मंगलवार, 15 नवंबर 2011

मेरे जीवन का टर्निग पॉइंट

आजादी के बाद नई दिल्ली में नौकरियों की अपार संभावनाएं बनी तो सब तरफ से नौजवान खींचे चले आये. तब दिल्ली इतनी बड़ी नहीं थी. मैं भी १९५६ में इंटरमीडियेट पास करने के बाद अपने एक निकट रिश्तेदार के प्रयास से दिल्ली यूनिवर्सिटी के पटेल चेस्ट इंस्टिट्यूट में मेडिकल लैबोरेटरी टैक्नोलाजी की ट्रेनिंग+जॉब में लग गया.

ये हमारे देश का एक संक्रमण काल था, अनेक विधाओं में नए प्रयोग किये जा रहे थे तथा नए-नए विभाग खोले जा रहे थे. मुझे नौकरी के भविष्य व संभावनाओं के बारे में ज्ञान ना के बराबर था. पटेल चेस्ट इंस्टीट्यूट में असिस्टंट डाइरेक्टर कर्नल A.J.H. Demonte जो एक एन्ग्लो इन्डियन थे और शक्ल सूरत में ब्रिटिश प्रधानमन्त्री चर्चिल से मेल खाते थे, उनके पीछे लोग उनको चर्चिल साहब ही कहा करते थे. वे खुद बैक्टीरियोलोजिस्ट थे. उन्होंने लैब टैक्नोलाजी में क्लिनिकल पैथोलाजी, बैक्टीरियोलाजी, बायोकैमिस्ट्री, सीरोलोजी, हिस्टोपैथोलोजी जैसे विषयों में हमको ट्रेनिंग देकर मल्टीपरपज साइंटिस्ट बनाने का सपना देखा था. चूँकि वह एक रिसर्च इंस्टिट्यूट था इसलिए वेतन मात्र ९० रूपये प्रतिमाह मिलता था. यह १९५७-५८ की बात है. बाद में सभी लड़के एक एक करके वहाँ से छोड कर बड़ी तन्खाहों में चले गए. मैं भी दिल्ली म्युनिसिपल कारपोरेशन के कालका जी स्थित हॉस्पिटल में चला गया. नौकरी के लिहाज से ये एक लूप लाइन थी, जिसका अहसास मुझे बहुत बाद में हुआ. ये भी था कि जितनी बड़ी ट्रेनिंग पाई थी उसका मात्र १०% यथार्थ में क्लीनिकल लैबोरटरी में करने को मिला.

पटेल चेस्ट में जिन लड़कों के साथ मेरा डेरा था वे सब पढ़ाकू थे और अपना कैरियर बेहतर बनाने के लिए नाईट कॉलेज ज्वाइन किये हुए थे. उनके सोहबत में मैंने भी आगे पढाई का रुख किया. शक्तिनगर (पुरानी सब्जीमंडी के पास) में प्रो० कुलानन्द भारतीय जी की एक कोचिंग एकैडेमी थी वहाँ एड्मीसन लेकर मैंने पंजाब यूनिवर्सिटी से हिन्दी साहित्य की आनर्स (प्रभाकर) परिक्षा पास की. (प्रो० भारतीय बाद में निगम पार्षद व दिल्ली को अलग राज्य का दर्जा मिलने पर मिनिस्टर भी रहे.) मैंने उसके बाद इंग्लिस लिटरेचर में ग्रेजुयेशन कोर्स में दाखिला लिया. मेरी अंग्रेजी बहुत कमजोर थी. कुमाऊं के स्कूलों में तब अंग्रेजी की बड़ी दुर्दशा थी. लड़के अंग्रेजी के कारण दसवीं पास नहीं कर पाते थे. प्रो० कुलानन्द जी स्वयं कुमाउनी थे. उन्होंने मेरे बारे में व्यक्तिगत रूचि लेकर सिलेबस बना कर पढ़ने का रास्ता सुझाया. मुझे आदेश दिया कि मैं रोज अंग्रेजी अखबार का एक पूरा पन्ना पढूं. उसमें जो कठिन शब्द हों उनको कापी में लिख कर डिक्शनरी से अर्थ भी मालूम करूँ. इससे मेरा शब्द ज्ञान (वाकेबुलरी) तो बहुत बढ़ गया पर ग्रामर में ज्यादा सुधार नहीं हुआ.

