सोमवार, 7 नवंबर 2011

बड़े मकान का सच


एक फिल्म बनी थी, ‘हम सब चोर हैं,’ और बाद में एक फ़िल्मी गाना भी आया था, ‘कोई गोरा चोर, कोई काला चोर, कोई लाट साहब का साला चोर...’ पर ये दोनों ही कथन अर्धसत्य है. हर बात में अपवाद भी होते हैं. ऐसे ही थे बिजली विभाग के एक इंजीनियर हरिश्चंद्र जोशी.

हरिश्चंद्र के पिता पंडित दुर्गादत्त एक अध्यापक थे और बचपन से ही नैतिकता के पाठ पढ़ा कर उनके आचार विचार को इतना शुद्ध करके रखा था कि बिरला इंस्टीच्यूट पिलानी से बी.ई. इलेट्रीकल्स की डिग्री हासिल करके जब वे उत्तर प्रदेश बिजली बोर्ड (तब निगम नहीं बना था) के मुलाजिम बने तो हर तरफ घूस व कमीशन की बाढ़ देख कर बहुत दु:खी हुए.

तीन तरह के ईमानदार लोग होते हैं--एक वह जो बाहर-भीतर से यानि मन-वचन-कर्म से शुद्ध होते हैं. बेइमानी की सोच भी नहीं सकते हैं और अनाचार की कमाई को पाप समझते हैं. दूसरे वह जिनको बेईमानी करने का मौक़ा मयस्सर नहीं होता है. वे चाहे तो भी बेईमानी नहीं कर पाते हैं. और तीसरे वह जो बेईमानी करते तो हैं, पर दुनियाँ को खबर नहीं होने देते है.

हरिश्चंद्र जोशी ने शुरू में ही अपने सहकर्मियों से कह दिया था कि उनके लिए घूस व कमीशन का पैसा लेना गाय का खून लेने के सामान है, और वे अपने इस व्रत को पूरे ३५ वर्ष के सेवाकाल तक निभाते रहे. उनके साथ के कई लोग भरपूर भष्टाचार में डूबे रहते थे पर वे उन सब से अलग ही थे.

उन्होंने अपने दोनों बेटों को भी अपनी ही लीक पर रखने के लिए शिक्षा विभाग में लेक्चरर पद की राह पकड़ाई. उनका विश्वास था कि ये एक नोबल प्रोफेशन है, जहाँ अन्य सरकारी विभागों की तरह हराम का पैसा नहीं बंटता है. यद्यपि तब वेतन कम ही था पर उन्होंने अपने सारे काम उसमे ही निभा कर किये. उनके रुपयों में अवश्य ही बरकत रही.

अपने कार्यकाल में उन्होंने मातहतों को नौकरी पर भी रखा. वे जब नोएडा इंडस्ट्रियल एरिया में तैनात थे तो उन्होंने हीरासिंह नाम के एक गरीब लड़के को लाइनमैन में भर्ती किया था. वह भी अल्मोडा के निकटवर्ती किसी गाँव का रहने वाला था. हीरासिंह बाद में नोएडा में ही मीटर रीडर बना दिया गया था. वहाँ उसके ऊपरी आमदनी के बहुत श्रोत थे इसलिए उसने वहाँ से अपनी बदली अन्यत्र नहीं होने दी. जबकि हरिश्चंद्र जोशी अनेक जिलों में घूमते हुए, उत्तराखंड बनने के बाद हिल कैडर में अपनी च्वाइस दे कर नैनीताल रेंज में आ गए. वे लंबे समय तक एक्जेक्यूटिव इंजीनियर के पद रहे. वे चीफ इंजीनियर बनने के लिए सीनियोरिटी लिस्ट में हमेशा ही रहे पर उनकी ईमानदारी आड़े आती रही. ऊपरवाले ऐसे लोगों को पसंद नहीं करते हैं जो न खाते हैं और ना खाने देते हैं.

