. मुझे एक बकरीपालक के रूप में देखकर विस्मय कर रहे थे. मेरी हालत पर हँस भी रहे होंगे.

अंत में जब मैं ठाकुर साहब से मिला और उनको सारी बात बताई तो वे बोले, “जा को काम, ताहि को साजे, और करे तो डंका बाजे." उधर बकरी का मिमियाना भी बन्द हो गया. वह खुशी खुशी अपने बाड़े में चली गयी. मैंने राहत की सांस ली और घर लौट आया.
***

गुरुवार, 11 जुलाई 2013

शहद घुला रिश्ता

मानू अब बड़ा हो गया है. वह मानू से मनोहर हो गया है. उसे याद है कि बचपन से लगभग हर साल गर्मियों की छुट्टियाँ होते ही वह मम्मी के साथ ननिहाल चला आता था. इन छुट्टियों का उसे बहुत बेसब्री सी इन्तजार रहता था. पापा बताते थे कि सभी बच्चे इसी तरह ‘नानी-हॉलीडेज’ का इन्तजार करते होंगे. सचमुच नानी तो नानी ही होती है, उसकी तुलना किसी से भी नहीं की जा सकती है.

नानी का गाँव नैनीताल के भवाली–रामगढ़ मोटर मार्ग पर है. यहाँ आकर जयपुर की तपती लू भरी गर्मी से निजात तो मिलती ही है. गर्मियों में इस सदाबहार गाँव में फलों की भी बहार रहती है, आड़ू, खुबानी, प्लम, आलूबुखारा और चुस्की नाशपाती बहुतायत में यहाँ मिलते हैं. इसके चारों तरफ फल-पट्टियाँ विकसित की गयी है. पर ये जून का महीना इतनी जल्दी क्यों भाग जाता है? पता ही नहीं चलता.

इस गाँव के सब लोग मानू को अपने पास बुलाने को लालायित रहते हैं, मानो वह एक बच्चा ना होकर चलता फिरता खिलौना हो. मानू शहर की लोगों की तुलना में यहाँ के लोगो के अपनेपन और प्यार से इतना अभिभूत रहता है कि हमेशा यहीं रहने को मन करता है.

मानू को कई वर्षों के बाद मालूम पड़ा कि उसकी नानी की केवल एक आँख सही सलामत है. दूसरी आँख तो पत्थर की बनी है. मम्मी ने ही उसे बताया कि नानी के बचपन में उनकी आँख में चोट लगने से जख्मी हो गयी थी और ठीक से ईलाज न मिलने से सूख गयी थी. मानू इस बारे में कई दिनों तक सोचता रहा कि भगवान ने सबको दो दो आँखें इसीलिए दी हैं कि अगर एक खराब हो जाये तो दूसरी से काम चलाया जाये. उसने एक दिन सहमते हुए नानी स कहा, “नानी आपकी एक ही आँख है. इसकी आप बहुत हिफाजत करना क्योंकि आँख नहीं होगी तो सब तरफ अन्धेरा हो जाएगा.”

नानी ने इत्मीतान से मुस्कुराते हुए मानू को बताया, "मैं इसकी पूरी हिफाजत करती हूँ क्योंकि अपने मरने के बाद भी मैं इसे किसी नेत्रहीन को दान करना चाहती हूँ.” नानी ने आगे बताया कि “पिछले साल नैनीताल जिला अस्पताल में आँखों की जाँच के लिए एक कैम्प लगा था जिसमें बहुत से लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लेकर फ़ार्म भरे, उनमें तुम्हारे नाना और मैं भी थी. मानू को नानी की ये परोपकारी भावना बहुत अच्छी लगी.

इस बार मनोहर दो सालों के बाद ननिहाल आया है. वह बारहवीं की फाइनल परीक्षा और उसके बाद प्रीमेडिकल टेस्ट के में बैठने के लिए दिन रात पढ़ाई में व्यस्त रहा. वह जानता है कि सफलता के लिए बहुत मेहनत की जरूरत होती है. उसका सपना है कि वह आँखों का डॉक्टर बने और नानी के परोपकार के मिशन को आगे बढ़ाये.

नानी अब काफी बूढ़ी हों गयी हैं, पर मानू के प्रति उनके रिश्ते की मिठास में कोई कमी नहीं आई है.
***