अंग्रेज़ी अखबार पढ़ने का जो आदेश था वह मेरी जिंदगी का ‘टर्निग पॉइंट’ बना. मैं अंग्रेजी अखबार हिन्दुस्तान टाइम्स नियमित पढ़ने लगा था. उसी में रिक्तियों के कालम भी देखता रहता था. ७ अप्रेल १९६० को ए.सी.सी. का विज्ञापन देखकर मैंने आवेदन पत्र भेज दिया. फलस्वरूप नियुक्ति पा गया.

मेरी नियुक्ति राजस्थान के जिला बूंदी में लाखेरी स्थित कारखाने के अस्पताल में हो गयी. ये आवेदन तो मैंने शौकिया तौर पर भेजा था. कम्पनी ने हर बार आने जाने का किराया भी दिया. मैं अपने कल्पनाओं में रेगिस्तान का नक्शा बना कर चला था अत: रेगिस्तान देखना ही मेरी प्राथमिकता थी. लेकिन जब मैंने लाखेरी को देखा तो बहुत अच्छा लगा. यहाँ कोई रेगिस्तान नहीं था, बल्कि नखलिस्तान था, जहाँ पर बड़े बड़े पेड़, हरियाली, सुन्दर कॉलोनी, क्लब-लाइब्रेरी, स्टेडियम, तीन तरफ अरावली पर्वत माला की उपत्यकाएं, जिग-जिग डैम, कंटोनमेंट की तरह साफ़ सुथरी सड़कें व बढ़िया हॉस्पिटल था. हॉस्पिटल में तब लगभग ४० कर्मचारी थे. मुझे लाखेरी भा गया और मैं यहीं का हो कर रह गया.

तब मैं अविवाहित था. ६ माह बाद नौकरी पर कन्फर्म होने पर मेरी शादी हुई. तीनों बच्चे मेरे ही अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में पैदा हुए. लाखेरी में बड़े हुए. यहीं हायर सेकेंडरी तक पढ़ कर आगे गए. तीनों के विवाहोत्सव यहीं हुए. बहुत सी खट्टी-मीठी यादें हैं. बीच में चार साल के लिए मई १९७० से अप्रेल १९७४ तक मुझे कर्नाटक के गुलबर्गा जिले में शाहबाद स्थानांतरित किया गया था वह अलग कहानी है.

लाखेरी मेरी कर्म भूमि रही. लाखेरी का हर व्यक्ति मुझे अपना सा लगता है. मैं इस कारखाने की खुशहाली की हमेशा कामना करता हूँ.
***    

सोमवार, 14 नवंबर 2011

सरयू की गोद में


चीड की लकडियों से बनी चिता धू-धू कर जल रही थी. देवदत्त अपलक उन लपटों को देख रहा था मुर्दिये इधर-उधर समूहों में बैठ कर बतिया रहे थे. देवदत्त के मन-मस्तिस्क में पिता के साथ बिताये दिनों की समस्त यादें सिनेमा की रील की तरह घूम रही थी. रह-रह कर गला भर आता था और आँखों में पानी छलछला कर बाहर आ रहा था.

काशी के मणिकर्णिका घाट की तरह ही यह बागेश्वर का बागनाथ संगम घाट वैकुण्ठ धाम का द्वार समझा जाता है. उत्तराखंड की पहाडियों के बीच यह गहरी घाटी सरयू व छोटी गोमती का संगम स्थल है. पिण्डारी ग्लेशियर से निकल कर आने वाली इस सरयू का जल विशुद्ध गंगा-जल के ही समान रहता है. अनादि काल से लाखों करोड़ों लोगों को इस घाट पर सदगति मिलती आई है. आज देवदत्त के लिए अत्यंत विषादपूर्ण दिन था. उसके जनक, गुरू, अत्यंत स्नेहिल पिता की अंतेष्टि हो रही थी. वह अपने पिता से भावनात्मक रूप से भी बहुत गहरे तक जुड़ा हुआ था अत: वैराग्य भाव से पूरी तरह ग्रस्त हो रहा था.