कुमायूं पहाड़ के रहने वाले अधिकाँश लोग नौकरी से रिटायर होने पर हल्द्वानी जैसे सुबिधा वाले शहर के आस-पास अपना आशियाना बनाना पसंद करते हैं. हरीशचन्द्र जोशी ने भी बहुत सोच समझ कर कुसुमखेड़ा में ३००० वर्ग फुट का एक रिहायसी प्लाट, अपने रिटायरमेंट से पहले ले लिया था. रिटायरमेंट से एक साल पहले से ही उनके मन में अपने स्वप्न महल के नक़्शे बनने लगे थे. उन्होंने नक्शानवीस से इस विषय में कई बार चर्चाएं भी की. उनके प्लाट के मोड पर एक बड़ा सुन्दर, आधुनिक नक़्शे वाला बड़ा मकान कुछ समय पहले ही बना हुआ था. उसका नक्शा बार बार उनको अपनी ओर आकर्षित कर रहा था. एक दिन वे गेट खटखटा कर अन्दर दाखिल हुए तो मकान की गृहिणी मिली. उन्होंने गृहिणी से कहा कि उनको मकान बहुत अच्छा लग रहा है, चूँकि वे भी अपना मकान बनवा रहे हैं इसलिए अन्दर की बनावट देखना चाहते हैं. गृहिणी ने बहुत आदर से उनको अपना घर दिखाया. मकान वाकई बड़ा शानदार था. मकान का फर्श-फर्नीचर व डेकोरेशन और भी शानदार था. जोशी जी गौर से सब निहारते रहे, बाद में अपने घर आकर उन्होंने वैसे ही कमरे, रसोई, बाथरूम, लॉबी, बालकनी व गैरेज का खाका बनाया और नक्शानवीस के पास ले गये, नक्शा बन गया, म्युनिसिपैलिटी में पास भी हो गया. ये दीगर बात है कि यहाँ उनको सुविधा शुल्क देना ही पड़ा.

मकान बनाने के लिए ठेकेदार से शर्तें तय हो गयी और करीब दस महीनों में मकान बन कर भी तैयार हो गया. मकान जीवन में अक्सर एक ही बार बन पाता है इसलिए उन्होंने अपनी तरफ से अच्छा बनाने में कोई कोर-कसर नहीं रखी. घर की सजावट में उन्होंने व उनके बेटों ने बढ़िया से बढ़िया मैटीरियल व फर्नीचर की व्यवस्था की, फिर भी उनको लगता रहा कि जिस मकान को देख कर उन्होंने अपना बनाया है वह कई मायनों में इससे बेहतर है.

गृहप्रवेश की सारी तैयारी चल रही थी, बच्चे लोग आ चुके थे. रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र भेजे जा चुके थे. हरिश्चंद्र जोशी के मन में आया कि जिस मकान को देख कर उन्होंने प्रेरणा ली है, उसे भी निमंत्रित करना चाहिए. उनको मकान मालिक का नाम मालूम न था इसलिए बिना नाम लिखे ही वे एक कार्ड लेकर उस घर पर पहुंचे, गेट की घंटी बजाई तो अन्दर से गृहणी बाहर निकली. जोशी जी ने कहा, “मैं मकान मालिक से मिलना चाहता हूँ.”

गृहणी ने उत्तर दिया, “अभी बुलाती हूँ.”

थोड़ी देर में गृहस्वामी जब बाहर आया तो हरिश्चंद्र जोशी उसे देख कर हतप्रभ रह गए. वह और कोई नहीं बल्कि हीरासिंह मीटर रीडर था.
                                     *** 

रविवार, 6 नवंबर 2011

युद्ध-गीत


(राजस्थान के हाड़ोती आँचल की बोली-भाषा में कारगिल युद्ध के समय लिखा गया गीत)

खींचे दुश्मण मायड आँचल
ऊं को हाथ कटानो
       चालो जी सीमा चालो ..३

जाग उठो ए माई के पूतों
यो गंग जमण री माटी छै
कसमा मायड री दूध रा
बीरां री यो थाती छे.
       आज सारा नै हेरा पाड्यो
        सब मिल्क्याने कदम बढ़ो...३
चालो जी सिपाई बढ़ो, कलमा री स्याही बढ़ो
खन्द्का खाई बढ़ो, दारु री दवाई बढ़ो
धोबि र नाई बढ़ो, चलो जी सीमा चलो
        खींचे दुश्मण मायड आँचल ऊं को ...