यह बागनाथ घाट उसके लिए कुछ अति विशिष्ठ भी था. अबोध उम्र में देवदत्त ने अपने पूर्व जन्म की स्मृतियों को उजागर करके अपने माता-पिता को ही नहीं, बल्कि सारे इलाके को उत्कंठा व आश्चर्य में डुबो दिया था. नन्हा देवदत्त जब बोलने लायक हुआ तब वह अपने पूर्व जन्म की अनेक बातें बताने लगा. बागेश्वर स्थित बागनाथ मंदिर जाने की जिद करने लगा. उसका कहना था कि वह पुजारी परिवार का सदस्य था और भादों की संक्रांति पर्व पर सूर्यकुंड से तुम्बी बाँध कर अन्य तैराकों के साथ सरयू में कूदा था पर उसे सरयू ने अपने गोद में समा लिया था.

बहुत दिनों तक घर वाले इस बात को छुपाते रहे, लेकिन बात फ़ैल ही गयी. बालक देवदत्त एक दिव्य आत्मा की तरह समझा जाने लगा. एक नए वातावरण का घेरा उसकी इर्द गिर्द बन गया. उसका जन्मस्थान गौरीधाम, बागेश्वर मात्र १५ किलोमीटर दूर था और ये समाचार जल्दी ही पुजारी परिवार तक पहुँच गया. चूँकि उनके परिवार के एक जवान लड़के के साथ कुछ वर्ष पूर्व ऐसी दुर्धटना हो चुकी थी, इसलिए इस विवरण पर अविश्वास जैसी कोई बात पैदा ही नहीं हुई. उत्सुकता, खुशी और मिलन बहुत आत्मीय था.

देवदत्त दो परिवारों से जुड़ गया लेकिन उसके वर्तमान जैविक पिता उसे बांटने के लिए ज्यादा उत्साहित नहीं रहे. उन्होंने उसे अपने ही रंग में ढालने के लिए तमाम खुशियाँ उपलब्ध रखी. जैसा कि म्रत्यु एक शास्वत सत्य है, एक दिन अल्पकालिक बीमारी से देवदत्त के पिता ने अपनी देह त्याग दी.

भादों मास की संक्रांति के दिन जब सरयू और गोमती दोनों ही उफान पर होती हैं तो परम्परागत रूप से दु:साहसी तैराक लगभग ढाई किलोमीटर उत्तर में सूरजकुंड से नदी में कूद पड़ते है. दर्शकों की भारी भीड़ संगम पर रोमांचित व उल्लासित होकर इनका स्वागत करती है. बरसात की अपार, दुर्गम, मटमैली जलराशि के थपेडों में नौजवान लडके कमर में चार-चार तुम्बी बांध कर ‘लाइफ-सेविंग जैकेट’ की तरह ही इस्तेमाल करते है. अक्सर सभी लोग नगर वासियों का अभिनन्दन लेते हैं पर कभी-कभी हरि इच्छा कुछ और होती है, ऐसे भी नौजवान थे जो कभी नहीं लौट सके. हमारा नायक देवदत्त जिसका पिछले जन्म में सुदर्शन नाम था, मात्र २१ वर्ष की अल्पायु में सरयू की भेंट चढ़ गया था.

आज फिर भादो मास का ही एक उजला दिन था, सरयू और गोमती दोनों अपने यौवन पर इठला कर अथाह जल राशि लेते हुए सागर की तरफ दौड़ रही हैं. देवदत्त पूरी तरह शोकमग्न और हिप्नोटाइज सा हो रहा था. संगम की सीढ़ियों पर बैठा वह मानो लहरों में सैर कर रहा हो.

“कपाल क्रिया कराओ,” किसी ने पीछे से कहा. सारे मुर्दिये खड़े हो गए और कपालक्रिया का घी चिता में डलते-डलते नदी का जलस्तर एकदम बढ़ गया, बाढ आ गयी.

“पीछे हो जाओ-पीछे हो जाओ,” लोग चिल्ला रहे थे. जलस्तर चिता को बुझाते हुए उसके अवशेषों तक को बहाता हुआ ऊपर की सीढ़ी तक आ गया.

अचानक एक छपाक की आवाज आई. देवदत्त नदी में कूद गया था. फिर बह कर अदृश्य हो गया. सारे लोग विस्मय पूर्वक देखते रह गए. बचाने का मौक़ा ही नहीं था.

बार बार सरयू द्वारा उसको अपनी गोद में ले लेना, यही शायद उसकी नियति थी. सारे लोग शोकमग्न, ठगे से रह गए.
                                     *** 

रविवार, 13 नवंबर 2011

अम्ल-पित्त: एक अनुभूत योग


इन पंक्तियों का लेखक भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद का डिग्रीधारी स्नातक है. आयुर्वेद विशारद व आयुर्वेद रत्न की परीक्षाएं क्रमश: १९६५ व १९६७ उतीर्ण करने के बाद इन्डियन मैडीसिन बोर्ड राजस्थान द्वारा पंजीकृत चिकित्सक है.

विश्व में अलग-अलग देशों-महाद्वीपों में अपने अपने ढंग से चिकित्सा पद्धतियाँ विकसित होती रही हैं. यद्यपि एलोपैथी को आज विश्व भर में एक वैज्ञानिक पद्धति के रूप में मान्यता है पर देशी चिकित्सा पद्धतियाँ भी लंबे अनुभव व प्रयोगों के बाद विश्वसनीय हुई हैं. आयुर्वेद को तो पांचवा वेद कहा जाता है. वर्तमान काल में इन पद्धति में भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खोज व पड़ताल की जा रही है.

इन सब से परे, कुछ नुस्खे ऐसे भी हैं जो किताबों में नहीं मिलेंगे, पर टोटकों की तरह काम कर जाते हैं. मैं अपनी एक आप बीती अपने पाठकों तक पहुंचाना चाहता हूँ.

मैं जब लगभग ३० वर्ष का था तो मुझे ‘हाइपर एसिडिटी’ यानि अम्ल-पित्त की शिकायत रहने लगी थी. ज्यादा धूप, सेवन, रात्रि जागरण तथा तला हुआ भोजन, अचार-खटाई, या गरिष्ट मसालेदार तीखा भोजन अम्ल-पित्त के दायक हैं. आमाशय-भोजन नली में जलन तथा इसके उग्र होने पर उल्टी व सर दर्द जैसी तकलीफ होने लगती है. चूँकि मैं दवाओं के नजदीक रहता था इसलिए ईनो, नीबू-सोडा, ठंडा दूध के साथ एंटएसिड, एसीलौग, रिनाटीडीन जैसी एलोपैथिक दवाएं अथवा आयुर्वेदिक दवा अविपत्तिकर चूर्ण, शतावरी मंडूर, शंखादि चूर्ण, यवक्षार आदि का लाक्षणिक प्रयोग, उपलब्धि के अनुसार करता रहता था.

बीमारी में ईलाज से ज्यादा परहेज काम करता है. इसलिए जिन कारणों से अम्लपित्त उछलता है, मैं उससे बचने का उपाय नियमित करता था और ये नित्यक्रम था क्योंकि मुझे ज्ञान था कि अम्लपित्त से पेप्टिक अल्सर या डीयूडेनल अल्सर होने का ख़तरा रहता है. समय समय पर पेट का शंख साफ़ रखने से भी पित्त की मात्रा कम हो जाती है. दरअसल अम्ल-पित्त का कारण आमाशय की दीवारों में संचित हाइड्रोक्लोरिक एसिड व पेप्सिन नामक एंजाइम का जरूरत से ज्यादा स्राव होना है.

मुझे मालूम है कि एक बहुत बड़ी जनसंख्या इस रोग से पीड़ित है और इसी तरह ईलाज करके रोग को दबाते रहते हैं.
मेरी पूज्य माताश्री ८७ वर्ष की पूरी उम्र जी कर सन १९९७ में प्राकृतिक मृत्यु पाकर इस लोक से विदा हो कर गयी. जेष्ठ पुत्र होने के नाते मैंने उनका क्रियाकर्म कुमायूँ के पारम्परिक विधि-विधान से किया. सूतक काल के लिए आप्त-वचन भी है कि पिता की मृत्यु की दशा में दही का सेवन वर्जित है तथा माता की मृत्यु की दशा में दूध का सेवन वर्जित है. मैंने भी इस नियम का श्रद्धा पूर्वक पीपल पानी (१२ दिनों) तक पालन किया. मैं बिना दूध की काली चाय पीता रहा. चूँकि माताश्री बसंत पंचमी को स्वर्ग सिधारी थी और शांतिपुरी (पन्तनगर के निकट) बहुत कोहरा व ठण्ड का प्रकोप था, इसलिए चाय में काली मिर्च का प्रयोग जम कर होता रहा था. वैसे भी पहाड़ी जनपदों के लोग काली मिर्च का ज्यादा ही प्रयोग करते हैं.