अमर हमीद री याद नै
फेणु.आज जगानो छै
लाल बहादुर नाम रा
बिगुला वाद्य बजानो छै
       खेत-खेत खलिहानों में
       देश रा पूतो उमड़ पडो...३
चालो जी गोपाल बढ़ो, कबिराकमाल बढ़ो
ताल र बेताल बढ़ो शाल र दुशाल बढ़ो
बाढ र अकाल बढ़ो चालो जी सीमा चालो
       खीचे दुश्मण मायड आँचल ऊं को...

भारत रा इतिहास मा
पाठ और मड जानो छै
जीं धरती पर जनम लियो
ऊं खातिर मर जानो छै.
       आज एक आवाज कर
       दुश्मण पर सब टूट पड़ो ...३
चालो जी बालक बढ़ो, देश रा मालक बढ़ो
मोटरां चालाक बढ़ो, सब्जी र पालक बढ़ो
नगाड़ा ढोलक बढ़ो, चालो जी सीमा चलो
       खीचे दुश्मण मायड आँचल ऊं को...

राणा और शिवाजी री
गाथा आज सुणानी छै
बिखरी बानी नेहरू री
माथे आज लगाणी छे
        आज अहिंसा गाँधी री
        बोल रही तलवार धरो ...३
चालो जी जाकिर बढ़ो, वैद र डाक्टर बढ़ो
कवि र शायर बढ़ो, बातां रा माहिर बढ़ो
बैण! रा खातिर बढ़ो, चालो जी सीमा चलो
        खींचे दुश्मण मायड आँचल ऊं को...

तात्या टोपे कुम्भा बण
जौहर आज बताणों छै
हल्दीघाटी के गौरव नै
फेणु आज जगानो छै.
       प्यास बुझाबा को तलवारो
       दुश्मण का सर कलम करो ...३
चलो जी सिंह बढ़ो, हुकुमसिंह बढ़ो 
दारासिंह बढ़ो, तारासिंह बढ़ो
हीरा हिंग बढ़ो, चलो जी सीमा चलो
       खीचे दुश्मण मायड आँचल ऊं को ..

मर्दों का पोशाका में
जैसे राणी झांसी री
बैण! बेटी चंडी बण
शान बढाओ शौहर री. 
       आज परिच्छा थारी री
       तोपां सों सुहाग भरो...३
चालो जी कमला बढ़ो, राणी विमला बढ़ो
बी बिस्मिल्ला बढ़ो, शशिकला बढ़ो
आला र बला बढ़ो, चलो जी सीमा चलो
       खीचे दुश्मन मायड आँचल ऊं को ...

आज दिखानी दुनिया नै
ताकत अपने हाथां री
मर जाणो या तर जाणो
कसमा अपने माथा री
        शान बढ़ेगी भारत री
        शहीदों में सब नाम करो...३
चलो जी मोबीन बढ़ो, मोहम्मद अमीन बढ़ो
जोजफ मार्टीन बढ़ो, घी तेलां रा टीन बढ़ो
बन्दूका छीन बढ़ो.चलो जी सीमा चलो.
       खीचे दुश्मण मायड आँचल
       ऊं को हाथ कटानो
       चलो जी सीमा चलो.

            ****

मंगलवार, 1 नवंबर 2011

चिट्टी और किट्टी


चिट्टी और किट्टी दो सगी बहिनें हैं. दोनों का जन्म मेरे गौजाजाली के घर के पड़ोस में पपने जी की खाली पडी हुई पुरानी गोशाला में हुआ. भाग्य की विडम्बना देखिये दोनों को बिछुडना पड़ा है. जिस तरह उमराव जान वाली फिल्म में एक सहेली नवाब साहब की बेगम बन गयी, दूसरी नर्तकी, उसी तरह इनका भी इतिहास बन गया है.

हमारे मोहल्ले में दस-पन्द्रह आधुनिक मकान बने हैं, जिनमें लोगों ने टाइट दरवाजों की फिटिंग कराई है. नए डिजायन के इन घरों में न गौरैय्यों के निवास के लिए बाहर की तरफ खोखले कोटर रखे गए हैं और न उनमें बिल्लियों के घुसने के लिए आसान दरवाजे-खिड़कियाँ. कुत्ते अलबत्ता खुद धक्का देकर या पंजे मारकर अन्दर बाहर जाने की कला जानते हैं.

मैं जिन दो बहिनों की सत्यकथा लिख रहा हूँ वे पहले पहले तो अपनी माँ के साथ मोहल्ले में घूमने आने लगी. देखने में चिट्टी बड़ी सुन्दर रुई की गोले की तरह सफ़ेद, पीठ व कानों में काले धब्बे थे, वहीं किट्टी आगे से तो चिट्टी जैसी दिखती थी पर उसका पिछला हिस्सा काली धारियों वाली जंगली बिल्लियों सा था.

प्यार की भाषा तो हर प्राणी समझता है. ये दोनों बच्चे बुलाने पर, पहले पहले तो बहुत डरते थे पर बाद में जब इनको दूध-रोटी की चाट लग गयी तो स्वत: ही म्याऊं-म्याऊं करके पास आने लगे.

मुझसे इनको ज्यादे ही लगाव हो गया था क्योंकि मैं सुबह ६ बजे घर का दरवाजा खोल कर गेट का भी ताला खोला करता हूँ. दरवाजे-गेट के खुलने की आवाज सुनकर ना जाने ये कहाँ से आ टपकते और जब तक प्याली में दूध न दिया जाये ये दोनों पैरों में लिपटकर चिरौरी सी करने लगती थी. दूध चाट कर ये फिर गायब हो जाती थी. ये एक तरह से नित्यक्रम सा हो गया था. मोहल्ले में चर्चा होती थी कि ये कई घरों में यही चरित्र निभाती थी. इनका ठिकाना पास में खड़ी गाड़ियों के नीचे या छत की बाहरी सीढ़ियों के नीचे रहता था.

मेरे साढू भाई गोविन्द भट्ट जी एक बार गाड़ी लेकर जब हल्द्वानी आये तो चर्चा में बिल्ली के बच्चों की बात भी आई. उन्होंने तुरन्त एक बच्चे को ले जाने की इच्छा जताई, पर दिन में तो ये ना जाने कहाँ छुपी रहती थी. मैं सामने भुवन तिवारी जी के घर के पिछवाड़े गन्ने के झुरमुट के पास गया और चुट-चुट आवाज निकल कर बुलाया तो किट्टी झाडियों में से निकल कर आ गई. इस प्रकार भट्ट जी उसे जाली में डाल कर दिल्ली अपने घर ले गए, वहाँ से उन्होंने उसे अपने बेटे महेश भट्ट के पास हरिद्वार पहुँचा दिया. महेश लक्सर-पार्कर पेन की फैक्ट्री में बड़ा मैनेजर/प्रेसीडेंट हैं. अकेले रहते हैं. परिवार कनाडा में व्यवस्थित है. उनके पास फुल टाइम नौकर व गार्ड रहता है. वैसे तो महेश, बाबा नीम करोली के अनन्य भक्त है, पर बिल्ली प्रेमी भी है. किट्टी की खूब खिदमत हुई होगी. खबर मिलती थी कि किट्टी के अंदाज शाही हो गए हैं. मैं उस बीच एक बार दिल्ली गया तो वह भी अपने मालिक के साथ गाड़ी में दिल्ली आई हुई थी. सोफे पर विराजमान थी और बड़े प्यारे अंदाज में मेरे गोद में आ बैठी. कहते है कि बिल्लियाँ अपने मालिक को या खाना देने वालों को जल्दी भूल जाती हैं, पर किट्टी के इस व्यवहार पर मैं कुछ नहीं कह सकता हूँ कि उसने मुझे पहचाना या वह सभी के गोद में बैठने की आदी हो गयी थी. बहरहाल वह राजसी ठाट में थी. हरिद्वार की पवित्र भूमि में महेश भट्ट के साथ सात्विक भोजन का आनंद ले रही थी.