अब इसको किस रूप में लिया जाये, माँ का आशीर्वाद या काली मिर्च का चमत्कार, कि मेरी हाइपर एसीडिटी एकदम छूमंतर हो गयी. जैसे कि कभी थी ही नहीं. अम्ल-पित्त के डर से मैं जिन परहेजों का पालन करता था अब बिलकुल भूल गया हूँ. मुझसे अम्लपित्त के लिए सलाह चाहने वालों को मैं ये अनुभूत योग बताता रहता हूँ. साथ में ये कहना नहीं भूलता हूँ कि पहले अरंडी के तेल से पेट साफ़ करना ना भूलें.
                                         ***  

शनिवार, 12 नवंबर 2011

टेलीपैथी


अब प्लास्टिक करेन्सी का जमाना आ गया है. धीरे-धीरे कागज़ की करेन्सी भी गायब हो जायेगी. आज से १५० वर्ष पूर्व कागज़ की करेन्सी प्रचालन में नहीं आई थी. रकम का लेन देन सोने, चांदी, पीतल या ताम्बे के सिक्कों में होता था.

एक साहूकार गाँवों से अपनी उगाही करके सिक्कों की भारी भरकम पोटली लेकर अपने कस्बे की तरफ पैदल ही आ रहा था. बोझ से बहुत परेशानी हो रही थी पर लक्ष्मी को फैंका भी नहीं जा सकता था. उसी रास्ते में पीछे से एक घुड़सवार चला आ रहा था. नजदीक आने पर साहूकार ने घुड़सवार को रोक कर पोटली कस्बे तक पहुँचाने का निवेदन किया, पर घुड़सवार था कि अपनी आन की तौहीन समझ कर बिना कुछ बोले आगे निकल गया. कुछ दूर आगे निकल जाने के बाद उसके मन में आया कि साहूकार की पोटली लेकर हजम कर लेता तो मजा आ जाता. अत: उसने घोड़े का रुख मोड़ा और साहूकार की तरफ वापस आया.

उधर साहूकार को अपनी बात पर खुद बड़ा अफ़सोस हो रहा था कि अगर घुड़सवार उसकी पोटली लेकर गायब हो जाता तो बड़ा नुकसान हो जाता.

घुड़सवार ने आकर साहूकार से कहा, “लाइए, मैं आपकी पोटली आपके ठिकाने तक पहुँचा दूंगा.”

साहूकार बोला, “अब मेरे विचार बदल गए हैं. खुद ही इसे ले जाऊंगा.”

घुड़सवार उत्कंठित होकर बोला, “क्यों, क्या हो गया?”

साहूकार ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया, “ये तू जाने या मैं जानू.”
                                  ***

गुरुवार, 10 नवंबर 2011

चुहुल- ८


हकीम इकबाल अहमद का कद ४ फुट से कम था इसलिए बचपन से ही वह साथियों व मोहल्ले वालों के फब्तियों के शिकार होते रहे. इससे एक तरह का इन्फीरियोरिटी काम्प्लेक्स उनको रहता था. लेकिन वे थे बड़े अध्ययनशील आदमी, उन्होंने हिकमत की सारी किताबे छान मारी और एक दिन उनको आदमी का कद बढ़ाने वाली दवा का सूत्र मिल गया. बस, फिर क्या था, उन्होंने उस माजून के फार्मूले से एक बोतल भर कर गोलियां बना डाली.

परीक्षण के लिए उन्होंने तुरन्त एक गोली खाई, जिसका चमत्कारिक असर हुआ उनकी लम्बाई एक सेंटीमीटर बढ़ गयी. उत्साहित होकर उन्होंने कुछ और गोलियाँ खाई तो सचमुच लम्बाई बढ़ती गयी. वे अति उत्साहित हो गए. धीरे-धीरे बोतल की सारी गोलियाँ खुद ही निगल गए. दवा तो दवा है, ओवर डोज हो गयी और लम्बाई के साथ-साथ खुद लंबे हो गए.

लोगों ने देखा हकीम साहब इंतकाल फरमा गए हैं तो रस्मों के अनुसार कब्रिस्तान में दफ़न कर आये. दवा का असर वहां भी जारी रहा. मुर्दा लंबा होता रहा.

अगली सुबह कब्रिस्तान के चौकीदार ने देखा कि कब्रिस्तान के दूसरे मुर्दे उठ उठ कर भाग रहे हैं, तो उसने उनको आवाज दी, “भाईयो इस तरह मत जाओ, मेरी नौकरी चली जायेगी.”

मुर्दे बोले, “माफ करना, जब से हकीम साहब अन्दर आये हैं, हमारे कब्रों में हाथ घुसेड कर गुलगुली मचा रहे हैं. हम गुलगुली सहन नहीं कर सकते इसलिए जगह छोड़ कर जा रहे हैं.”
                                           **
                                            (२)
एक ग्रामीण महिला भारी बोरा उठा कर बस में चढ गयी और बोरे को सीट के नीचे सरकाने लगी तो कंडक्टर ने कहा, “बहन जी इतना बड़ा बोरा ले कर जा रही हो इसका पूरा टिकट लगेगा.”

महिला चिरौरी करने लगी पर कंडक्टर पूरा किराया लेने पर अड़ गया.

महिला ने बोरा ऊपर खींचते हुए खोल डाला और बोली, “मुन्ने के बापू, जब ये पूरा किराया ले रहा हैं तो बोरे में घुस कर क्यों जाते हो, ऊपर सीट पर आ जाओ.”
                                             **
                                                                                            (3)
एक नव विवाहित जोड़ा रेल में सफर कर रहा था. आजकल के लड़के लड़कियों को सिनेमा ने ज्यादा ही बेशरम बना दिया है. वह लड़का सरेआम अपनी पत्नी को बात बात में चूम रहा था. एक बुजुर्गवार ने पूछ ही लिया, “बेटा तुम बार बार ये हरकत क्यों कर रहे हो?”

लड़का शरारतन बोला, “ताऊ, मैं डाक्टर हूँ और ‘किसिंग थेरेपी’ (चुम्बन द्वारा ईलाज) का स्पेशलिस्ट हूँ. मैं इस लडकी का ईलाज कर रहा हूँ.”

ताऊ ने पूछा, “तो डाक्टर साब आप चुम्बन से सभी बीमारियों का इलाज का लेते हो?”

लड़का बोला “बेशक.”

ताऊ भोलेपन से बोला, “तब तो बेटा मेरे ‘पाइल्स’ का ईलाज भी तुमको ही करना पडेगा.”
                                            **
                                             (४)
गाँव के स्कूल में एक चटोरे मास्टर जी आ गये. अपने लिए बच्चों से आये दिन खीर मंगवाने लगे. बच्चे भी खुश हो कर घर से लाने लगे. एक दिन एक गरीब लड़के को उन्होंने खीर लाने को कह दिया, जिसके घर पर न दूध था और ना चावल. उसकी विधवा माँ ने इधर-उधर से मांग कर जैसी भी बन सकी बिना शक्कर के खीर बना कर एक डिब्बे में डाल कर भिजवाया. मास्टर जी ने जब खीर चखी तो वह बिलकुल बेस्वाद थी. उन्होंने डिब्बा सहित खीर गटर में डाल दी.

बच्चा रोने लगा. मास्टर जी ने मुँह बिगाड़ते हुए कहा, “एक तो इतनी रद्दी खीर लाया, अब रोता क्यों है?

“माँ मारेगी,” बच्चा बोला.

“क्यों मारेगी?” मास्टर जी ने आगे पूछा.

बच्चा रुआँसे स्वर में बोला, “आपने हमारे लैट्रिन वाले डब्बे को गटर में फेंक दिया है.”
                                               **
                                                (५)
एक वनिक आत्मा जब यमराज जी के आफिस में लाई गयी तो उन्होंने चित्र गुप्त से कहा कि उसका रिकार्ड देख कर बताएं कि स्वर्ग या नरक किसमे हकदारी बनाती है.

इस पर वह आत्मा बोली, “यमराज जी, मैं न तो स्वर्ग में जाना चाहता हू ना नरक में, आप मुझे दोनों कॉलोनियों के गेट के बीच में एक दस बाई दस फुट की जगह दे दीजिए. मैं वहीं पर अपनी दूकान लगा कर दोनों तरफ के ग्राहकों को सम्हाल लूंगा.”
                                              ***