इधर चिट्टी अपने पुराने अंदाज में बाहरी आवासों के सहारे बड़ी होती जा रही थी. उसने पिछली गर्मियों में अपनी शक्ल के दो फूल जैसे शावकों को जन्म दिया, लेकिन किसी बिल्ले ने जल्दी ही जान से मार दिया. तब वह बहुत उदास होकर मेरे द्वार पर आई थी. मैंने उसे दूध रोटी दी पर उसने कोई रूचि नहीं दिखाई. मैं समझ गया कि उसे अपने बच्चे खोने का गंभीर सदमा लगा था. ये मायाजाल ऐसा ही बनाया गया है. कुछ दिनों बाद मगर सब सामान्य हुआ जैसा लगता था.

गत जुलाई में जब मेरा अमेरिका आने का कार्यक्रम बना तो मैं चिट्टी के बारे में सोचता रहा कि सुबह-सुबह वह मेरे द्वार पर आयेगी और मुझे न पाकर उसे एक और सदमा लगेगा. वैसे अब उसके खाने पीने के बारे में ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं थी क्योंकि वह अपने लिए शिकार खुद करने लगी थी. उससे मेरा एक बंधन सा हो गया था.

समय अपनी गति से भागता ही है. जिस तरह रेल में बैठ कर हमको अगल-बगल दृश्य, पेड़-पौधे, आदि पीछे को भागते हुए दीखते हैं, और सच्चाई यही रहती है कि हम भागते होते हैं, उसी तरह समय तो अपनी जगह ठहरा है और हम ही आगे भागे जा रहे हैं. बहरहाल जो भी भाग रहा हो समय दूर छूटा जा रहा है.

अम्रेरिका में मुझे फेसबुक पर अपने तमाम पुराने परिचित मिल गए. ये ऐसा सोशल नेटवर्क है जो पहले सिर्फ स्टूडेंट्स के मतलब के लिए एक २० वर्षीय छात्र जकरबर्ग ने शुरू किया था पर अब विश्वव्यापी संगठन सा बन गया है. तमाम भूले बिसरे मित्रों को सन्देश, फोटो, व वर्तमान में दिन-प्रतिदिन हो रही घटनाओं-यात्राओं तथा व्यक्तिगत उपलब्धियों की जानकारी दे रहा है. अनेक कवियों की कल्पनाएँ, अद्वितीय स्थानों के चित्र, ये सब नया अनुभव है. इस विधा से अभी वे लोग महरूम है जिनके पास कंप्यूटर+नेटवर्क कनेक्शन नहीं है. खुशी इस बात की है कि लोगों में इस दिशा में जागृति आई है और अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ते जा रहे है.

पिछले महीने के प्रारम्भ में अपने-अपने फेस बुक पर मेरे दो मित्रों ने (जिनमें आपसी संबाद नहीं है) अलग-अलग जगहों से दो बिल्लियों के उनके बच्चों के साथ फोटो चित्र डाले. एक हरिद्वार से महेश भट्ट द्वारा अपनी बिल्ली किट्टी का और दूसरा हल्द्वानी से मेरे भान्जे प्रकाश (जो मेरे मोहल्ले के वासी है) द्वारा किट्टी का. ये विचित्र संयोग था जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी.

मैं खुशी से झूम उठा कि किट्टी व चिट्टी अपने-अपने तीन-तीन ‘पोथीलों’ के साथ इंटरनेट पर विराजमान हैं.
                                        ***

सोमवार, 31 अक्टूबर 2011

तब्बू


मुनारगढ़ नवाब तसद्दुक हुसैन का बचपन का नाम तब्बू था. अकबर की ही तरह उनको भी १६ साल की उम्र में गद्दी पर बैठना पड़ा क्योंकि उनके वालिद बीमारी के कारण जल्दी ही दुनिया छोड़ कर चले गए थे.

उनकी रियासत में सब तरफ अमन चैन था. उनके पास वजीरों की एक अच्छी टीम थी, इसलिए शासन व्यवस्था चुस्त-दुरस्त थी. वे सैर सपाटे, और मौज मस्ती करने के बहुत शौक़ीन थे. जिस तरह से बहिन मायावती आज कांशीराम के ताबूत खड़े कर रही है, उसी तरह उन्होंने भी अपने अब्बा हुजूर के दर्जनों ताबूत खास-खास मुकामों पर लगवाए. वे उनको याद कर के अक्सर खिरादे अकीकद (श्रद्धांजलि) पेश किया करते थे. उन्होंने लंबे समय तक गद्दी सम्हाल कर रखी थी.

अधेड़ उम्र में जब वे एक बार हमेशा की ही तरह लाव-लश्कर के साथ हाथी की सवारी में घूमने निकले तो रास्ते में एक गरीब, फटेहाल, बूढ़े आदमी ने उनको देखा तो वह चिल्ला कर उनको आवाज देने लगा, “ओ तब्बू.”

नवाब तक उसकी आवाज नहीं पहुँची क्योंकि नवाब तब अपनी बेगम के साथ बातों में व्यस्त थे. जब उसने तीन चार बार पुकारा तो साथ में चल रहे दरोगा को बड़ा बुरा लगा. कि कोई सड़क-छाप इस तरह हुजूर को आवाज दे रहा था. अत: उसने सिपाहियों से कहा कि उसे पकड़ कर ले जाये और अगले दिन हाजिर करे, ताकि कोई सजा सुनाई जा सके. सिपाहियों ने देर नहीं की और बूढ़े आदमी को हिरासत में ले लिया.

अगले दिन उसे नव्वाब साहब के सामने हाजिर किया गया और इल्जाम सुनाया कि वह हुजूर की शान में गुस्ताखी कर रहा था, ‘तब्बू’ नाम लेकर आवाज दे रहा था.

ये सुन कर नवाब के आँखों में आंसू छलक आये और वे गद्दी से उठ कर उस बूढ़े आदमी के पास जाकर उसके गले लग गए. सारे दरबारी लोग इस दृश्य को देखकर हैरान थे.

नवाब ने उस बूढ़े आदमी को बहुत इज्जत से बैठाया और कहा, “ये बाबा तो मेरे अब्बू के दौर का आदमी है, इनको मेरे बचपन का नाम याद है. मैं बहुत किस्मत वाला हूँ कि मुझे अपने एक बुजुर्ग से मिलने का सौभाग्य मिल रहा है".

नवाब ने उस बूढ़े को बहुत सी दौलत दे कर सम्मान दिया और कहा कि वह जब चाहे आकर उनसे मिल सकता है.
                                    ***.

रविवार, 30 अक्टूबर 2011

विवाह


विवाह एक सामाजिक बंधन है, समझौता है, मर्यादा है और सनातन धर्म के अनुसार एक आवश्यक संस्कार व अनुष्ठान है. सँसार के कई अन्य समाजों में भी विवाह नामक संस्था को पूरी सामाजिक मान्यता दी गयी है. ये मर्यादा की व्यवस्था ही मनुष्य को अन्य जानवरों से अलग करती है.

ऐतिहासिक परिपेक्ष में ये विवाह नाम की संस्था का उदय सभ्यता के विकास के साथ ही हुआ और विश्व के अलग-अलग भागों में अपने अपने ढंग से इसकी मान्यताएं स्थापित होती चली गयी. प्रागैतिहासिक काल में मनुष्य जंगली जानवरों की तरह जीवन यापन करता था इसलिए उस समय इसकी कल्पना करना कोई मायने नहीं रखता है. पर पौराणिक काल में हमारे ग्रंथों के अनुसार, विवाह एक धारणा बन चुकी थी और उसके कई प्रकार भी थे. प्रमुखतया गंधर्व विवाह, देव विवाह, ब्रह्म विवाह, आर्श विवाह, प्रजापत्य विवाह, राक्षसी विवाह, असुर विवाह तथा पिचास विवाह. ये सब देश काल या परिस्थिति पर निर्भर रहे होंगे. इन्ही का परिष्कृत या विकृत रूप आज भी हम अपना रहे हैं, यानि, एक अरेन्ज्ड मैरेज है तो एक लव मैरेज, कहीं जबरदस्ती है तो कहीं मजबूरी.

हमारे वर्तमान समाज में अरेन्ज्ड मैरेज अर्थात दोनों पक्षों की राजी खुशी से किया गया विवाह उत्तम माना जाता है. ये केवल दो व्यक्तियों का सम्बन्ध ही न होकर, दो परिवारों को जोड़ने वाला सम्बन्ध है. अग्नि, जो आदि-देव है, को साक्षी मान कर तन, मन व आत्मा के जन्म जन्मांतरण के एकीकरण स्वरुप माना जाता है. लव मैरेज चाहे घर-परिवार वालों की सहमति से किया गया हो या घर से भाग कर किसी मंदिर या अदालत की शरण में जाकर किया गया हो, अच्छा हो सकता है पर समाज की रूढियां इनको अभी भी भृकुटि तान कर ही देखती हैं.

आज इक्कीसवीं सदी में संचार क्रान्ति के बाद ये दुनिया सिकुड़ कर बहुत छोटी हो गयी है. स्त्री-पुरुष अपने सामाजिक मान्यताओं से ऊपर उठ कर अंतर्जातीय व अंतर्धार्मिक विवाह करने लगे हैं. ये जाति व धर्म की दीवारें रूढियों के रूप में विकसित हुई हैं, जहाँ कट्टरपंथियों ने अनेक प्रकार से बंधन लगाये हुए हैं, पर अब ये धीरे धीरे टूट रहे हैं.

रूस में स्टेलिन के जमाने में स्त्रियों व बच्चों का राष्ट्रीयकरण करके कम्युनिस्ट शासन में नया प्रयोग किया था, जो पूरी तरह असफल हुआ और पुन: पारंपरिक ढाँचे में ही लौटना पड़ा. यूरोप में नार्वे-स्वीडन जैसे देशों में आज वर्जनाहीन समाज है. जहाँ अब विवाह नाम की संस्था की कोई परवाह नहीं करता है क्योंकि वहाँ की संस्कृति बिलकुल भिन्न है. हमारे देश में भी बड़े शहरों में ‘लिव-इन’ यानि बिना शादी के पति-पत्नी के रूप में रहने वालों को अब कोई रोक टोक नहीं करता है.

लेखक इनकी सार्थकता व औचित्य के विवाद में नहीं पढ़ना चाहता है लेकिन जो कन्यादान वाली वैदिक रीति है उसकी दुनिया में कहीं भी शानी नहीं है. ये त्याग, समर्पण व प्रेम की पराकाष्ठा की आत्मीय व्यवस्था है. इसलिए अनेक अन्य धर्मावलंबी भी इसे स्वीकार करने को लालायित रहते हैं. ये एक बृहद विषय है क्योंकि पुरुष प्रधान समाज व स्त्री प्रधान समाजों की अलग अलग ढंगों से सोच विकसित हुई है. कुल मिलाकर स्वस्थ व सुखी गृहस्थ जीवन के लिए एक मर्यादा रेखा का होना आवश्यक है. पाश्चात्य देशों में मर्यादा रेखा कमजोर होने के कारण ही तलाक या विवाह विग्रह बहुत आम है. वहाँ रिश्तों की पवित्रता जैसी कोई धारणा मालूम नहीं पड़ती है.

अभी हाल में राजस्थान हाईकोर्ट  ने एक आदेश में आर्य समाज मंदिर में जाकर जो लड़के-लडकियां माता-पिता या समाज से छुपकर जयमाला डालकर विवाहित होना चाहते हैं उनके लिए अब परिजनों की सहमति /उपस्थिति  आवश्यक कर दी गयी है. इससे अनेक परिवार बच्चों से बिछुड़ने या बिखरने से बच सकेंगे.

किसी भी विषय में मत भिन्नता या अपवाद होना स्वाभाविक है इसलिए इस सामाजिक विषय में ‘चूँकि, चुनाचे, पर’ बहुत से है. परस्पर बिरोधी कारणों से वैवाहिक सम्बन्ध टूटने, पुनर्विवाह, और विधवा विवाह जैसे अनेक मुद्दे समाजशास्त्रियों के लिए विश्लेषण तथा मार्ग दर्शन करने के लिए हैं. बदलते समय के अनुसार हर विचार व व्यवस्था के मायने भी बदलते रहते हैं लेकिन सबका लक्ष यही है आदर्श सुखी जीवन, जिससे आदर्श सुखी समाज बनता है, और समाज से राष्ट्र.
                                     ***